1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. बर्लिन में LGBTQ+ इवेंट के लिए जुटी भीड़ को वैन ने रौंदा, एक की मौत; 17 घायल

बर्लिन में LGBTQ+ इवेंट के लिए जुटी भीड़ को वैन ने रौंदा, एक की मौत; 17 घायल

 Written By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jul 26, 2026 06:31 am IST,  Updated : Jul 26, 2026 06:46 am IST

बर्लिन में एक इवेंट के दौरान बड़ा हादसा हो गया। दरअसल, यहां जुटी भीड़ में एक वैन घुस गई। वैन की टक्कर से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल बताए जा रहे हैं। घटना की जांच की जा रही है।

इवेंट के लिए जुटी भीड़ को वैन ने रौंदा।- India TV Hindi
इवेंट के लिए जुटी भीड़ को वैन ने रौंदा। Image Source : AP

बर्लिन के मशहूर LGBTQ+ इवेंट के लिए जुटे लोगों को एक वैन ने रौंद दिया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई , जबकि 17 लोग घायल बताए जा रहे हैं। बता दें कि बर्लिन के टियरगार्टन पार्क में 'क्रिस्टोफर स्ट्रीट डे प्राइड' इवेंट का आयोजन किया गया था, जो कि हर साल आयोजित किया जाता है। इसी दौरान यह हादसा हुआ। जर्मन मीडिया के अनुसार, घटनास्थल पर बुरी तरह क्षतिग्रस्त एक सफेद गाड़ी लावारिस हालत में मिलने के बाद जर्मन अधिकारियों ने ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी गई है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि यह घटना जानबूझकर की गई थी या भीड़ को सीधे निशाना बनाया गया था।

17 घायलों में कई को जानलेवा चोटें

बर्लिन पुलिस के प्रवक्ता फ्लोरियन नाथ ने 'X' पर एक पोस्ट में कहा, "हमें लगता है कि एक गाड़ी टियरगार्टन पार्क में घुसी और उसने कई लोगों को टक्कर मारी।" DW की रिपोर्ट के मुताबिक, ड्राइवर की तलाश के लिए बर्लिन में इमरजेंसी क्रू और कानून प्रवर्तन अधिकारियों की भारी तैनाती की गई है। वहीं पुलिस प्रवक्ता ने कहा, "हम संभावित संदिग्धों की गहन तलाश कर रहे हैं।" उन्होंने बताया कि घटना स्थल पर "काफी संख्या में पुलिस" तैनात की गई थी। घटना के गंभीर नतीजों पर बात करते हुए बर्लिन पुलिस ने कहा कि 17 घायलों में से कई को जानलेवा चोटें आई हैं। प्रवक्ता ने यह भी बताया कि पीड़ितों के रिश्तेदारों के लिए एक सूचना केंद्र बनाया गया है।

बर्लिन के मेयर ने बताया आजादी पर हमला

घटना के कुछ ही समय बाद मौके पर पहुंचे बर्लिन के मेयर काई वेग्नर ने इस हिंसा की कड़ी निंदा की और इसे शहर के मूल्यों पर सीधा हमला बताया। वेग्नर ने X पर कहा, "यह हमारे आजाद और खुले समाज पर हमला है - एक शांतिपूर्ण और रंग-बिरंगे CSD के बाद, बर्लिन में सहनशीलता और शांति के लिए हो रही सभा पर बहुत बेरहमी से हमला किया गया। बर्लिन आजादी का शहर है और आज हमारी आजादी पर बहुत भयानक तरीके से हमला किया गया है। मेरी संवेदनाएं पीड़ितों, उनके परिवारों और दोस्तों के साथ हैं। मैं उन इमरजेंसी सर्विस वालों का शुक्रिया अदा करता हूं जो तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी पूरी कोशिश की। और मुझे पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों पर भरोसा है, जो तेजी से जांच करेंगे।"

यह भी पढ़ें-

मुज्तबा खामेनेई ने बढ़ा दी है ट्रंप की चिंता, जल्द ही परमाणु हथियार बना सकता है ईरान?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश