1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. 'भारत और फ्रांस मिलकर बनाएंगे रणनीतिक साझेदारी का अगले 25 वर्षों का रोडमैप', बोले पीएम मोदी

'भारत और फ्रांस मिलकर बनाएंगे रणनीतिक साझेदारी का अगले 25 वर्षों का रोडमैप', बोले पीएम मोदी

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Jul 14, 2023 10:49 pm IST,  Updated : Jul 14, 2023 10:49 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'हम अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हम पिछले 25 वर्षों की मजबूत नींव के आधार पर अगले 25 वर्षों का रोडमैप बना रहे हैं।

संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों।- India TV Hindi
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पीएम मोदी और फ्रांसीसी राष्ट्रपति मैक्रों। Image Source : PTI

PM Modi France Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फ्रांस यात्रा के दौरान फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमानुएल मैक्रों के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा 'फ्रांस के लोगों को राष्ट्रीय दिवस के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। यह दिवस विश्व में स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे जैसे मूल्यों का प्रतीक माना जाता है, यह मूल्य दोनों देशों के संबंधों का महत्वपूर्ण आधार है। मुझे खुशी है कि इस अवसर की गरिमा बढ़ाने के लिए भारत की तीनों सेनाओं की टुकड़ियों ने भाग लिया।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि 'हम अपनी रणनीतिक साझेदारी के 25 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं। हम पिछले 25 वर्षों की मजबूत नींव के आधार पर अगले 25 वर्षों का रोडमैप बना रहे हैं। इसके लिए साहसिक एवं महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किए जा रहे हैं। भारत के लोगों ने स्वयं को एक विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। इस यात्रा में हम फ्रांस को एक स्वाभाविक भागीदार के रूप में देखते हैं।'

'मे​क इन इंडिया' में फ्रांस अहम साथी, बोले पीएम मोदी

पीएम मोदी ने आगे कहा कि 'रक्षा सहयोग हमारे संबंधों का एक मूलभूत स्तंभ रहा है। यह दोनों देशों के बीच गहरे आपसी विश्वास का प्रतीक है। मेक इन इंडिया और आत्मनिर्भर भारत में फ्रांस एक अहम साथी है। सबमरीन हो या नौसेना के जहाज हम चाहते हैं कि मिलकर सिर्फ अपने ही नहीं तीसरे मित्र देशों के सहयोग के लिए भी हम काम करें।

चंद्रयान 3 की सफलतापूर्वक लॉन्चिंग पर पीएम मोदी ने कही ये बात

पीएम मोदी ने कहा कि 'आज भारत में चंद्रयान के सफल लॉन्च पर पूरा भारत उत्साहित है। यह हमारे वैज्ञानिकों की बड़ी उपलब्धि है। अंतरिक्ष के क्षेत्र में भारत और फ्रांस का पुराना और गहरा सहयोग है। हमारे स्पेस एजेंसियों के बीच नए समझौते हुए हैं।' पीएम मोदी ने कहा कि 'हम मार्सिले शहर में एक नया भारतीय वाणिज्य दूतावास खोलेंगे। हम फ्रांस में पढ़ रहे भारतीय मूल के लोगों को दीर्घकालिक वीजा देने के फैसले का स्वागत करते हैं।

'स्टार्टअप और इनोवेशन को दिया जाएगा बढ़ावा' 

मैं फ्रांसीसी विश्वविद्यालयों को भारत में अपने परिसर स्थापित करने के लिए आमंत्रित करता हूं। हमारे सहयोग को एक रचनात्मक रूप देने के लिए हम इंडो-पैसिफिक कॉपरेशन रोडमैप पर काम कर रहे हैं। इंडो-पैसिफिक ट्रांयगुलर डेवेलपमेंट कॉपरेशन फंड के प्रस्ताव पर भी दोनों पक्ष चर्चा में है। इससे पूरे क्षेत्र में स्टार्टअप और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए नए अवसर खुलेंगे।'

प्रधानमंत्री ने कहा कि 'भारत स्थायी शांति की बहाली में योगदान देने के लिए तैयार है। आतंकवाद के विरुद्ध लड़ाई में भारत और फ्रांस हमेशा साथ रहे हैं। हम मानते हैं कि क्रॉस बोर्डर आतंकवाद को समाप्त करने के लिए ठोस कार्रवाई की आवश्यकता है, इस दिशा में दोनों देश सहमत हैं।'

रूस यूक्रेन जंग और आतंकवाद पर ये बोले पीएम मोदी 

रूस और यूक्रेन की जंग पर प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सभी विवादों का समाधान डॉयलॉग और डिप्लोमेसी से हो। भारत स्थाई शांति की बहाली में सहयोग के लिए तैयार है। आतंकवाद की लड़ाई से निपटने में दोनों देश साथ हैं। राष्ट्रपति मैक्रों इस साल होने वाली जी 20 समिट में शामिल होने के लिए भारत आपका इंतजार कर रहा है।

शांति और विकास के लिए अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था विकसित हो: मैक्रों

फ्रांस के राष्ट्रपति  इमानुएल मैक्रों ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपना पक्ष रखते हुए कहा कि  'हम चाहते हैं कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय के खंडन से दुनिया को बचाए और इसलिए हम पेरिस एजेंडा और नया वित्तीय वैश्विक कॉम्पैक्ट पर इकट्ठा काम किया है। हम सब चाहते हैं कि एक अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था की स्थापना हो जो शांति और विकास की ओर ले जाए।' 

परेड में पंजाब रेजिमेंट को देख महसूस हुआ गर्व: राष्ट्रपति मैक्रों

मैक्रों ने कहा कि 'मुझे यहां आज बैस्टिल डे परेड में पंजाब रेजिमेंट को देखकर बहुत गर्व महसूस हुआ। हम एक ऐतिहासिक विश्वास के आधार पर आगे बढ़ रहे हैं और हम मिलकर वैश्विक संकटों का समाधान ढूंढ सकते हैं।' उन्होंने कहा कि '2030 तक हम 30,000 फ्रांसीसी छात्रों को भारत भेजेंगे और हम चाहते हैं कि जो भारतीय युवा फ्रांस में पढ़ने के लिए निर्णय लेते हैं तो उनको हम मौका देंगे इसलिए हम वीजा नीति को उसके अनुकूल बनाएंगे।'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश