1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. US Presidential Election: ट्रंप का बड़ा सियासी हमला, बोले 'शासन करने के योग्य नहीं हैं कमला'

US Presidential Election: ट्रंप का बड़ा सियासी हमला, बोले 'शासन करने के योग्य नहीं हैं कमला'

 Published : Jul 25, 2024 12:22 pm IST,  Updated : Jul 25, 2024 12:22 pm IST

अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। नेताओं की तरफ से एक दूसरे पर सियासी वार भी तेज हो गए हैं। इस बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस पर निशाना साधा है।

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप- India TV Hindi
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप Image Source : FILE AP

वाशिंगटन: अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति और रिपब्लिकन पार्टी के राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उपराष्ट्रपति कमला हैरिस देश में शासन करने के योग्य नहीं हैं। हैरिस के संभावित उम्मीदवार बनने के बाद पहली बार अपनी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए ट्रंप ने डेमोक्रेटिक प्रतिद्वंद्वी पर यह तीखा हमला किया। राष्ट्रपति जो बाइडन (81) ने बीते सप्ताह राष्ट्रपति पद की चुनावी दौड़ से अपना नाम वापस ले लिया था और फिर उन्होंने कमला हैरिस के नाम का अनुमोदन किया था। हैरिस (59) अब संभावित डेमोक्रेटिक उम्मीदवार हैं और अगस्त में 'डेमोक्रेटिक नेशनल कन्वेंशन' में उन्हें आधिकारिक तौर पर पार्टी की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित किया जाएगा।

'देश को नष्ट कर देंगी कमला'

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, "कमला हैरिस अमेरिकी इतिहास की सबसे उदार निर्वाचित राजनीतिज्ञ हैं। वह एक अति-उदारवादी राजनीतिज्ञ हैं। वह बर्नी सैंडर्स से भी ज्यादा उदार हैं।" पूर्व राष्ट्रपति ने आरोप लगाया, "अगर वह कभी सत्ता में आईं तो वह इस देश को बहुत तेजी से नष्ट कर देंगी। हम ऐसा नहीं होने देंगे।’’ उन्होंने कहा कि हैरिस सीमा की सरदार थीं, लेकिन वह कभी सीमा पर नहीं गईं। ट्रंप ने कहा, "अगर कमला आपसे जो बाइडेन की मानसिक अक्षमता के बारे में इतनी बेशर्मी से झूठ बोलेंगी, तो वह आपसे किसी भी चीज के बारे में झूठ बोल सकती हैं। उन पर कभी भी भरोसा नहीं किया जा सकता। कुटिल जो बाइडेन की तरह ही कमला हैरिस भी नेतृत्व करने के लिए अयोग्य हैं। वह एक साल में हमारे देश को नष्ट कर देंगी।" 

अमेरिकी लोग क्या कहेंगे...

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, "इस नवंबर में अमेरिकी लोग उनसे कहेंगे, बहुत हो गया कमला, अब शुक्रिया। आपने बहुत खराब काम किया है। आपने जो भी किया है, उसमें आपका प्रदर्शन बहुत खराब रहा है। आप अति-उदारवादी हैं। हम आपको यहां नहीं चाहते। हम आपको कहीं भी नहीं चाहते। कमला, आपको निकाल दिया गया है। यहां से निकल जाइए। आपको निकाल दिया गया है।" (भाषा)

यह भी पढ़ें:

इजराइली PM नेतन्याहू के सख्त तेवर, जानिए किसे कहा 'आप ईरान के हाथों की कठपुतली बन चुके हैं'

ट्रंप पर हमला करने वाले शख्स का लैपटॉप खोल रहा राज, आरोपी ने यहां से जुटाई थी अहम जानकारी

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश