1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. UK Liz Truss: एक हफ्ते में दूसरे कैबिनेट मंत्री ने छोड़ा साथ, बोरिस जॉनसन जैसी हो रही लिज ट्रस की हालत, क्या कुर्सी जाना तय?

UK Liz Truss: एक हफ्ते में दूसरे कैबिनेट मंत्री ने छोड़ा साथ, बोरिस जॉनसन जैसी हो रही लिज ट्रस की हालत, क्या कुर्सी जाना तय?

 Edited By: Shilpa @Shilpaa30thakur
 Published : Oct 20, 2022 10:44 am IST,  Updated : Oct 20, 2022 01:28 pm IST

Suella Braverman: ब्रिटेन की गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री लिज ट्रस पर इस्तीफा देने का दबाव बढ़ गया है। गलतियों के लिए ट्रस ने संसद में माफी भी मांगी है।

British PM Liz Truss- India TV Hindi
British PM Liz Truss Image Source : AP

Highlights

  • ब्रिटेन में खतरे में पड़ी सरकार
  • पीएम पर इस्तीफा देने का दबाव
  • दो कैबिनेट मंत्रियों ने छोड़ा पद

Suella Braverman: भारतीय मूल की ब्रिटिश गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन ने बुधवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने लंदन में मंत्रिस्तरीय संचार के लिए अपने निजी ई-मेल का इस्तेमाल करने की ‘गलती’ के बाद ये कदम उठाया है। ब्रेवरमैन को 43 दिन पहले ही गृह मंत्री नियुक्त किया गया था, जब ब्रिटेन की प्रधानमंत्री लिज ट्रस ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट में कार्यभार संभाला था। इससे पहले, ब्रेवरमैन की बुधवार को प्रधानमंत्री ट्रस के साथ बैठक हुई है।

42 साल की ब्रेवरमैन ने अपने ट्विटर हैंडल पर त्यागपत्र पोस्ट किया। उन्होंने कहा, ‘मैंने गलती की। मैं इसकी जिम्मेदारी स्वीकार करती हूं।’ ब्रेवरमैन ने कहा, ‘मैंने अपने व्यक्तिगत ई-मेल से एक विश्वसनीय संसदीय सहयोगी को एक आधिकारिक दस्तावेज भेजा। जैसा कि आप जानते हैं, दस्तावेज आव्रजन के बारे में मंत्रिस्तरीय बयान था, जिसका प्रकाशन होना था।’ उन्होंने कहा, ‘फिर भी मेरा जाना सही है। जैसे ही मुझे अपनी गलती का एहसास हुआ, मैंने तुरंत आधिकारिक माध्यम से कैबिनेट सचिव को सूचित किया।’

जॉनसन सरकार में अटॉर्नी जनरल थीं ब्रेवरमैन

उन्होंने कहा, ‘हम एक कठिन समय से गुजर रहे हैं... मुझे इस सरकार की दिशा के बारे में चिंता है।’ ब्रेवरमैन ने कहा, ‘न केवल हमने अपने मतदाताओं से किए गए प्रमुख वादों को तोड़ा है, बल्कि मुझे घोषणापत्र से जुड़ी प्रतिबद्धताओं को पूरा करने की इस सरकार की प्रतिबद्धता के बारे में गंभीर चिंता है, जैसे कि समग्र प्रवासन संख्या को कम करना और अवैध प्रवास, विशेष रूप से खतरनाक छोटी नावों से आव्रजन को रोकना।’ दक्षिण-पूर्व इंग्लैंड के फारेहम से संसद में कंजरवेटिव पार्टी की सदस्य ब्रेवरमैन ने बोरिस जॉनसन के नेतृत्व वाली सरकार में अटॉर्नी जनरल के रूप में कार्य किया था।

दो बच्चों की मां ब्रेवरमैन हिंदू तमिल मां उमा और गोवा मूल के पिता क्रिस्टी फर्नांडिस की बेटी हैं। उनकी मां मॉरीशस से ब्रिटेन आई थीं, जबकि उनके पिता 1960 के दशक में केन्या से लंदन पहुंचे थे। ब्रेवरमैन बौद्ध अनुयायी हैं, जो नियमित रूप से लंदन बौद्ध केंद्र में जाती हैं और उन्होंने भगवान बुद्ध के उपदेशों के ‘धम्मपद’ ग्रंथ पर संसद में पद की शपथ ली थी। पिछले शुक्रवार को क्रासिंस्की क्वार्टेंग को वित्त मंत्री पद से हटा दिया गया था और उनके उत्तराधिकारी, वित्त मंत्री जेरेमी हंट ने सोमवार को सरकार के मिनी-बजट में कटौती कर दी। इस कदम से ट्रस के नेतृत्व के लिए संकट और बढ़ने की आशंका है।

लिज ट्रस के खिलाफ क्यों हुए लोग?

ब्रिटिश पीएम लिज ट्रस खराब आर्थिक योजना को लेकर अपनी ही कंजर्वेटिव पार्टी में कड़े विरोध का सामना कर रही हैं। नव-नियुक्त वित्त मंत्री जेरेमी हंट ने एक महीने से भी कम समय पहले बनी उनकी सरकार के टैक्स कटौती के पैकेज के फैसलों को पलट दिया था। इसके बाद ट्रस ने पहली बार संसद के पहले सत्र में भाग लिया। उन्होंने संसद से माफी मांगी और ब्रिटिश सरकार के प्रमुख के तौर पर अपने छोटे-से कार्यकाल के दौरान की गई गलतियां स्वीकार कीं। जब वह संसद में बोल रही थीं तो कुछ नेता उनसे इस्तीफा देने की मांग करने लगे।

ट्रस की सरकार ने 23 सितंबर को बिना सोचे-समझे करों में कटौती कर दी थी और इसका कोई इंतजाम नहीं किया, जिससे वित्तीय बाजारों में तूफान पैदा हो गया और पाउंड की कीमत गिर गई और ब्रिटिश सरकार की उधारी की लागत बढ़ गई। इस संकट को और गहरा होने से रोकने के लिए बैंक ऑफ इंग्लैंड को हस्तक्षेप करना पड़ा था। जनमत सर्वेक्षणों में लेबर पार्टी के लिए समर्थन बढ़ने पर कई कंजर्वेटिव नेताओं को लगता है कि ट्रस को बदलना ही चुनावी मुश्किल से बचने की उनकी एकमात्र उम्मीद है। लेकिन प्रधानमंत्री ने इस्तीफा देने से इनकार किया है और इस बारे में सांसदों की राय बंटी हुई है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश