1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. America के नॉर्थ कैरोलाइना में हुई अंधाधुंध फायरिंग, पांच की मौत

America के नॉर्थ कैरोलाइना में हुई अंधाधुंध फायरिंग, पांच की मौत

 Published : Oct 14, 2022 11:48 pm IST,  Updated : Oct 14, 2022 11:48 pm IST

America News: अमेरिका के उत्तर कैरोलाइना के रेलीग में बृहस्पतिवार को 15 वर्ष के एक किशोर ने अपने पड़ोस की एक सड़क पर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी।

Representational Image- India TV Hindi
Representational Image Image Source : PTI

Highlights

  • घंटों तक अधिकारियों की पकड़ में नहीं आया आरोपी: पुलिस
  • 'अधिकारियों को इस घटना के पीछे कोई मकसद का पता नहीं चला है'

America News: अमेरिका के उत्तर कैरोलाइना के रेलीग में बृहस्पतिवार को 15 वर्ष के एक किशोर ने अपने पड़ोस की एक सड़क पर दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। बाद में वह एक अन्य इलाके में गया और वहां गोलीबारी करके तीन और व्यक्तियों की हत्या कर दी और दो अन्य को घायल कर दिया। यह जानकारी पुलिस ने दी। रेलीग पुलिस प्रमुख एस्टेला पैटरसन ने कहा कि बृहस्पतिवार देर रात हुई गोलीबारी के बाद संदिग्ध को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया। 

'मृतकों में पुलिसकर्मी भी शामिल'

पैटरसन ने एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान कहा कि पीड़ित व्यक्ति नस्ली रूप से विविध समूह के हैं और उनकी उम्र 16 से लेकर 50 वर्ष के करीब है। मृतकों में रेलीग का एक पुलिस अधिकारी गेब्रियल टोरेस (29) भी शामिल है जो घटना के समय ड्यूटी पर नहीं था। उक्त अधिकारी गोलीबारी के समय काम पर जा रहा था। पुलिस ने अन्य पीड़ितों की पहचान: निकोल कोनर्स (52), मैरी मार्शल (34), सुजैन कर्नाट्ज़ (49) और जेम्स रोजर थॉम्पसन (16) के तौर पर की है। 59 वर्षीय मार्सिले लिन गार्डनर घायल हैं और शुक्रवार को उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था। घटना में घायल हुए एक अन्य पुलिस अधिकारी 33 वर्षीय केसी जोसेफ क्लार्क को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। 

बड़े पैमाने पर चलाया गया तलाशी अभियान

पुलिस ने कहा कि पुलिस ने संदिग्ध की तुरंत पहचान नहीं की और वह घंटों तक अधिकारियों की पकड़ में नहीं आया। पुलिस ने बताया कि उसे बाद में एक घर में घेर कर पकड़ लिया गया। अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि संदिग्ध कैसे घायल हुआ। पैटरसन ने कहा कि गोलीबारी की घटना के चलते पुलिस ने व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया और संदिग्ध को खोजने और पकड़ने के लिए 3 किलोमीटर से अधिक के क्षेत्र में छानबीन की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इस घटना के पीछे कोई मकसद का पता नहीं चला है। 

'हम सभी सवालों के जवाब जानना चाहते हैं'

गवर्नर आर कूपर ने गोलीबारी की घटना को ‘‘बंदूक हिंसा का एक क्रूर और दुखद घटना’’ कहा। उन्होंने कहा, ‘‘आज हम दुखी हैं, हम गुस्से में हैं और हम सभी सवालों के जवाब जानना चाहते हैं।’’ रेलीग मेयर मैरी-एन बाल्डविन ने कहा कि गोलीबारी की घटना शाम करीब पांच बजे शहर के उत्तर-पूर्व स्थित एक आवासीय क्षेत्र में हुई। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश