1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ब्राजील में Covid-19 से मरने वाले लोगों की संख्या 1,00,000 के करीब पहुंची, संक्रमितों की संख्या 29 लाख के पार

ब्राजील में Covid-19 से मरने वाले लोगों की संख्या 1,00,000 के करीब पहुंची, संक्रमितों की संख्या 29 लाख के पार

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 09, 2020 09:21 am IST,  Updated : Aug 09, 2020 09:21 am IST

ब्राजील में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या देश में संक्रमण का पहला मामला सामने आने के पांच महीने बाद शनिवार को 1,00,000 के करीब पहुंच गई।

Coronavirus Cases in Brazil- India TV Hindi
ब्राजील में Covid-19 से मरने वाले लोगों की संख्या 1,00,000 के करीब पहुंची Image Source : AP

रियो डी जिनेरियो: ब्राजील में कोविड-19 से मरने वाले लोगों की संख्या देश में संक्रमण का पहला मामला सामने आने के पांच महीने बाद शनिवार को 1,00,000 के करीब पहुंच गई। इस वैश्विक महामारी से राहत के कोई आसार नजर नहीं आ रहे। 21 करोड़ की आबादी वाले देश में मई के बाद से इस महामारी से हर दिन 1,000 से अधिक लोग जान गंवा रहे हैं और शुक्रवार रात तक कुल 99,572 लोगों ने दम तोड़ दिया।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि कोरोना वायरस के कुल 2,962,442 मामले आए हैं। संक्रमण और मौत के मामलों में अमेरिका के बाद ब्राजील दूसरे नंबर पर है। विशेषज्ञों का मानना है कि अन्य कई देशों की तरह यहां भी पर्याप्त जांच के अभाव में मामलों की वास्तविक संख्या एवं मौत के सही आंकड़े सामने नहीं आए हैं। खुद कोरोना वायरस की चपेट में आए राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो इस बीमारी के असर के बारे में लगातार संशय में रहे हैं और अर्थव्यवस्था पर लगाई पाबंदियों को हटाने के पैरोकार रहे हैं। वह अक्सर भीड़ में नजर आए और कई बार तो बिना मास्क लगाए नजर आए।

बोलसोनारो ने बृहस्पतिवार रात को कहा, ‘‘मुझे सभी मौतों पर दुख है, यह 1,00,000 के आंकड़े तक पहुंच रही है लेकिन हम इसका समाधान निकाल लेंगे।’’ इस महामारी के बीच ब्राजील में सेना के जनरल एडुआर्डो पाजुएलो अंतरिम स्वास्थ्य मंत्री हैं। उनसे पहले दो स्वास्थ्य मंत्रियों ने मलेरिया के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवा हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन तथा सामाजिक दूरी के उपायों को लेकर बोलसोनारो के साथ मतभेदों के चलते इस्तीफा दे दिया था।

कोविड-19 को ‘‘छोटा-सा फ्लू’’ बताने वाले बोलसोनारो ने कहा कि वह इस दवा के इस्तेमाल से संक्रमण से उबर गए। ब्राजील के 27 में से अधिकतर राज्यों में दुकानें और रेस्तरां फिर से खुलने लगे। रियो में शॉपिंग मॉल और रेस्तरां पहले ही खुल गए हैं और लोग समुद्र तटों की ओर लौटे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश