1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. Biden and Xi Jinping Meeting: विवादों के बीच ऑनलाइन बैठक में आमने-सामने हुए अमेरिकी और चीन राष्ट्रपति, जानिए क्या कुछ रहा खास

Biden and Xi Jinping Meeting: विवादों के बीच ऑनलाइन बैठक में आमने-सामने हुए अमेरिकी और चीन राष्ट्रपति, जानिए क्या कुछ रहा खास

 Written By: Bhasha
 Published : Nov 16, 2021 09:25 am IST,  Updated : Nov 16, 2021 12:54 pm IST

चीन के अधिकारियों ने बैठक से पहले कहा था कि ताइवान, वार्ता के लिए उनका शीर्ष मुद्दा होगा। गौरतलब है कि चीन की सेना के ताइवान के पास लड़ाकू जेट विमानों को भेजने के बाद से वहां तनाव बढ़ गया है। चीन, स्व-शासित ताइवान को अपना क्षेत्र बताता है।

America China online meeting joe biden xi jingping latest news विवादों के बीच ऑनलाइन बैठक में आमने-स- India TV Hindi
विवादों के बीच ऑनलाइन बैठक में आमने-सामने हुए अमेरिकी और चीन राष्ट्रपति, जानिए क्या कुछ रहा खास Image Source : ANI

Highlights

  • ‘प्रतिस्पर्धा टकराव में न बदले’, यह सुनिश्चित करना इसका लक्ष्य है- बाइडेन
  • बाइडेन मानवाधिकारों के हनन को लेकर चीन की आलोचना करते रहे हैं।
  • चीन अमेरिका पर आतंरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के आरोप लगाता है।

वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन ने सोमवार को चीन के राष्ट्रपति शी जिगपिंग के साथ ऑनलाइन बैठक की और कहा कि "प्रतिस्पर्धा टकराव में न बदले", यह सुनिश्चित करना इसका लक्ष्य है। अमेरिका और चीन के बीच मौजूदा तनावपूर्ण संबंधों की पृष्ठभूमि में दोनों नेताओं ने यह बैठक की।

बाइडन उत्तर पश्चिमी चीन में उइगर समुदाय के लोगों के मानवाधिकारों के हनन, हांगकांग में लोकतांत्रिक विरोध प्रदर्शनों को कुचलने, स्व-शासित ताइवान के खिलाफ सैन्य आक्रामकता सहित कई मुद्दों पर बीजिंग की आलोचना करते रहे हैं। वहीं, शी के अधिकारियों ने बाइडन प्रशासन पर निशाना साधते हुए अमेरिका पर चीन के आतंरिक मामलों में हस्तक्षेप करने के आरोप लगाए हैं।

बाइडन ने बैठक की शुरुआत में कहा, "चीन और अमेरिका के नेता होने के नाते यह सुनिश्चित करना हमारी जिम्मेदारी होती है कि हमारे देशों के बीच जो प्रतिस्पर्धा है वह टकराव में न बदले। इसकी बजाय यह सरल एवं सीधी प्रतिस्पर्धा रहे।"

बाइडन यह बैठक ऑनलाइन करने की बजाय शी से आमने-सामने मिलना चाहते थे, लेकिन चीन के राष्ट्रपति कोविड-19 वैश्विक महामारी के मामले सामने आने से कुछ समय पहले से ही देश से बाहर कहीं नहीं गए हैं। व्हाइट हाउस ने ही फिर ऑनलाइन बैठक का प्रस्ताव दिया, ताकि दोनों नेता संबंधों में तनाव के बारे में स्पष्ट बातचीत कर पाएं।

शी ने बाइडन से कहा कि दोनों पक्षों को संवाद बेहतर करने की आवश्यकता है। दोनों नेता उस समय एकसाथ यात्रा कर चुके हैं, जब दोनों ही अपने-अपने देश के उप राष्ट्रपति थे। शी ने बाइडन को "पुराना मित्र" बताया और कहा, "राष्ट्रपति बाइडन, मैं आपके साथ काम करने, आपसी सहमति बनाने, सक्रिय कदम उठाने और चीन-अमेरिका के संबंधों को सकारात्मक दिशा में ले जाने को तैयार हूं।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश