1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. भारत के खिलाफ साजिश रचने वाला आतंकी हैप्पी पासिया पकड़ा गया, लंबी है इसके गुनाहों की फेहरिस्त

भारत के खिलाफ साजिश रचने वाला आतंकी हैप्पी पासिया पकड़ा गया, लंबी है इसके गुनाहों की फेहरिस्त

 Reported By: Abhay Parashar,  Puneet Pareenja Edited By: Dharmendra Kumar Mishra
 Published : Apr 17, 2025 11:21 pm IST,  Updated : Apr 18, 2025 02:18 pm IST

कुख्यात आतंकी हरप्रीत सिंह, उर्फ हैप्पी पासिया अमेरिका में पकड़ा गया है। पासिया पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़ा हुआ है।

आतंकी हैप्पी पासिया पकड़ा गया (M)- India TV Hindi
आतंकी हैप्पी पासिया पकड़ा गया (M) Image Source : INDIA TV

वाशिंगटनः भारत का मोस्ट वांटेड और कुख्यात आतंकी हरप्रीत सिंह, उर्फ हैप्पी पासिया को अमेरिका में इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने हिरासत में लिया है। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI और प्रतिबंधित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (BKI) से जुड़े पासिया ने हाल ही में पंजाब में 14 से अधिक आतंकी वारदातों को अंजाम दिलवाया था। हैप्पी पासिया ने पाकिस्तान स्थित आतंकी हरविंदर सिंह संधू, उर्फ रिंदा, और BKI के साथ मिलकर पंजाब में कई आतंकी घटनाओं को अंजाम दिया था। उसका मकसद क्षेत्र में अस्थिरता फैलाना और BKI के आतंकी एजेंडे को बढ़ावा देना था।  अमेरिका में उसकी हिरासत आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक बड़ी सफलता है। 

मैट्रिक पास है पासिया

गैंगस्टर व आतंकवादी हैप्पी पासिया की बात करें तो वह मैट्रिक पास है। पासिया कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा ट्रैकिंग से बचने के लिए अलग-अलग देश के कोड वाले अनट्रेसेबल बर्नर फोन नंबरों का इस्तेमाल कर रहा था। अमृतसर ग्रामीण पुलिस जिले के रामदास पुलिस स्टेशन के अंतर्गत पासिया गांव का रहने वाला हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी पासिया उर्फ जोरा 2021 में मेक्सिको सीमा के माध्यम से अवैध रूप से अमेरिका जाने से पहले कुछ महीनों के लिए यूके में रहा था। पासिया के यूके में रहने वाले कई आपराधिक साथी हैं। जहां उसने 2020-21 में कुछ महीने बिताए थे। उसके बाद वह अवैध रूप से अमेरिका चला गया। यूके में इन साथियों ने उसे बर्नर फोन नंबर मुहैया कराए थे।

ऐसे बना बड़ा गैंगस्टर

हैप्पी पासिया के पिता का नाम गुरविंदर पाल सिंह है। हैप्पी का असली नाम हरप्रीत सिंह है, लेकिन लोग उसे जोरा कहकर भी पुकारते हैं। एनआईए  ने 9 जनवरी को उसके ऊपर 5 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। अपराध की दुनिया में छोटी-मोटी वारदात करके एंट्री लेने वाला हैप्पी आईएसआई के संरक्षण में आने के बाद अचानक बड़ा गैंगस्टर बन गया था। आइएसआई  के कारण उसे खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल  में जगह मिली, जहां उसे कमांडर का दर्जा हासिल है। पंजाब में कई वारदात करने के बाद पकड़े जाने के बाद हैप्पी पहले कनाडा और फिर अमेरिका भाग गया था और वहीं से अपने गैंग को चला रहा था।

पासिया ने कराए 14 से ज्यादा आतंकी हमले

हैप्पी पासिया ने ही जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड अटैक की जिम्मेदारी ली थी। इसके अलावा उसने जनवरी, 2025 में अमृतसर में गुमटाला पुलिस चौकी के करीब पंजाब पुलिस के सीनियर अफसर की गाड़ी को भी बम से उड़ाने की जिम्मेदारी ली थी। चंडीगढ़ के सेक्टर 10 में हुए ग्रेनेड अटैक की भी जिम्मेदारी हैप्पी ने खुद ली थी। एनआईए  के रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले एक साल के दौरान पंजाब में हैप्पी ने 14 से ज्यादा आतंकी हमले कराए हैं। इसके लिए वह अपने लिंक्स के जरिए स्थानीय पंजाबी बेरोजगार युवाओं को बहकाता है और उन्हें पैसे का लालच देकर वारदात करने के लिए तैयार करता है।

लिस्ट में शामिल था पासिया का नाम

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया अमेरिका दौरे के दौरान भारतीय अधिकारियों ने अमेरिकी अधिकारियों के साथ एक लिस्ट शेयर की थी। इस लिस्ट में उन खालिस्तानी आतंकियों के नाम थे, जो अमेरिका की धरती पर रहकर भारत में आतंकी वारदात कराने या पंजाब में अशांति फैलाने की कोशिश करने का काम कर रहे थे। इस लिस्ट में हैप्पी पासिया का भी नाम शामिल था।

हैपी ने कई वारदातों की ली जिम्मेदारी

  • 10 सितंबर, 2024 को चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में शाम के समय NRI की कोठी पर ग्रेनेड फेंककर धमाका किया गया था।
  • 24 नवंबर, 2024 को अजनाला थाने के बाहर लगाया गया RDX नहीं फटा, लेकिन इसकी जिम्मेदारी हैप्पी ने ली थी।
  • 27 नवंबर, 2024 को गुरबख्श नगर में बंद पड़ी पुलिस चौकी को ग्रेनेड फेंककर उड़ा दिया गया था।
  • 2 दिसंबर, 2024 को एसबीएस नगर के काठगढ़ थाने में हुए ग्रेनेड अटैक में 3 आतंकी गिरफ्तार हुए थे। जिम्मेदारी हैप्पी ने ली थी।
  • 4 दिसंबर, 2024 को मजीठा थाने में ग्रेनेड अटैक की तस्वीर पूर्व MLA बिक्रम सिंह मजीठिया ने शेयर की, लेकिन पुलिस बोली टायर फटा था।
  • 13 दिसंबर, 2024 को अलीवाल बटाला थाने में हैंड ग्रेनेड से रात में अटैक किया गया। इसकी जिम्मेदारी भी हैप्पी पासिया ने ली थी।
  • 17 दिसंबर, 2024 को इस्लामाबाद थाने पर हैंड ग्रेनेड विस्फोट किया गया। हैप्पी पासिया ने इसे भी अपना कारनामा बताया था।
  • 19 जनवरी, 2025 को अमृतसर की गुमटाला पुलिस चौकी के पास सीनियर पुलिस अफसर की गाड़ी को बम से उड़ाया गया था।
  • 16 जनवरी, 2025 को अमृतसर जिले के गांव जैंतीपुर में शराब कारोबारी अमनदीप जैंतीपुरिया के घर पर रात के समय ग्रेनेड फेंका गया।
  • 3 फरवरी, 2025 को अमृतसर के फतेहगढ़ चूडियां रोड पर बंद पड़ी पुलिस चौकी पर भी आतंकियों ने हैंड ग्रेनेड फेंका था।
  • 14 फरवरी, 2025 को गुरदासपुर जिले के डेरा बाबा नानक में पुलिसकर्मी के घर पर हैंड ग्रेनेड फेंका गया था।
  • 15 मार्च, 2025 को अमृतसर के ठाकुरद्वारा मंदिर पर हमला, गुरसिदक सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया गया।
  • 9 अप्रैल, 2025 को जालंधर में भाजपा नेता मनोरंजन कालिया के घर पर ग्रेनेड फेंककर धमाका करने की जिम्मेदारी भी हैप्पी ने ली थी।
Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश