1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में फिर गोलीबारी, क्लीवलैंड में एक शख्स ने पड़ोसियों पर की फायरिंग, 5 लोगों की मौत

अमेरिका में फिर गोलीबारी, क्लीवलैंड में एक शख्स ने पड़ोसियों पर की फायरिंग, 5 लोगों की मौत

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Apr 29, 2023 11:27 pm IST,  Updated : Apr 29, 2023 11:27 pm IST

यह घटना रात में उस वक्त हुई जब मकान के पिछले हिस्से में गोलियां चला रहे व्यक्ति को उसके पड़ोसियों ने गोलीबारी बंद करने को कहा क्योंकि वे उस वक्त सोने का प्रयास कर रहे थे।

अमेरिका में फिर गोलीबारी, क्लीवलैंड में एक शख्स ने पड़ोसियों पर की फायरिंग, 5 लोगों की मौत- India TV Hindi
अमेरिका में फिर गोलीबारी, क्लीवलैंड में एक शख्स ने पड़ोसियों पर की फायरिंग, 5 लोगों की मौत Image Source : FILE

America Gun Firing: अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। ताजा मामले में अमेरिकी राज्य टेक्सास के क्लीवलैंड में एक व्यक्ति ने राइफल लेकर अपने पड़ोसियों पर गोली चलानी शुरू कर दी, जिससे आठ साल के एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह घटना रात में उस वक्त हुई जब मकान के पिछले हिस्से में गोलियां चला रहे व्यक्ति को उसके पड़ोसियों ने गोलीबारी बंद करने को कहा क्योंकि वे उस वक्त सोने का प्रयास कर रहे थे। 

सैन जैसिंटो काउंटी के शेरिफ ग्रेग केपर्स ने कहा कि ह्यूस्टन से करीब 72 किलोमीटर उत्तर में क्लीवलैंड शहर में गोलीबारी की घटना के बाद अधिकारी 39 वर्षीय संदिग्ध की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संदिग्ध ने गोलीबारी में एआर राइफल का इस्तेमाल किया। केपर्स ने कहा कि बहस के बाद पीड़ित परिवार के सदस्य पड़ोसी की दीवार तक चले गए और संदिग्ध को गोलीबारी बंद करने के लिए कहा। 

केपर्स के अनुसार, संदिग्ध ने उन्हें यह जवाब दिया कि यह उसका परिसर है। मृतकों में तीन महिलाएं हैं। केपर्स ने कहा कि मृतकों की उम्र आठ साल से 40 वर्ष के बीच है। मृतकों में सभी होंडुरास के नागरिक थे। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले दक्षिण पूर्व वॉशिंगटन के पास फैयरलॉन में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस ने बताया कि यह घटना 19वी स्ट्रीट 1500 ब्लॉक इलाके में इुई। पुलिस ने बताया कि मृतक के शरीर पर कई गोलियों के  घाव दिखे। इससे कुछ दिन पहले भी अमेरिका के आर्कन्सास प्रांत में भी गोलीबारी हुई थी। यहां गोलीबारी की दो अलग अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत हो गई थी। वहीं 5 लोग घायल हो गए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश