1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ट्रंप के बाद बाइडन का भी हुआ कोरोना टेस्ट, जानिए रिपोर्ट पॉजिटिव या निगेटिव

ट्रंप के बाद बाइडन का भी हुआ कोरोना टेस्ट, जानिए रिपोर्ट पॉजिटिव या निगेटिव

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Oct 02, 2020 10:18 pm IST,  Updated : Oct 02, 2020 10:21 pm IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडन का भी कोरोना वायरस टेस्ट किया गया। अब उनकी रिपोर्ट आ गई है। जो बिडेन की रिपोर्ट नेगेटिव आई है।

Joe Biden tested negative for coronavirus- India TV Hindi
Joe Biden tested negative for coronavirus Image Source : PTI

वाशिंग्टन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद डेमोक्रेटिक उम्मीदवार जो बाइडन का भी कोरोना वायरस टेस्ट किया गया। अब उनकी रिपोर्ट आ गई है। जो बाइडन की रिपोर्ट नेगेटिव आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प और उनकी पत्नी मेलानिया के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। ट्रम्प और मेलानिया के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की शुक्रवार को पुष्टि हुई। खुद ट्रम्प ने ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।

मोदी ने ट्वीट कर कहा, ‘‘मैं मेरे मित्र राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया के जल्द से जल्द स्वस्थ होने और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।’’ इससे पहले ट्रम्प ने ट्वीट कर खुद के और मेलानिया के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की जानकारी दी थी। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘हम तत्काल पृथक-वास और उपचार की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। हम इसका एकसाथ सामना करेंगे।’’ 

पुतिन ने ट्रंप के जल्द स्वस्थ होने की कामना की 

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए अपने अमेरिकी समकक्ष डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। शुक्रवार को क्रेमलिन की ओर से जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है। ट्रंप ने शुक्रवार तड़के घोषणा की थी कि वह और मेलानिया कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। क्रेमलिन ने कहा कि पुतिन ने ट्रंप को भेजे संदेश में लिखा है, ''मुझे उम्मीद है कि आपका अदम्य साहस इस खतरनाक वायरस से उबरने में आपकी मदद करेगा।''

संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने ट्रंप और उनकी पत्नी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की 

संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस ने कोरोना वायरस से संक्रमित हुए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ्य होने की कामना की है। गुतारेस के प्रवक्ता ने यह जानकारी दी। अमेरिका के राष्ट्रपति और उनकी पत्नी के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। ट्रंप ने खुद बृहस्पतिवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी। ट्रंप ने ट्वीट किया, ‘‘आज रात, मेलानिया और मेरे कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। हम तत्काल पृथक-वास में जाने और उपचार की प्रक्रिया शुरू कर रहे हैं। हम इसका एक साथ सामना करेंगे।’’ संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के प्रवक्ता ने कहा,‘‘महासचिव राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप के शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ्य होने की कामना करते हैं।’’ ट्रंप के चिकित्सक डॉ सीन कॉनली ने एक बयान में कहा, ‘‘ राष्ट्रपति और प्रथम महिला दोनों अभी स्वस्थ हैं और इलाज के दौरान उन्होंने व्हाइट हाउस में अपने घर में रहने का ही फैसला किया है।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश