1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. यूक्रेन पर रूस का बड़ा हमला, बखमुत समेत जेलेंस्की के कई शहरों को कर दिया खल्लास

यूक्रेन पर रूस का बड़ा हमला, बखमुत समेत जेलेंस्की के कई शहरों को कर दिया खल्लास

 Published : Dec 10, 2022 08:15 pm IST,  Updated : Dec 11, 2022 11:29 pm IST

Russia Big Attack On Ukraine: यूक्रेन को हावी होते देख अब रूस की सेना फिर से बौखला गई है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन पहले से ज्यादा आक्रोशित नजर आ रहे हैं। इस बीच रूसी सेना ने यूक्रेन पर बड़ा और घातक हमला किया है। खतरनाक मिसाइलटों, राकेट और हवाई हमले में यूक्रेन के कई शहर नष्ट हो गए हैं।

यूक्रेन पर रूस का हमला (प्रतीकात्मक फोटो)- India TV Hindi
यूक्रेन पर रूस का हमला (प्रतीकात्मक फोटो) Image Source : AP

Russia Big Attack On Ukraine: यूक्रेन को हावी होते देख अब रूस की सेना फिर से बौखला गई है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन पहले से ज्यादा आक्रोशित नजर आ रहे हैं। इस बीच रूसी सेना ने यूक्रेन पर बड़ा और घातक हमला किया है। खतरनाक मिसाइलटों, राकेट और हवाई हमले में यूक्रेन के कई शहर नष्ट हो गए हैं। इससे यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की के खेमे में एक बार फिर से खलबली मच गई है। जेलेंस्की को रूस की ओर से इतने बड़े पलटवार की आशंका नहीं थी। उन्हें लग रहा था कि रूस की सेना अब यूक्रेन के सामने पस्त पड़ चुकी है। लिहाजा यूक्रेन की सेना रूस को लगातार पीछे धकेलती जा रही थी। मगर अब रूस ने बहुत ही घातक हमला करके फिर से यूक्रेन में जलजला पैदा कर दिया है।

रूस के इस घातक हमले के बाद यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूसी सेना ने पूर्वी यूक्रेन के बखमुत शहर को ‘नष्ट’ कर दिया है। यूक्रेनी सेना ने भी शनिवार को बताया कि रूस की ओर से देश के कई हिस्सों में मिसाइल, रॉकेट और हवाई हमले किये गए, जिन्हें वह महीनों से जारी प्रतिरोध के बावजूद जीतने का प्रयास कर रहा है। साढ़े नौ महीने से जारी इस युद्ध में रूस का ध्यान अब यूक्रेन के उन चार प्रांतों पर केंद्रित हो गया है जिन पर रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गत सितंबर में कब्जे करने का दावा किया था।

रेफ्रेंडम वाले चारों क्षेत्रों पर अब पुतिन की निगाहें

युद्ध से संकेत मिलता है कि रूस को उन क्षेत्रों पर नियंत्रण स्थापित करने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है,जिन्हें पुतिन ने रेफ्रेंडम के बाद रूस में मिला लिया था। जबकि यूक्रेन इन क्षेत्रों को दोबारा हासिल करने को लेकर अडिग है। जेलेंस्की ने कहा कि पूर्वी यूक्रेन के दोनेत्स्क और लुहांस्क प्रांतों के कई अग्रिम पंक्ति के शहरों में हालात बहुत कठिन हैं। एक साथ ये प्रांत डोनबास क्षेत्र के तहत आते हैं, जो रूसी सीमा पर स्थित एक औद्योगिक क्षेत्र है। पुतिन का ध्यान युद्ध की शुरुआत से ही इस क्षेत्र पर रहा जहां कि अलगवावादी वर्ष 2014 से ही लड़ रहे हैं। जेलेंस्की ने रात में जारी अपने वीडियो में कहा, ‘‘बखमुत, सोलेदर, मारयिंका, क्रेमिना। लंबे समय से इन क्षेत्रों की जमीन पर कोई जीवंत स्थान नहीं बचा है जहां कि रूसी गोलाबारी से नुकसान नहीं हुआ हो।’’ जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने असल में डोनबास क्षेत्र के एक और शहर बखमुत को ‘नष्ट’ कर दिया। इससे समझा जा सकता है कि रूस घातक पलटवार कर रहा है।

रूस ने बढ़ाई सेना
यूक्रेनी सैन्य जनरल ने शुक्रवार और शनिवार के बीच रूस की ओर से 20 हवाई हमले और 60 से अधिक रॉकेट हमले के अलावा मिसाइल हमले किये जाने की जानकारी दी। प्रवक्ता अलेक्जेंडर शुतपुन ने कहा कि बखमुत जिले में सबसे सक्रिय लड़ाई हुई, जहां 20 से अधिक आबादी वाले स्थान गोलाबारी की चपेट में आ गये। उन्होंने कहा कि यूक्रेनी सेना ने दोनेत्स्क और पड़ोसी लुहांस्क में रूसी हमले को नाकाम कर दिया। यूक्रेनी अधिकारियों और विश्लेषकों ने कहा कि रूस ने पिछली गर्मी के दौरान करीब पूरे लुहांस्क क्षेत्र पर कब्जा कर लिया था, इसके बाद दोनेत्स्क पर कब्जा किया। उन्होंने कहा कि अब रूस ने हाल के हफ्तों में बखमुत शहर की घेराबंदी करने के लिए अपनी सेना और संसाधनों को बढ़ा दिया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश