मॉस्कोः रूस ने राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दिसंबर में होने वाली नई दिल्ली की यात्रा से पहले भारत को 5वीं पीढ़ी का स्टील्थ फाइटर जेट ऑफर किया है। मॉस्को ने नई दिल्ली को यह ऐतिहासिक सैन्य प्रस्ताव पुतिन के प्रस्तावित दौरे से पहले दिया है, जो भारतीय वायुसेना के भविष्य को पूरी तरह बदल सकता है। रूस ने कहा है कि वह भारत को अपने 5वीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट सुखोई Su-57 की पूरी तकनीक बिना किसी रोक-टोक के देने को तैयार है। साथ ही रूस ने सिंगल-इंजन स्टील्थ फाइटर Su-75 चेकमेट भी ऑफर किया है।
रूस ने क्या कहा?
दुबई एयर शो 2025 के दौरान रूसी सरकारी रक्षा कंपनी रोस्टेक (Rostec) के सीईओ सर्गेई चेमेज़ोव ने ANI को बताया कि रूस में बने Su-57 पहले भारत को सप्लाई किए जाएंगे। फिर धीरे-धीरे इसका पूरा उत्पादन भारत में शिफ्ट कर दिया जाएगा। इंजन, सेंसर, स्टेल्थ मटेरियल-सबकी तकनीक पूरी तरह खोलकर दी जाएगी। भारत जो भी मांगेगा, वह पूरी तरह स्वीकार्य होगा।
रूस ने कहा-भारत हमारा परफेक्ट साझेदार
उन्होंने कहा, “भारत और रूस दशकों से हर मौसम के साझेदार हैं। जब भारत पर प्रतिबंध थे, तब भी हमने हथियार दिए। आज भी वही नीति है। भारत को जो चाहिए, हम देने को तैयार हैं। रूस के राज्य हथियार निर्यातक रोसोबोरोन एक्सपोर्ट के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि भारत को लाइसेंस प्रोडक्शन, भारतीय हथियारों का एकीकरण और नई पीढ़ी की तकनीकों (इंजन, AESA रडार, AI, लो-सिग्नेचर तकनीक) का पूरा तकनीकी हस्तांतरण दिया जाएगा। रूस अब सिंगल-इंजन Su-75 चेकमेट का उत्पादन भी भारत में स्थापित करने को तैयार है। यह किफायती होगा।
भारत के पास जल्द आएंगे 5वीं पीढ़ी के फाइटर जेट
पश्चिमी देशों (अमेरिका, फ्रांस, ब्रिटेन) ने आज तक भारत को पांचवीं पीढ़ी की स्टील्थ तकनीक देने से बार-बार इनकार किया है। रूस पहला देश है जो पूरी तकनीक खोलकर देने को तैयार है। पुतिन की यात्रा से पहले रूस का यह ऑफर दोनों देशों की गहरी साझेदारी का प्रतिविंब भी है। रूसी राष्ट्रपति पुतिन दिसंबर में 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए भारत आएंगे। उससे पहले यह ऐलान काफी खास है।
पुतिन के सलाहकार पैट्रुशेव कर चुके पीएम मोदी से मुलाकात
रूस द्वारा भारत को 5वीं पीढ़ी का फाइटर जेट ऑफर किए जाने से पहले इस हफ्ते उनके शीर्ष सलाहकार निकोलाई पैट्रुशेव ने प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात की थी। इस दौरान कई द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा हुई थी। रूसी दूतावास ने कहा कि दिसंबर की शुरुआत में होने वाले शिखर सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। रक्षा क्षेत्र में कई बड़े ऐलान होने की पूरी संभावना है। वहीं इस दौरान जयशंकर ने हाल ही में पुतिन से मिलकर उन्हें पीएम मोदी का संदेश दिया है। पुतिन की भारत यात्रा दोनों देशों के बीच संबंधों को अत्यधिक प्रगाढ़ करने की दिशा में बड़ा रोल अदा कर सकती है।
क्या है Su-57 की खासियत
रूस का सुखोई Su-57 दुनिया का एक उन्नत पांचवीं पीढ़ी का स्टील्थ मल्टीरोल फाइटर जेट है, जो हवा से हवा, जमीन पर हमले और समुद्री लक्ष्यों को नष्ट करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह अमेरिका के F-22 रैप्टर और F-35 लाइटनिंग II जैसे जेट्स का प्रतिद्वंद्वी माना जाता है। यह डबल इंजन वाला जेट है, जो स्टील्थ टेक्नोलॉजी से लैस है। इसकी अधिकतम गति 2,135 किमी/घंटा है। पेलोड क्षमता 10 टन तक है। यह जेट सुपरमैन्यूवरेबिलिटी (अत्यधिक मोड़ने की क्षमता) के लिए जाना जाता है, जैसे पुगाचेव कोबरा मैन्यूवर, जो इसे डॉगफाइट में घातक बनाता है।
अन्य प्रमुख विशेषताएं
- Su-57 की खतरनाक क्षमताएं इसे घातक बनाती हैं।
- Su-57 की ताकत इसकी स्टील्थ, हथियारों और सेंसरों में है।
- यह दुश्मन की रडार से बचते हुए हमला कर सकता है।
- यह मिसाइलें छिपाकर ले जा सकता है, जिसे रडार ट्रेस नहीं कर सकता। इंजन इनलेट्स में RAM (रडार एब्जॉर्बेंट मटेरियल) और ब्लॉकर ग्रिड लगे हैं।
- इसमें मिसाइल वार्निंग सिस्टम है। यह इन्फ्रारेड मिसाइलों को ब्लाइंड करने वाला और AI से रीयल-टाइम थ्रेट एनालिसिस करने वाला विमान है।
- यह स्वार्म ड्रोन को कंट्रोल कर सकता है। इसमें छठी पीढ़ी की तकनीकि भी है।
- यह हाई-थ्रेट एनवायरनमेंट में घुसकर स्ट्राइक कर सकता है। (इनपुट-एएनआई)