1. Hindi News
  2. विदेश
  3. यूरोप
  4. चेहरा पहचानना हुआ मुश्किल, हाथ से हड्डी गायब... रूस की 'कैद' में रहे यूक्रेन के सैनिकों की कहानी सुनकर सिहर उठेंगे आप!

चेहरा पहचानना हुआ मुश्किल, हाथ से हड्डी गायब... रूस की 'कैद' में रहे यूक्रेन के सैनिकों की कहानी सुनकर सिहर उठेंगे आप!

 Written By: Shilpa
 Published : Sep 27, 2022 11:15 am IST,  Updated : Sep 27, 2022 02:34 pm IST

Ukrainian Soldiers in Russian Captivity: यूक्रेन के सैनिक मिखाइलो डायनोव को मारियुपोल पर कब्जे के बाद रूस ने कैद कर लिया था। वह अजोवस्तल स्टील प्लांट की रक्षा के लिए लड़ रहे थे। डायनोव यूक्रेन के उन 205 युद्धबंदियों में से एक हैं, जिन्हें बुधवार की रात रिहा किया गया है।

Ukrainian Soldiers in Russian Captivity- India TV Hindi
Ukrainian Soldiers in Russian Captivity Image Source : TWITTER

Highlights

  • रूस के कब्जे में रहे यूक्रेन के सैनिक
  • अमानवीय स्थिति में रहने को हुए मजबूर
  • रिहा होने के बाद पहचान पाना भी मुश्किल

Ukrainian Soldiers in Russian Captivity: रूस और यूक्रेन के बीच बीते 7 महीने से जारी युद्ध का जल्द अंत होता नहीं दिख रहा। रूस ने 24 फरवरी को इस देश पर पहला हमला किया था, जिसके बाद से अभी तक दोनों देशों के हजारों सैनिकों की मौत हो गई है। जबकि लाखों की संख्या में लोग यूक्रेन से अपनी जान बचाकर भागे हैं। इस बीच सोशल मीडिया पर यूक्रेन के एक सैनिक की तस्वीर वायरल हो रही है, जो यूक्रेन के शहर मारियुपोल पर रूस के कब्जे के दौरान उसकी कैद में रहा था। रूस के साथ जंग लड़ने जाने से पहले और बाद की तस्वीर देखकर आपको युद्ध की भयावहता समझ में आ जाएगी।

यूक्रेन के सैनिक मिखाइलो डायनोव को मारियुपोल पर कब्जे के बाद रूस ने कैद कर लिया था। वह अजोवस्तल स्टील प्लांट की रक्षा के लिए लड़ रहे थे। डायनोव यूक्रेन के उन 205 युद्धबंदियों में से एक हैं, जिन्हें बुधवार की रात रिहा किया गया है। उनकी कुछ महीने पहले तक की तस्वीर सोशल मीडिया पर खूब शेयर की जा रही है। मई में ली गई तस्वीर में वह घायल अवस्था में दिख रहे हैं और उन्होंने अपने हाथ में चाय का कप पकड़ा हुआ है। स्टील प्लांट पर कब्जे के दौरान उनका हाथ रूस के हमले में घायल हो गया था। उनके हाथ पर फ्रैक्चर आया था। 

चार महीने बाद पहचानना मुश्किल

मई में ली गई तस्वीर में डायनोव थके हुए दिख रहे हैं, उनकी दाढ़ी बढ़ी हुई है लेकिन उनके शरीर की स्थिति सामान्य है। लेकिन हालिया तस्वीर में उन्हें पहचान पाना भी मुश्किल है। इस तस्वीर में वह काफी पतले दिख रहे हैं, उनके हाथों और चेहरे पर चोट के निशान हैं। जिस ग्रुप को कैद किया गया था, वह अजोल मिलिट्री यूनिट का हिस्सा है। इन्हें रूस के जेल शिविर में चार महीनों तक रखा गया। आपको ये बात जानकर हैरानी होगी कि अपने देश की रक्षा करने वाले इन सैनिकों को कुछ कट्टरपंथी क्रेमलिम (रूसी राष्ट्रपति का कार्यालय) समर्थकों ने अपराधी और नाजी तक कहा। उन्होंने इनकी हत्या करने की मांग की।

हाथ से चार सेंटीमीटर हड्डी गायब

कैदियों की अदला बदली की प्रक्रिया के तहत डायनोव को जेल से रिहा किया गया है। जिसके बाद उन्हें चेर्नीहीव के अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनके दोस्त और रिश्तेदार उनसे मिलने के लिए आए। यहां से उन्हें कीव के सैन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी बहन ने बताया कि डायनोव की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज लंबा चलेगा। खबरों के अनुसार, डायनोव को कैद के दौरान अमानवीय स्थितियों का सामना करना पड़ा है। उनका हाथ अभी तक ठीक नहीं हुआ है और उससे 4 सेंटीमीटर तक हड्डी गायब है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Europe से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश