1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. ‘शटडाउन’ संकट से बाहर आया अमेरिका, सीनेट में 2 साल के बजट को मंजूरी

‘शटडाउन’ संकट से बाहर आया अमेरिका, सीनेट में 2 साल के बजट को मंजूरी

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 09, 2018 08:45 pm IST,  Updated : Feb 09, 2018 08:45 pm IST

अमेरिकी सीनेट ने शुक्रवार को 2 वर्षीय बजट समझौते को मंजूरी दे दी, जिससे संघीय सरकार का कामकाज फिर से शुरू हो जाएगा...

Representational Image | AP Photo- India TV Hindi
Representational Image | AP Photo

वॉशिंगटन: अमेरिकी सीनेट ने शुक्रवार को 2 वर्षीय बजट समझौते को मंजूरी दे दी, जिससे संघीय सरकार का कामकाज फिर से शुरू हो जाएगा। इस योजना को प्रतिनिधिसभा में भेजा जा रहा है, जहां इसे पारित होने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीनेट में बजट समझौते के पक्ष में 71 और विपक्ष में 28 मत पड़े। वहीं, गुरुवार रात केंटकी के सीनेटर रैंड पॉल द्वारा विधेयक को पारित होने में अड़ंगा लगाने से एक महीने से भी कम समय में अमेरिकी संघीय सरकार को शुक्रवार तड़के दूसरी बार बंदी का सामना करना पड़ा। 

बजट करार में भारी खर्च सीमा से नाराज रिपब्लिकन पार्टी के पॉल ने संशोधन की मांग करते हुए घंटों की देरी की। पॉल ने कहा, ‘आज रात मेरे यहां होने का कारण लोगों को जवाबदेही के लिए मजबूर करना है। मैं चाहता हूं कि लोग असहज महसूस करें। मैं चाहता हूं कि वे घर बैठे लोगों को जवाब दें, जिन्होंने कहा था कि आप राष्ट्रपति ओबामा के समय में राजकोषीय घाटे के खिलाफ थे, लेकिन रिपब्लिकन के घाटे पर आपका क्या रुख है?’

ऐसा करके पॉल ने मतदान प्रक्रिया शुक्रवार देर रात 1 बजे कराने के लिए मजबूर कर दिया। समझौते में 600 से ज्यादा पृष्ठ हैं, जो बुधवार देर रात जारी हुए, जिसमें बड़े और छोटे प्रावधानों का जिक्र है। गौरतलब है कि पिछले दिनों फंड की कमी की वजह से अमेरिकी सरकार का कामकाज ठप हो गया था।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश