1. Hindi News
  2. बिहार
  3. भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह ने किया बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान, BJP को लेकर कही ये बात

भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह ने किया बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान, BJP को लेकर कही ये बात

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Rituraj Tripathi
 Published : Mar 05, 2025 12:35 pm IST,  Updated : Mar 05, 2025 12:56 pm IST

भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। उन्होंने बीजेपी से चुनाव लड़ने से जुड़े एक सवाल का भी जवाब दिया।

Pawan Singh- India TV Hindi
पवन सिंह Image Source : PTI/FILE

पटना: भोजपुरी फिल्म स्टार पवन सिंह ने चुनाव लड़ने का ऐलान कर दिया है। वह बिहार विधानसभा चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने जमशेदपुर में कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद मैं अब बिहार विधानसभा चुनाव जरूर लड़ूंगा। बीजेपी से चुनाव लड़ने के सवाल पर पवन सिंह ने कहा कि समय बताएगा, अभी क्लीयर नहीं बोल सकता।

उन्होंने ये भी कहा कि मेरी जीत से ज्यादा चर्चा तो हार की है। पवन सिंह ने एक फिल्म के प्रमोशन के दौरान झारखंड के जमशेदपुर में मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान इस संबंध में सवाल पूछे जाने पर ये बयान दिया। गौरतलब है कि पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी कुछ दिन पहले रोहतास से चुनाव लड़ने का ऐलान किया था।

बता दें कि पवन सिंह भोजपुरी के सुपर-डुपर स्टार हैं और उनकी फैन फॉलोइंग काफी तगड़ी है। उन्हें पावर स्टार भी कहा जाता है और वह अपने बयानों और बेबाकी की वजह से खूब चर्चा में रहते हैं। स्त्री-2 फिल्म में उनका गाना 'आई नहीं' काफी हिट हुआ था। 

बिहार के काराकाट से लड़ा था लोकसभा चुनाव

पवन सिंह ने बिहार की काराकाट संसदीय सीट से लोकसभा चुनाव लड़ा था। यहां से एनडीए दल के घटक राष्ट्रीय लोक मोर्चा पार्टी के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा भी चुनावी मैदान में थे। कुशवाहा की लड़ाई महागठबंधन उम्मीदवार राजाराम सिंह और निर्दलीय उम्मीदवार पवन सिंह से थी। हालांकि इस सीट पर राजाराम सिंह ने जीत हासिल की थी और उपेंद्र कुशवाहा और पवन सिंह को हार का सामना करना पड़ा था।

2019 के चुनाव में यहां से जेडीयू के महाबली सिंह 46.00% वोट शेयर के साथ जीते थे, उन्होंने उपेंद्र कुशवाहा को 84,542 वोटों के मार्जिन से हराया था। इस चुनाव में महाबली सिंह को कुल 3,98,408 वोट मिले थे। वहीं, इस चुनाव में कुशवाहा को 36.10% वोट शेयर के साथ कुल 3,13,866 वोट ही हासिल हुए थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।