1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप का शीर्ष सहयोगी कोरोना पॉजिटिव, अब तक व्हाइट हाउस के 10 कर्मी हो चुके संक्रमित

ट्रंप का शीर्ष सहयोगी कोरोना पॉजिटिव, अब तक व्हाइट हाउस के 10 कर्मी हो चुके संक्रमित

 Reported By: Bhasha
 Published : Oct 07, 2020 09:08 am IST,  Updated : Oct 07, 2020 09:08 am IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के शीर्ष सहयोगी स्टीफन मिलर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही व्हाइट हाउस के अब कम से कम 10 कर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं।

Donald Trump- India TV Hindi
Donald Trump Image Source : FILE PHOTO

वॉशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के शीर्ष सहयोगी स्टीफन मिलर के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही व्हाइट हाउस के अब कम से कम 10 कर्मी कोरोना वायरस की चपेट में आ चुके हैं। मिलर ने एक बयान में कहा, ‘पिछले पांच दिन से, मैं पृथक-वास में हूं और सबसे दूर रहकर काम कर रहा हूं। कल तक किसी भी जांच में मेरे संक्रमित होने की बात सामने नहीं आई। आज, जांच में मेरे कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई और अब मैं पृथक-वास में हूं।’’

राष्ट्रपति ट्रम्प और प्रथम महिला मेलानिया ट्रम्प गत बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। इससे पहले उनकी करीबी सहयोगी होप हिक्स संक्रमित पाई गई थीं। ट्रम्प को शुक्रवार को सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से सोमवार को उन्हें छुट्टी दे दी गई। इस बीच, व्हाइट हाउस के चिकित्सक डॉ. सीन कॉनली ने बताया कि अस्पताल से आने के बाद ट्रम्प की पहली रात घर पर आराम से बीती।

उन्होंने कहा, ‘‘आज सुबह राष्ट्रपति के डॉक्टरों के दल ने उनसे उनके निवास पर मुलाकात की। घर पर उनकी रात आराम से बीती और आज उनमें संक्रमण के कोई लक्षण नहीं है।’’ वहीं ट्रम्प ने ट्वीट किया, ‘‘बेहतर महसूस कर रहा हूं।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश