1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के समुद्र तट पर की बड़ी कार्रवाई, तेल टैंकर को रोका; भड़के मादुरो

अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के समुद्र तट पर की बड़ी कार्रवाई, तेल टैंकर को रोका; भड़के मादुरो

 Published : Dec 21, 2025 08:12 am IST,  Updated : Dec 21, 2025 08:12 am IST

अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का आदेश मिलने के बाद अमेरिकी सेना ने एक बार फिर वेनेजुएला के समुद्री तट के पास एक तेल टैंकर को जब्त किया है।

Nicolas Maduro (L) Donald Trump (R)- India TV Hindi
Nicolas Maduro (L) Donald Trump (R) Image Source : AP

वॉशिंगटन: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। इस बीच अमेरिकी सेना ने कहा है कि 2 सप्ताह से भी कम समय में दूसरी बार वेनेजुएला के तट के पास एक तेल टैंकर को रोका गया है। सेना ने कहा कि ऐसा इस वजह से किया गया है क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर दबाव बढ़ा रहे हैं। ट्रंप ने दक्षिण अमेरिकी देश से आने-जाने वाले सभी प्रतिबंधित तेल टैंकरों की नाकेबंदी का आदेश दिया है। इससे पहले 10 दिसंबर को अमेरिकी सेना ने वेनेजुएला के समुद्री तट के पास एक तेल टैंकर को जब्त किया था।

जारी रहेगी अमेरिकी सेना की कार्रवाई

होमलैंड सिक्योरिटी सेक्रेटरी क्रिस्टी नोएम ने पुष्टि की है कि अमेरिकी कोस्ट गार्ड ने रक्षा विभाग की मदद से उस तेल टैंकर को रोका जो आखिरी बार वेनेजुएला में डॉक किया गया था। यह तुरंत स्पष्ट नहीं था कि जहाज अमेरिकी प्रतिबंधों के तहत था या नहीं। नोएम ने कहा कि अमेरिका प्रतिबंधित तेल की अवैध आवाजाही का पीछा करना जारी रखेगा जिसका उपयोग क्षेत्र में नार्को आतंकवाद को फंड देने के लिए किया जाता है।

वेनेजुएला ने क्या कहा?

वेनेजुएला की सरकार ने एक बयान में अमेरिकी सेना की कार्रवाई को आपराधिक कृत्य बताया है। बयान के अनुसार, "वेनेजुएला के तेल का परिवहन करने वाले एक और निजी जहाज की चोरी और अपहरण, साथ ही अंतरराष्ट्रीय जल में ऐसी कार्रवाई की कड़ी निंदा करता है और उसे खारिज करता है।" मदुरो ने कहा है कि अमेरिकी सैन्य अभियानों का असली मकसद उन्हें सत्ता से हटाना है।

ट्रंप दिखा रहे सख्त तेवर

यह सब तब हो रहा है जब ट्रंप ने मादुरो के खिलाफ बयानबाजी तेज कर दी है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि वेनेजुएला के नेता के पास अब सत्ता में रहने के गिने-चुने दिन बचे हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा था कि वेनेज़ुएला उन संपत्तियों को वापस करे जिन्हें उसने सालों पहले अमेरिकी तेल कंपनियों से जब्त किया था। ट्रंप ने यह भी कहा था कि "हम किसी को भी वहां से गुजरने नहीं देंगे जिसे नहीं गुजरना चाहिए।"

मारे जा चुके हैं  104 लोग

अमेरिकी तेल कंपनियों का वेनेज़ुएला के पेट्रोलियम उद्योग पर तब तक दबदबा था जब तक कि देश के नेताओं ने इस सेक्टर का राष्ट्रीयकरण नहीं कर दिया। टैंकरों को निशाना बनाने का यह कदम तब आया है जब ट्रंप ने रक्षा विभाग को कैरिबियन और पूर्वी प्रशांत महासागर में जहाजों पर हमले का आदेश दिया है। सितंबर की शुरुआत से अब तक 28 ज्ञात हमलों में कम से कम 104 लोग मारे गए हैं। व्हाइट हाउस की चीफ ऑफ स्टाफ सूसी वाइल्स ने इस हफ्ते पब्लिश हुए वैनिटी फेयर के साथ एक इंटरव्यू में कहा कि ट्रंप "तब तक नावों को उड़ाते रहना चाहते हैं जब तक कि मादुरो हार ना मान लें।"

यह भी पढ़ें:

Bangladesh Violence Live: बांग्लादेश में बढ़ा बवाल, बैरिकेड्स तोड़कर संसद भवन में घुसे प्रदर्शनकारी; यूनुस सरकार को दिया 24 घंटे का अल्टीमेटम

इस्लामिक स्टेट पर हमले के बाद मुस्लिम देश का बड़ा बयान, कहा- अमेरिका के साथ मिलकर हमारे जहाजों ने भी बरसाए बम

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश