1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर नजर आया राम मंदिर का डिजिटल बिलबोर्ड, देखिए वीडियो

न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर नजर आया राम मंदिर का डिजिटल बिलबोर्ड, देखिए वीडियो

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Aug 05, 2020 09:06 pm IST,  Updated : Aug 05, 2020 09:06 pm IST

अमेरिका के न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वायर पर भी बुधवार को राम मंदिर का डिजिटल बिलबोर्ड नजर आया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

न्यूयॉर्क के टाइम्स...- India TV Hindi
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर पर नजर आया राम मंदिर का डिजिटल बिलबोर्ड, देखिए वीडियो Image Source : TWITTER

नई दिल्ली. बुधवार दोपहर पीएम नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर का शिलान्यास किया। राम मंदिर को लेकर उत्सुकता न सिर्फ भारत बल्कि दुनिया के अन्य देशों में रहने वाले भारत वंशियों के बीच भी दिखाई दी। अमेरिका के न्यूयॉर्क के मशहूर टाइम्स स्क्वायर पर भी बुधवार को राम मंदिर का डिजिटल बिलबोर्ड नजर आया। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसके बैकग्राउंड में लोग 'जय श्रीराम' के नारे लगाते नजर आ रहे हैं।

देखिए वीडियो

जानिए अयोध्या में कैसा था माहौल

अयोध्या में बुधवार को कड़ी सुरक्षा और कोविड—19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए राम मंदिर के भूमि पूजन के दौरान भक्तों का जोश अपने चरम पर रहा और इस ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बनने की ख्वाहिश लिए लोग छतों पर जमा रहे और अन्य लोग टेलीविजन सेट पर नजरें गड़ाए रहे। हनुमानगढ़ी के पास का श्रृंगार हाट इलाका बेहद गहमागहमी से भरा रहा। यहां दुकानदारों, आम लोगों, सुरक्षाकर्मियों और यहां तक कि मीडियाकर्मियों को भी राम जन्मभूमि पर हो रहे अनुष्ठान का साक्षी बनने का सुरक्षित ठौर मिला।

PM Narendra Modi
Image Source : PTIPM Narendra Modi

अयोध्या में उमड़ा हुजूम भूमि पूजन के पलों का गवाह बनने के लिये बेताब था लेकिन प्रधानमंत्री के दौरे और कोविड—19 को लेकर लागू प्रोटोकॉल के मद्देनजर चुनिंदा लोगों को ही कार्यक्रम स्थल पर जाने की इजाजत थी। मीडिया को भी काफी दूर रोक दिया गया था। ऐसे में श्रृंगार हाट स्थित सर्राफा की दुकानों पर लगे टेलीविजन सेट ने लोगों को खासी राहत दी। इन दुकानों पर खड़े होकर लोगों ने कार्यक्रम देखा। इनमें मीडियाकर्मी भी शामिल थे।

PM Narendra Modi
Image Source : PTIPM Narendra Modi

जैसे ही एक समाचार चैनल के एंकर ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के अयोध्या आगमन की खबर सुनायी, भास्कर सिंह नामक उत्साही व्यक्ति ने शंख बजाया और आसपास खड़े लोगों ने 'जय श्रीराम' का नारा लगाना शुरू कर दिया। भूमि पूजन के हर पल को आंखों में बसाना चाह रहे लोगों की भीड़ के बीच सोशल डिस्टेंसिंग जैसी कोई चीज नजर नहीं आयी। अनेक लोग अपने-अपने घर की छतों पर भी खड़े नजर आये। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जब हनुमानगढ़ी पहुंचे तो उनके काफिले की गाड़ियों को देखकर उत्साहित लोगों ने 'जय श्रीराम' के नारे लगाए। भूमि पूजन के दिन अयोध्या में उल्लास नजर आया और कहीं किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

PM Narendra Modi
Image Source : PTIPM Narendra Modi

जिला अधिकारी अनुज कुमार झा ने बताया कि जिले में कहीं भी कोई अप्रिय घटना घटित नहीं हुई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने भी बताया कि भूमि पूजन के दिन अयोध्या में पूरी तरह शांति रही। श्रृंगार हाट स्थित सर्राफा की दुकान पर टीवी में कार्यक्रम देख रही 60 वर्षीय शांति ने बताया कि वह इस ऐतिहासिक और गौरवशाली क्षण का गवाह बनकर बेहद खुश हैं। ऐसा पल किसी व्यक्ति के जीवन में एक ही बार आता है।

PM Narendra Modi
Image Source : PTIPM Narendra Modi

बेहद भावुक हुए महेन्द्र यादव ने कहा कि यह उनकी जिंदगी का बेहद महत्वपूर्ण लम्हा है। अगर मौका मिला तो वह अपने नाती-पोतों को आज के दिन के बारे में बताएंगे। भाषण के दौरान पीएम मोदी ने जब 'सियावर रामचंद्र की' का आह्वान किया तो श्रृंगार हाट में मौजूद लोगों ने जय घोष किया और शंख बजाया। मगर जैसे ही प्रधानमंत्री ने अपना सम्बोधन शुरू किया, पूरा मजमा खामोश होकर उनकी बात सुनने लगा। उनमें से कई लोगों ने उनके भाषण की अपने मोबाइल फोन में रिकार्डिंग शुरू कर दी।

PM Narendra Modi
Image Source : PTIPM Narendra Modi

प्रधानमंत्री ने जब चौपायी पढ़ी तो लोगों ने भी उसे दोहराया। श्रृंगार हाट में सर्राफा कारोबारी शिव दयाल सोनी ने कहा, ''मेरी दुकान पर पहली बार ऐसे लोगों की भीड़ जुटी जो कोई आभूषण खरीदने नहीं आये थे। आज कोई ग्राहक नहीं आया बल्कि केवल श्रद्धालु जुटे।''

PM Narendra Modi
Image Source : PTIPM Narendra Modi

इस मौके पर कुछ दुकानदार लोगों के बीच लड्डू बांटते नजर आये। इनमें से एक सावित्री सोनी ने कहा, ''मैं इस क्षण पर बहुत गौरव का अनुभव कर रहा हूं। लोग मेरी दुकान पर सिर्फ टीवी देखने आ रहे हैं, मगर मुझे बुरा नहीं लग रहा है, बल्कि इससे मुझे बेहद संतोष हो रहा है। आज मुझे रामायण धारावाहिक के प्रसारण के वक्त का माहौल याद आ रहा है, जब लोग मुहल्ले के किसी एक घर में टीवी पर रामायण देखने के लिये जुटते थे।'' भूमि पूजन के प्रति उत्साहित लोगों ने अपने घरों की बाल्कनी, बरामदों और छतों पर भगवान राम और हनुमान की तस्वीरों के साथ भगवा झंडे भी फहराये। 

PM Narendra Modi
Image Source : PTIPM Narendra Modi

With inputs from Bhasha

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश