1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. डोनाल्ड ट्रंप ने किया पहली प्रेसीडेंशियल डिबेट जीतने का दावा, कहा- बहुत कमजोर थे बाइडेन

डोनाल्ड ट्रंप ने किया पहली प्रेसीडेंशियल डिबेट जीतने का दावा, कहा- बहुत कमजोर थे बाइडेन

 Written By: Bhasha
 Published : Oct 01, 2020 01:03 pm IST,  Updated : Oct 01, 2020 01:03 pm IST

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि उन्होंने मंगलवार की रात अपने डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन के खिलाफ राष्ट्रपति पद के लिए होने वाली पहली बहस (प्रेसीडेंशियल डिबेट) जीत ली है।

डोनाल्ड ट्रंप ने किया पहली प्रेसीडेंशियल डिबेट जीतने का दावा, कहा- बहुत कमजोर थे बाइडेन- India TV Hindi
डोनाल्ड ट्रंप ने किया पहली प्रेसीडेंशियल डिबेट जीतने का दावा, कहा- बहुत कमजोर थे बाइडेन Image Source : PTI/AP

वाशिंगटन: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि उन्होंने मंगलवार की रात अपने डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन के खिलाफ राष्ट्रपति पद के लिए होने वाली पहली बहस (प्रेसीडेंशियल डिबेट) जीत ली है। राष्ट्रपति पद के लिए होने वाली तीन बहसों में से पहली बहस क्लीवलैंड, ओहायो में आयोजित हुई। बहस के एक दिन बाद ट्रम्प ने बुधवार को व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, ‘‘हर तरह से, हमने कल रात आसानी से बहस जीत ली।’’ 

दोनों खेमों ने जीत की घोषणा की है। ट्रम्प ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि वह (बाइडेन) बहुत कमजोर थे। वह शोर मचा रहे थे। हमने लगभग हर चुनाव में बहस जीती जो मैंने लड़ी है। यदि आप विभिन्न चुनावों को देखें, तो हमने उनमें से हर एक को जीता है।’’ सवालों के जवाब में, ट्रम्प ने कहा कि वह फ्लोरिडा और टेनेसी में होने वाली अन्य दो बहसों का इंतजार कर रहे हैं। 

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उनसे बहस करने में कोई गुरेज नहीं है। मुझे लगता है वह बहस से बचना चाहते हैं। मुझे नहीं पता। यह उनको ही पता है।’’ घोर दक्षिणपंथी समूह ‘प्राउड बॉयज़’ के बारे पूछे गए सवालों के जवाब में ट्रम्प ने कहा कि उन्हें पीछे हटना चाहिए और वक्त पर आगे आना चाहिए (स्टैंड बैक ऐंड स्टैंड बाई)। 

उन्होंने कहा कि उन्हें नहीं पता कि वे कौन हैं और कानून प्रवर्तन एजेंसियों को अपना काम करने देंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि ‘प्राउड बॉयज़’ कौन हैं। मेरा मतलब है, आपको मुझे बताना होगा, क्योंकि मैं वास्तव में नहीं जानता कि वे कौन हैं। मैं केवल यह कह सकता हूं कि उन्हें हटना होगा, उन्हें कानून प्रवर्तन एजेंसी को अपना काम करने देना चाहिए।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश