1. Hindi News
  2. विदेश
  3. एशिया
  4. वियतनाम में चक्रवात Bualoi ने मचाई तबाही, कम से कम 12 लोगों की हुई मौत; जानें कैसे हैं हालात

वियतनाम में चक्रवात Bualoi ने मचाई तबाही, कम से कम 12 लोगों की हुई मौत; जानें कैसे हैं हालात

 Published : Sep 29, 2025 04:15 pm IST,  Updated : Sep 29, 2025 04:16 pm IST

वियतनाम में में बुआलोई तूफान ने भयानक तबाही मचाई है। तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश के साथ कई इलाकों में भारी नुकसान हुआ है। सड़कें पानी में डूब गईं, घर ढह गए और बिजली गुल होने से लाखों लोग प्रभावित हुए हैं।

Vietnam Typhoon Bualoi- India TV Hindi
Vietnam Typhoon Bualoi Image Source : AP

हनोई: चक्रवात 'बुआलोई' से हुई भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण मध्य वियतनाम में सड़कें जलमग्न हो गईं, छतें उड़ गईं और कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई। सरकारी मीडिया की खबरों में तूफान को लेकर जानकारी दी गई है। चक्रवात कमजोर होकर तूफान के रूप में सोमवार को लाओस की ओर बढ़ गया है। चक्रवात से भारी तबाही हुई, जिसने मकानों, स्कूलों और बिजली के खंभों को क्षतिग्रस्त कर दिया, कई अस्थायी पुल बह गए और कई प्रान्तों में सड़कें एवं निचले जलमार्ग डूब गए। शहरों में बाढ़ के कारण वाहन पानी में डूब गए और ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों के समुदाय का शेष स्थानों से संपर्क कट गया। 

मौसम वैज्ञानिकों ने क्या बताया?

खबर के अनुसार थान्ह होआ प्रांत में एक स्थानीय अधिकारी जब चक्रवात से बचाव की तैयारी के कामों को पूरा करने के बाद रात में लौट रहा था तो उसके ऊपर पेड़ गिरने से उसकी मौत हो गई। ह्यू शहर में एक व्यक्ति बाढ़ के पानी में बह गया। एक अन्य मौत दानांग में हुई। वियतनाम के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि सोमवार सुबह 10 बजे चक्रवात का केंद्र न्घे आन प्रान्त एवं लाओस की सीमा के बीच था, जहां हवा की गति 74 किलोमीटर प्रति घंटा थी। 

Vietnam Typhoon Bualoi
Image Source : APVietnam Typhoon Bualoi

नन्ह बिन्ह प्रांत में 6 लोगों की हुई मौत

वियतनामी अधिकारियों ने मछली पकड़ने वाली नौकाओं को समुद्र में उतरने से रोक दिया गया है और 4 तटीय हवाई अड्डों पर परिचालन निलंबित कर दिया। 9 मौतों में से 6 नन्ह बिन्ह प्रांत में हुई हैं, जहां तेज हवाओं के कारण मकान ढह गए। क्वांग त्रि प्रांत में तट पर खड़ी मछली पकड़ने वाली नाव के लंगर की रस्सियां तेज हवाओं के कारण टूट गईं, जिससे नौका और उस पर सवार 9 चालक दल के सदस्य बह गए। इनमें से 4 तैरकर किनारे तक पहुंचने में सफल रहे। गिया लाइ प्रांत में परिवारों ने मछली पकड़ने गए 8 मछुआरों से संपर्क टूटने की सूचना दी है। 

ऐसा रहा तूफान का असर

सरकारी मीडिया ने बताया कि रविवार आधी रात के बाद चक्रवात के तट से टकराने से पहले 3,47,000 से अधिक घरों की बिजली गुल हो गई थी। तेज हवाओं से राजमार्गों के किनारे घरों की लोहे की चादर वाली छतें उड़ गई और कंक्रीट के खंभे गिर गए। चक्रवात के उम्मीद से तेज गति से आगे बढ़ने के कारण हजारों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया था। चक्रवात ने देर रात लगभग 12:30 बजे उत्तरी तटीय प्रान्त हा तिन्ह के तट पर दस्तक दी थी। इसके कारण 133 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं तथा समुद्र में एक मीटर से अधिक ऊंची तूफानी लहरें उठीं और भारी बारिश हुई। (एपी)

यह भी पढ़ें:

2 मिनट में पूरा होगा 2 घंटे का सफर, चीन में बना दुनिया का सबसे ऊंचा पुल; देखें VIDEO

पाकिस्तान ने चीन, रूस और ईरान के साथ मिलकर अमेरिका को दिया झटका, जानें क्या किया?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Asia से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश