ह्यूस्टन (अमेरिका): अमेरिका के टेक्सास नगर परिषद चुनावों के शुरुआती नतीजों में भी राष्ट्रपति चुनावों की तर्ज पर भारतीय मूल के उम्मीदवारों का जलवा कायम है। नगर परिषद के चुनाव में दो भारतीय-अमेरिकी उम्मीदवार अपने-अपने शहर में बढ़त बनाए हुए हैं। इससे अमेरिका में बसे भारतीय मूल के लोगों में अभी से जश्न का माहौल है। इससे पहले अमेरिका में हुए 2024 के राष्ट्रपति चुनावों में भी 6 भारतीय सांसदों ने जीत का परचम फहराया था।
नगर परिषद के चुनावों में कौन भारतीय चल रहे आगे?
अमेरिका के टेक्सास नगर परिषद के चुनावों में संजय सिंघल और सुख कौर अपने-अपने क्षेत्र से आगे चल रहे हैं। ये दोनों ही उम्मीदवार शुगर लैंड तथा सैन एंटोनियो में महत्वपूर्ण नगर परिषद पदों के लिए चुनावी मैदान में हैं। प्रारंभिक चरण का चुनाव तीन जून को हुआ था, जिसके बाद अंतिम दो उम्मीदवारों के बीच चुनावी (रनऑफ) मुकाबले के लिए मतदान शनिवार को हुआ। शुगरलैंड के ‘डिस्ट्रिक्ट 2’ में सिंघल 54 प्रतिशत वोट के साथ अपने प्रतिद्वंद्वी नासिर हुसैन से आगे हैं, जिन्हें 46 प्रतिशत वोट मिले हैं।
टेक्सास को भारतीय-अमेरिकी प्रतिनिधित्व की उम्मीद
आईआईटी दिल्ली के पूर्व छात्र सिंघल ने अपना चुनाव प्रचार अभियान पारदर्शी शासन, बुनियादी ढांचे में सुधार और सामुदायिक जुड़ाव पर केंद्रित किया। स्टैनफोर्ड और हार्वर्ड से स्नातक कौर ‘सैन एंटोनियो डिस्ट्रिक्ट 1’ के शुरुआती नतीजों में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पैटी गिबन्स से आगे हैं। उनके खाते में अभी 64 प्रतिशत वोट आए हैं। इसी तरह सुख कौर ने अपने प्रचार अभियान को किफायती आवास, सार्वजनिक परिवहन विस्तार और समावेशी शहरी विकास पर केंद्रित किया। वह अपने पति और दो बच्चों के साथ सैन एंटोनियो में रहती हैं। दोनों उम्मीदवारों की जीत की स्थिति में टेक्सास के नगर निकाय नेतृत्व में भारतीय-अमेरिकी प्रतिनिधित्व को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में इन 6 भारतीयों ने दर्ज की थी जीत
सुहास सुब्रमण्यम वर्जीनिया से
राजा कृष्णमूर्ति इलिनोइस
श्री थानेदार मिशिगन
रो खन्ना कैलिफोर्निया (17वें जिले से)
प्रमिला जयपाल वाशिंगटन
डॉ. अमी बेरा कैलिफोर्निया (6वें जिले से) (भाषा)