1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. पूरी तरह बर्बाद नहीं हुए हैं सीरिया के रासायनिक हथियार, फिर कर सकते हैं हमला: अमेरिका

पूरी तरह बर्बाद नहीं हुए हैं सीरिया के रासायनिक हथियार, फिर कर सकते हैं हमला: अमेरिका

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 20, 2018 02:53 pm IST,  Updated : Apr 20, 2018 02:53 pm IST

पिछले दिनों अमेरिका ने ब्रिटेन और फ्रांस के साथ मिलकर सीरिया के रासायनिक हथियारों के जखीरे को निशाना बनाया था...

Kenneth F. McKenzie Jr | AP- India TV Hindi
Kenneth F. McKenzie Jr | AP

वॉशिंगटन: पिछले दिनों अमेरिका ने ब्रिटेन और फ्रांस के साथ मिलकर सीरिया के रासायनिक हथियारों के जखीरे को निशाना बनाया था। अमेरिकी कार्रवाई के समर्थन में दुनिया के कई देश आए थे, वहीं कुछ देशों ने इस हमले की निंदा भी की थी। समर्थन करने वालों में जहां सऊदी अरब, बहरीन जैसे देश थे, वहीं ईरान और रूस इस हमले पर तिलमिला गए थे। इस हमले के बाद अब पेंटागन का कहना है कि सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार के पास अभी भी सीमित स्तर पर रासायनिक हमले करने की क्षमता है।

अभी पिछले ही सप्ताह सीरिया में रासायनिक हथियारों को निशाना बनाते हुए क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया था। पेंटागन ने अपने बयान में कहा कि जरूरत पड़ने पर फिर से सीरिया पर हमला किया जा सकता है। अमेरिकी सेना के ज्वाइंट स्टाफ के निदेशक जनरल केनेथ मैकेंजी का कहना है कि सीरियाई सरकार के पास देश में विभिन्न जगहों पर अभी भी रासायनिक हथियार हैं। पेंटागन में मैकेंजी ने कहा, ‘भविष्य में उनके पास सीमित स्तर पर हमले करने की क्षमता होगी।’ हालांकि असद सरकार ने रासायनिक हथियारों से इस्तेमाल से हमेशा इनकार किया है और आरोपों को झूठा बताया है।

पेंटागन प्रवक्ता डाना व्हाइट का कहना है कि जरूरत पड़ने पर हम उनपर हमला करने के लिए तैयार होंगे। डाना व्हाइट ने कहा कि असद को पता होना चाहिए कि दुनिया किसी भी सूरत में रासायनिक हमलों को बर्दाश्त नहीं करेगी। पेंटागन के इस ताजा बयान से साफ है कि अमेरिका अभी भी सीरिया को छोड़ने के मूड में नहीं है और यदि आगे भी रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल किया गया तो वह हमला करने से नहीं रुकेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश