ईरान में भड़की हिंसा के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों को अपना समर्थन किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा, 'ईरानी देशभक्तों, विरोध जारी रखें, अपने संस्थानों पर कब्जा करें! हत्यारों और दुर्व्यवहार करने वालों के नाम याद रखें। उन्हें इसकी बड़ी कीमत चुकानी पड़ेगी। जब तक प्रदर्शनकारियों की बेमतलब हत्या बंद नहीं हो जाती, मैंने ईरानी अधिकारियों के साथ सभी मीटिंग रद्द कर दी हैं। मदद आ रही है।'
ईरान को फिर से महान बनाओ- ट्रंप
ईरान में अमेरिका की संभावित कार्रवाई का महत्वपूर्ण संकेत देते हुए ट्रंप ने ये ऐलान 'ईरान को फिर से महान बनाओ' (Make Iran Great Again, MIGA) नारे के साथ कही है। इससे पहले, ट्रंप ने कहा था कि देशभर में बड़े पैमाने पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों के बीच सैन्य कार्रवाई की धमकियों के बाद ईरान के नेतृत्व ने उनसे बातचीत करने के प्रयास में संपर्क किया था।

ट्रंप से शीघ्र कार्रवाई करने की अपील
ईरान के निर्वासित प्रिंस रजा पहलवी ने अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप से ईरान के धार्मिक नेतृत्व (खामनेई शासन) के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है। ईरान में हो रहे विरोध प्रदर्शन में बेगुनहों की जान जा रही है।
करीब 2000 की मौत
ईरान में खराब आर्थिक परिस्थितियों के कारण हो रहे विरोध प्रदर्शन अब हिंसक हो गए हैं। करीब 2000 से अधिक लोगों की जान चली गई हैं। बड़ी संख्या में लोग घायल भी हैं। ईरान की सड़कों में सरकारी इमारतें और संपत्तियों पर आग लगाई जा रही है।
खामनेई मुर्दाबाद के लग रहे नारे
ईरान के कई राज्यों में बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, जहां महंगाई, आर्थिक संकट और शासन की विफलताओं को लेकर जनता सड़क पर उतर आई है। ईरान की जनता अपने सुप्रीम लीडर अयातुल्लाह अली खामेनेई के खिलाफ खुली बगावत में उतर आई है। प्रदर्शनकारी खामनेई मुर्दाबाद (Death to Khamenei) के नारे लगा रहे हैं। अब इन प्रदर्शनकारियों को अमेरिका का समर्थन मिल गया है। ट्रंप ने प्रदर्शनकारियों से साफ कहा कि अमेरिका से मदद आ रही है।