1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. कमला हैरिस के लिए ए. आर रहमान ने बनाया 30 मिनट का वीडियो, जानें दिया क्या संदेश

कमला हैरिस के लिए ए. आर रहमान ने बनाया 30 मिनट का वीडियो, जानें दिया क्या संदेश

 Published : Oct 12, 2024 11:38 am IST,  Updated : Oct 12, 2024 11:38 am IST

अमेरिका में अगले महीने होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को लेकर ए आर रहमान ने कमला हैरिस की उम्मीदवारी का समर्थन किया है। भारतीय संगीतकार ने उनके लिए 30 मिनट का एक वीडियो संदेश भी रिकॉर्ड किया है, जिसे हैरिस के कार्यक्रम में 13 अक्टूबर को पेश किया जाएगा।

अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और ए आर रहमान खान- India TV Hindi
अमेरिका की उपराष्ट्रपति कमला हैरिस और ए आर रहमान खान Image Source : PTI

वाशिंगटन: अमेरिका में 5 नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव को लेकर कमला हैरिस की ओर से बुलावा आने के बाद भारतीय संगीतकार ए आर रहमान ने उनके लिए 30 मिनट का एक खास वीडियो बनाया है। इस वीडियो में ए आर रहमान ने क्या कुछ संदेश दिया है। आइये उस बारे में आपको बताते हैं। मगर सबसे पहले बता दें कि ए आर रहमान को कमला हैरिस की ओर से यह बुलावा किस लिए आया। बता दें कि कमला हैरिस के लिए समर्थन करने वाले एक अमेरकी समूह ने उनकी ऐतिहासिक दावेदारी के दिन ए आर रहमान को संगीत कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए 1 दिन पहले ही यह बुलावा भेजा है।

इसके बाद अब रहमान ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के समर्थन में अपने संगीत कार्यक्रम का 30 मिनट का एक वीडियो रिकॉर्ड किया है, जिससे पांच नवंबर को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले उनके (हैरिस के) प्रचार अभियान को बड़ा बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। रहमान (57) दक्षिण एशिया के पहले बड़े अंतरराष्ट्रीय कलाकार हैं जिन्होंने भारतीय-अफ्रीकी मूल की हैरिस का समर्थन किया है। ‘एशियन अमेरिकन पैसिफिक आइलैंडर्स (एएपीआई) विक्ट्री फंड’ के अध्यक्ष शेखर नरसिम्हन ने कहा, ‘‘इस प्रस्तुति के साथ ही ए आर रहमान उन नेताओं और कलाकारों के समूह में शामिल हो गए हैं जो अमेरिका में प्रगति और प्रतिनिधित्व का समर्थन कर रहे हैं।’’

ए आर रहमान ने क्या कहा

शेखर नरसिम्हन ने कहा, ‘‘यह सिर्फ एक संगीत कार्यक्रम से कहीं अधिक है, यह हमारे समुदायों के लिए कार्रवाई का आह्वान है कि वे उस भविष्य के निर्माण की कवायद में शामिल हों और वोट करें, जिसे हम देखना चाहते हैं।’’ इससे पहले, एएपीआई विक्ट्री फंड ने घोषणा की कि विश्व विख्यात भारतीय संगीतकार और गायक रहमान ने हैरिस के 2024 के राष्ट्रपति अभियान के समर्थन में 30 मिनट का विशेष वीडियो रिकॉर्ड किया है।

इस वीडियो का एएपीआई विक्ट्री फंड के यूट्यूब पर 13 अक्टूबर को प्रसारण किया जाएगा। एक मीडिया विज्ञप्ति में कहा गया है कि 30 मिनट के इस कार्यक्रम में रहमान के कुछ सबसे पसंदीदा गाने शामिल होंगे, जिनमें कमला हैरिस की ऐतिहासिक उम्मीदवारी और एएपीआई समुदाय के प्रति प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालने वाले संदेश भी शामिल होंगे। हालांकि इस 30 मिनट के वीडियो में कौन-कौन से गाने और संदेश हैं, इस बारे में अभी कुछ खुलासा नहीं किया गया है।  (भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश