1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिका से ऑस्ट्रेलिया तक आप कार्यकर्ताओं ने कराई देश की बेइज्जती, किया ये शर्मनाक काम

केजरीवाल की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिका से ऑस्ट्रेलिया तक आप कार्यकर्ताओं ने कराई देश की बेइज्जती, किया ये शर्मनाक काम

 Published : Apr 10, 2024 04:04 pm IST,  Updated : Apr 10, 2024 04:04 pm IST

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की शराब नीति घोटाला मामले में हुई गिरफ्तारी को लेकर आप कार्यकर्ताओं ने विदेशी धरती पर कहा कि भारत का लोकतंत्र खतरे में है। इतना ही नहीं आप कार्यकर्ता केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में अमेरिकी, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा जैसे देशों में स्थित भारतीय दूतावासों पर भी प्रदर्शन करने पहुंच गए।

केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ता। (फाइल)- India TV Hindi
केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में आप कार्यकर्ता। (फाइल) Image Source : AP

वाशिंगटन: दिल्ली शराब घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय की ओर से गिरफ्तार किए गए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) कार्यकर्ताओं देश की शाख भी दांव पर लगाने से नहीं चूक रहे। देश का आंतरिक मामला होने के बावजूद आप कार्यकर्ताओं ने अमेरिका से लेकर, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और आयरलैंड जैसे देशों में विरोध प्रदर्शन किया। आप कार्यकर्ता इन देशों में स्थित भारतीय दूतावास के कार्यालय पर भी पहुंच गए और वहां भी अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध किया। जबकि भारतीय दूतावास विदेशों रह रहे भारतीयों और अंतरराष्ट्रीय मामलों को सुलझाने के उद्देश्य से होते हैं। मगर आप कार्यकर्ताओं ने सहानुभूति जुटाने के लिए देश के आंतरिक मामले को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर दूसरे देशों का जबरन ध्यान खींचने और इस मामले में उन्हें हस्तपक्षेप की उम्मीद में यह कृत्य किया। 

बता दें कि इससे पहले अमेरिका, जर्मनी जैसे देश अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के मामले में हस्तक्षेप का प्रयास कर चुके हैं, जिसका भारत ने कड़ा विरोध किया था। अब आप के सदस्यों और समर्थकों ने धनशोधन के कथित मामले में गिरफ्तार किए गए पार्टी प्रमुख और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए विभिन्न देशों में एकदिवसीय भूख हड़ताल के साथ भारतीय दूतावासों पर प्रदर्शन किया। धन शोधन रोधी एजेंसी की दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा देने से उच्च न्यायालय के इनकार के कुछ ही घंटे बाद प्रवर्तन निदेशालय ने केजरीवाल को 21 मार्च को गिरफ्तार कर लिया था। एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है कि केजरीवाल की गिरफ्तारी का विरोध करने और उनकी तत्काल रिहाई का आह्वान करने के लिए अमेरिका, कनाडा, ब्रिटेन, आयरलैंड और ऑस्ट्रेलिया में ‘आप’ कार्यकर्ता सोमवार को भारतीय दूतावासों और लोकप्रिय स्थानों के सामने एकत्र हुए।

आप कार्यकर्ताओं ने विदेशी धरती पर कहा भारत का लोकतंत्र खतरे में

आप कार्यकर्ताओं ने विदेशी धरती पर प्रदर्शन करते समय भारत के लोकतंत्र को खतरे में बताया। लॉस एंजिलिस में ‘आप’ सदस्य जसवंत रेड्डी ने कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल उन लाखों भारतीयों के लिए आशा का प्रतीक हैं जो अधिक न्यायपूर्ण और न्यायसंगत समाज के लिए लड़ रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी लोकतंत्र और असहमति के अधिकार पर हमला है। हम चुप नहीं रहेंगे।’’ वाशिंगटन डीसी में ‘आप’ स्वयंसेवकों ने भारतीय दूतावास के सामने प्रदर्शन किया। इसके अलावा न्यूयॉर्क, बोस्टन, सैन फ्रांसिस्को, डलास, लॉस एंजिलिस, टोरंटो, वैंकूवर, लंदन, डबलिन, बर्लिन, ओस्लो और मेलबर्न में ‘आप’ सदस्यों और समर्थकों ने ‘‘भारत में लोकतंत्र पर खतरे और विपक्षी नेताओं की दुर्दशा’’ की ओर ध्यान दिलाने के लिए प्रमुख स्थानों पर एक दिवसीय भूख हड़ताल की।

आप ने कहा विपक्षी नेताओं का हो रहा उत्पीड़न

‘आप’ कार्यकर्ता परवीन खर्द ने लंदन में कहा, ‘‘हम अरविंद केजरीवाल और उन सभी लोगों के साथ एकजुटता से खड़े हैं जो भारत में न्याय और लोकतंत्र के लिए लड़ रहे हैं।’’ पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने कहा ‘‘दुनिया भर में लोग हमारे नेता अरविंद केजरीवाल के प्रति एकजुटता दिखाने के लिए आज अनशन कर रहे हैं और भारत में विपक्षी नेताओं की अन्यायपूर्ण गिरफ्तारी तथा उनके उत्पीड़न के विरोध में स्पष्ट संदेश दे रहे हैं। ’’ ‘आप’ सदस्यों ने केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येन्द्र जैन तथा झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित अन्य विपक्षी नेताओं की तत्काल रिहाई की भी मांग की। कनाडा के टोरंटो से ‘आप’ कार्यकर्ता कमलजीत सिंधु ने कहा ‘‘विपक्षी दलों का उत्पीड़न तत्काल बंद किया जाना चाहिए और यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि लोकसभा चुनाव स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से हों। (भाषा) 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश