बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में पहले चरण का मतदान हो चुका है और दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है। इस बीच पीएम मोदी ने शुक्रवार को औरंगाबाद में रैली की। इस दौरान प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने किसानों से वादा करते हुए कहा कि अगर बिहार में एनडीए की सरकार बनी तो राज्य के किसानों को सालाना 9000 रुपये मिलेंगे। मौजूदा समय में पूरे देश के छोटे किसानों को सालाना 6000 रुपये मिलते हैं।
पीएम मोदी ने कहा, "एनडीए के पास हर क्षेत्र के लिए, उसकी आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग योजनाएं हैं। कहीं फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्योगों पर बल दिया जा रहा है, कहीं टूरिज्म का विकास हो रहा है, कहीं टेक्नॉलॉजी से जुड़ी कंपनियों का विस्तार किया जा रहा है, तो कहीं मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। यानी जहां जैसा सामर्थ्य है, वहां वैसी ही इंडस्ट्री लगाई जा रही है।"
राम मंदिर बनाने का वादा पूरा किया
पीएम मोदी ने कहा कि वह अपने वादे पूरे करते हैं। उन्होंने कहा, "मोदी ने कहा था, राम मंदिर बनेगा, और डंके की चोट पर राम मंदिर बन गया। मोदी ने वादा किया था, अनुच्छेद 370 की दीवार गिरेगी, और अनुच्छेद 370 हट गया। मोदी ने बिहार की इसी धरती से कहा था कि पहलगाम हमले का बदला लिया जाएगा, और फिर देश ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को तबाह होते हुए देखा। हमारे सैनिक परिवार पिछले चार दशकों से वन रैंक, वन पेंशन की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने हर बार उनसे झूठ बोला। मैंने अपने सैनिक भाइयों और बहनों को वन रैंक, वन पेंशन लागू करने की गारंटी दी थी, और ये गारंटी मैंने पूरी भी की। इन 11 वर्षों में, हमारे रिटायर्ड फौजी भाइयों-बहनों और उनके परिवारों को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।"
किसानों को 9000 रुपये देने का वादा
पीएम मोदी ने एनडीए सरकार बनने पर बिहार के किसानों को सालाना 9000 रुपये देने का वादा करते हुए कहा, "कांग्रेस ने छोटे किसानों को कभी पूछा तक नहीं। ये मोदी हैं, जो किसानों की सच्ची चिंता करते हैं। हमारी सरकार किसानों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता राशि देती है। अब जब बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनेगी, तो किसानों को 3,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे यानी कुल 9,000 रुपये सालाना की सहायता मिलेगी।"
आतंकवाद की कमर तोड़ी
पीएम ने कहा, "जब आपने दिल्ली में मोदी को बिठाया, तब मैंने तय किया कि नक्सलवाद और माओवादी आतंक की कमर तोड़ कर रहूंगा। हमने नक्सलवाद, माओवादी आतंक के खिलाफ कार्रवाई की। आज बिहार, माओवादी आतंक के डर से मुक्त हो रहा है। माओवादी आतंक अब समाप्ति के कगार पर है। जंगलराज वालों के पास वो सब कुछ है, जो नौकरी और निवेश, दोनों के लिए खतरा है। ये लोग अभी से बच्चों को रंगदार बनाने की बातें कर रहे हैं। ये खुली घोषणा कर रहे हैं, "भैया की सरकार" आएगी तो कट्टा, दोनाली, फिरौती, यही सब चलेगा। इसलिए इन लोगों से सतर्क रहना है, बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए।"
यह भी पढ़ें-