1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. रूस ने अब यूक्रेन के इन शहरों को बनाया निशना, मचा दी तबाही; भड़के जेलेंस्की

रूस ने अब यूक्रेन के इन शहरों को बनाया निशना, मचा दी तबाही; भड़के जेलेंस्की

 Published : Jun 11, 2025 07:00 pm IST,  Updated : Jun 11, 2025 07:00 pm IST

रूस की ओर से यूक्रेन में लगातार भयानक हमले किए जा रहे है। रूस की ओर से ताजा किए गए हमलों में यूक्रेन के खारकीव को निशाना बनाया गया है। रूसी हमलों के वजह से यूक्रेन में भारी तबाही हुई है।

रूस यूक्रेन जंग- India TV Hindi
रूस यूक्रेन जंग Image Source : AP

कीव: रूस ने मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात यूक्रेन में बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले किए हैं। रूस की ओर से किए गए इन हमलों में 3 लोगों की मौत हो गई है जबकि 64 अन्य लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के अधिकारियों ने इन हमलों के बारे में जानकारी दी है। खारकीव के महापौर इगोर तेरेखोव ने बताया कि रूसी हमले से सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्रों में एक उत्तर-पूर्वी यूक्रेन स्थित उनका शहर है। उन्होंने बताया कि शहर में रूस ने 17 ड्रोन हमले किए है। 

जानें कैसे रहे हालात?

तोरेखोव के मुताबिक आपातकालीन दल, नगरपालिका कर्मचारी और स्वयंसेवक रात भर आग बुझाने, जलते घरों से निवासियों को बचाने तथा गैस, बिजली और पानी की सेवाएं बहाल करने के लिए काम करते रहे। उन्होंने टेलीग्राम पर लिखा, ‘‘वो असैन्य इलाके हैं, जिन्हें कभी निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए था।’’ स्थानीय प्रशासन के प्रमुख ओलेह सिनिहुबोव के अनुसार 3 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। 

रूस यूक्रेन जंग
Image Source : APरूस यूक्रेन जंग

यूक्रेन के राष्ट्रपति ने क्या कहा?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने एक बयान जारी कर बताया कि रूसी हमले में 64 लोग घायल हुए हैं। उन्होंने रूस पर अधिक अंतरराष्ट्रीय दबाव बनाने के अपने आह्वान को दोहराया। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘अब हर नया दिन रूस के नए घिनौने हमले लेकर आता है और लगभग हर हमला अपनी कहानी बयां कर रहा है। हमें डरना नहीं चाहिए या नए फैसलों को टालना नहीं चाहिए जो रूस के लिए और मुश्किल खड़ी करें। इसके बिना, वो वास्तविक कूटनीति में शामिल नहीं होंगे। यह मुख्य रूप से अमेरिका और अन्य विश्व नेताओं पर निर्भर करता है। जिन लोगों ने हत्याओं को रोकने और कूटनीति का आह्वान किया है, उन्हें कार्रवाई करनी चाहिए।’’ 

यूक्रेन में हुआ बड़ा नुकसान

रूस ने हाल के महीनों में खारकीव को बार-बार निशाना बनाया है। उसने यहां के बुनियादी ढांचे पर बार-बार और बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमले किए हैं। रूसी सेना ने हाल के दिनों में बड़ी संख्या में ड्रोन और मिसाइलों की तैनाती की है, जिसमें रविवार-सोमवार की दरमियानी रात लगभग 500 ड्रोन की मदद से रिकॉर्ड बमबारी की गई जबकि सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को उसने यूक्रेन पर 315 ड्रोन हमले किए और सात मिसाइलें दागी। यूक्रेन के मुताबिक मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात को रूस द्वारा किए गए हमलों में खारकीव के स्लोबिदस्की और ओस्नोवियान्स्की जिलों में व्यापक पैमाने पर नुकसान हुआ है, जिसमें अपार्टमेंट इमारतें, निजी घर, खेल के मैदान, औद्योगिक स्थल और सार्वजनिक परिवहन शामिल हैं। (एपी)

यह भी पढ़ें:

दक्षिण कोरिया ने उत्तर कोरिया से तनाव कम करने की दिशा में उठाया बड़ा कदम, 'नहीं बजेंगे लाउडस्पीकर'

अफगानियों के साथ-साथ अब अवैध विदेशियों के पीछे पड़ा पाकिस्तान, उठाया बड़ा कदम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश