France Man Rams Car Into People: फ्रांस में दर्दनाक घटना हुई है। यहां 35 साल के एक मुस्लिम शख्स ने अटलांटिक द्वीप ओलेरॉन पर अपनी कार से पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों को रौंद दिया। इस घटना में 10 लोग घायल हुए हैं जिनमें से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि आरोपी ने इस दौरान मजहबी नारे भी लगाए। यह भी कहा जा रहा है कि आरोपी ने कथित तौर पर अपने वाहन में मौजूद गैस सिलेंडर से आग लगाने का भी प्रयास किया था।
घटना की गंभीरता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फ्रांस के गृह मंत्री लॉरेंट नुनेज घटनास्थल पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स में पोस्ट में कहा कि एक कार सवार ने सेंट पियरे डी'ओलेरॉन और डोलस डी'ओलेरॉन में कई पैदल यात्रियों और साइकिल सवारों को टक्कर मार दी। 35 वर्षीय आरोपी ला कोटिनियर नाम के एक छोटे से गांव में रहता है।

फ्रांसीसी अधिकारी ने बताया कि जब आरोपी को गिरफ्तार किया गया तो उसने 'अल्लाहु अकबर' के नारे लगाए। अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करते हुए "हत्या के प्रयास" के मामले में जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने लोगों पर कार क्यों चढ़ाई इसका मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं हमलावर मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं से तो पीड़ित नहीं था। फ्रांसीसी मीडिया ने संकेत दिया है कि इस केस की जांच में आतंकवाद-विरोधी अभियोजक भी नजर रखे हुए है। फ्रांसीसी टीवी ने उस कार की तस्वीरें दिखाईं, जिसमें गिरफ्तारी से पहले कथित तौर पर आग लगा दी गई थी।
सेंट पियरे डी'ओलेरॉन के मेयर क्रिस्टोफ सुएर ने कहा कि संदिग्ध द्वारा इस्तेमाल की गई कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त था। उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि चालक पूरी तरह से जानता था कि वह क्या कर रहा है। सुएर के अनुसार, संदिग्ध के बारे में पुलिस को जानकारी थी। सामान्य कानूनी अपराधों, विशेष रूप से चोरी, शराब और नशीली दवाओं के सेवन से जुड़े मामलों में वह शामिल था। संदिग्ध को कट्टरपंथ के लिए चिह्नित नहीं किया गया था।
यह भी पढ़ें:
इस देश की महिला राष्ट्रपति को मनचले ने बीच सड़क पर छेड़ा, चुंबन की कोशिश में दर्ज हुआ मुकदमा
संपादक की पसंद