1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Assembly Election 2025 : पहले चरण का चुनाव प्रचार खत्म, 6 नवंबर को होगी वोटिंग

Bihar Assembly Election 2025 : पहले चरण का चुनाव प्रचार खत्म, 6 नवंबर को होगी वोटिंग

 Updated : Nov 04, 2025 09:34 pm IST

Bihar Assembly Election 2025 Live: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होने वाली है। आज शाम 5 बजे चुनाव प्रचार का कार्य समाप्त हो गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने आज आखिरी दिन चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा दिया।

bihar assembly election 2025- India TV Hindi
बिहार विधानसभा चुनाव 2025। Image Source : INDIA TV

Bihar Assembly Election 2025 Live: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख सामने आ गई है। राज्य की 243 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव दो चरण में 6 नवंबर और 11 नवंबर को होने जा रहे हैं। ऐसे में मंगलवार को बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के चुनाव प्रचार का आखिरी दिन था। शाम 5 बजे पहले चरण के चुनाव का प्रचार खत्म हो गया। भाजपा, जदयू, राजद और कांग्रेस समेत अनेक पार्टियों के दिग्गज नेता बिहार के विभिन्न जिलों में धुंआधार चुनाव प्रचार किया। इस बीच पीएम मोदी ने बिहार की महिला कार्यकर्ताओं के साथ नमो ऐप के माध्यम से संवाद किया।

Bihar Assembly Election 2025 Live:

Auto Refresh
Refresh
  • 5:43 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    पहले चरण का चुनाव प्रचार खत्म, 6 नवंबर को होगी वोटिंग

    पहले चरण का चुनाव प्रचार आज शाम 5 बजे खत्म हो गया। आखिरी दिन विभिन्न दलों के नेताओं ने चुनाव प्रचार में पूरा जोर लगा दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नमो एप के माध्यम से महिला कार्यकर्ताओं से संवाद किया।

  • 4:35 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये पर पीएम मोदी को क्या फीडबैक मिला?

    बिहार की महिला कार्यकर्ताओं के साथ संवाद के दौरान पीएम मोदी ने जब यह पूछा कि बिहार की सरकार ने एक करोड़ 40 लाख महिलाओं के खाते में 10 हजार रुपये की सीधा मदद पहुंचाई। ताकि महिलाएं अपने पैर पर खड़ी हों। इस पर महिला प्रतिनिधि ने कहा डिजिटल इंडिया होने के कारण महिलाओं को सबसे ज्यादा फायदा हुआ है। इससे महिलाओं को अपना छोटा सा रोजगार शुरू करने में मदद मिली।  पहले बिचौलिया योजनाओं का पैसा खा जा रहे थे लेकिन अब डिजिटल इंडिया के चलते लोगों को सीधा बेनिफिट मिल रहा है।

     

  • 4:27 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    जंगलराज के खिलाफ दीवार बनकर खड़ी हैं महिलाएं-पीएम मोदी

    बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने जंगल राज का जिक्र किया और पूछा कि आपलोग जब नई पीढ़ी को यह बात बताते हैं तो उनका क्या रिएक्शन होता है। इस पर संवाद में मौजूद महिला ने उस दौरान की घटना का जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि अब बिहार की महिलाएं जंगलराज के खिलाफ दीवार बनकर खड़ी हैं। नीतीश कुमार की सरकार ने काफी बदलाव हुआ है। बिहार की महिलाएं अब दिन हो या रात घर से बाहर निकलकर काम कर रही हैं।

     

  • 4:20 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    हर रैली पहले वाली रैली की रिकॉर्ड तोड़ रही है-पीएम मोदी

    'मेरा बूथ-सबसे मजबूत' महिला संवाद में पीएम मोदी ने कहा, 'बिहार का कार्यकर्ता जी जान से जुटा हुआ है। आप सभी बहुत परिश्रम कर रहे हैं। हर रैली पहले वाली रैली की रिकॉर्ड तोड़ रही है। हमारी बहनें और बेटियां बड़ी संख्या में आ रही हैं। पूरा मंडप बहनों बेटियों के नारों से गूंज उठा है। मेरा बूथ सबसे मजबूत के संकल्प के साथ काम कर रही है। मेरी इच्छा थी कि पहले चरण की वोटिंग से पहले मैं सबसे बात करूं।'

  • 4:14 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    गया में जेपी नड्डा का चुनाव प्रचार

    गया में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने  विष्णुपद मंदिर में पूजा की और रोड शो किया।

     

  • 4:02 PM (IST)
    Posted by Niraj Kumar

    एनडीए की भारी जीत होगी, कोई संदेह नहीं-पीएम मोदी

    प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, बिहार में एनडीए की भारी जीत पर मुझे कोई संदेह नहीं है। उन्होंने महिला कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में वोटिंग करने का आग्रह किया। नमो ऐप के माध्यम से बिहार की महिलाओं से बातचीत करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "मैंने पहले चरण के मतदान से पहले आप सभी बहनों से आपकी मेहनत और आपके अनुभवों के बारे में बात करने की योजना बनाई थी। मैं उन्हें समझने की कोशिश करूंगा। मैं उन्हें अनुभव करने की कोशिश करूंगा।

     

  • 2:36 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    रूझान सामने आने लगा है: मोहन यादव

    मध्य प्रदेश CM मोहन यादव ने कहा, 'पटना में नितिन नबीन के रोड शो से लौट रहा हूं। चुनाव में हम एक चरण के मतदान से दो दिन पहले की स्थिति में हैं, रूझान सामने आने लगा है। जिस प्रकार विपक्षियों की भाषा, जुबान, भाव दिख रहा है, ये NDA की सफलता की पहचान है। हम अपने प्रत्याशियों के साथ विजय की तरफ बढ़ रहे हैं।'

  • 2:24 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    'नीतीश कुमार की सरकार अब बिहार में कभी नहीं बन सकती'

    लोकसभा नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक रैली को संबोधित करते हुए कहा, 'नीतीश कुमार की सरकार ही नहीं है। नरेंद्र मोदी और अमित शाह के हाथ में नीतीश कुमार का रिमोट कंट्रोल है। भाजपा ने नीतीश कुमार को पूरा कंट्रोल कर रखा है, दबा के पकड़ रखा है। नीतीश कुमार की सरकार अब बिहार में कभी नहीं बन सकती। ये लोग वोट चोरी की कोशिश करेंगे आपको सतर्क रहना है, मतदान केंद्रों पर ध्यान से रहना है। ये फिर से वोट चोरी करने की कोशिश करेंगे और हमारे कार्यकर्ता और बिहार की जनता इन्हें रोकेगी।'

  • 2:07 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    '...तो हम पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे'

    RJD सांसद संजय यादव ने कहा, 'तेजस्वी यादव ने आज जो बातें कहीं वह पहले से ही हमारे घोषणापत्र का हिस्सा है, OPS इसमें है। अगर हमारी सरकार सत्ता में आती है, तो हम पुरानी पेंशन योजना लागू करेंगे।'

  • 2:06 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    कोई नहीं टक्कर में, क्यों पड़े हो चक्कर में: मोहन यादव

    मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, 'कोई नहीं टक्कर में, क्यों पड़े हो चक्कर में, फिर NDA और नीतीश कुमार। लोगों में मोदी सरकार बनाने का अपार उत्साह है। दिल्ली में प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार बनी और इस बार भी यहां NDA की सरकार बनेगी।'

  • 2:05 PM (IST)
    Posted by Vineet Kumar

    राहुल गांधी जहां भी आते हैं, हार निश्चित है: हिमंत

    असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा, 'यह भाजपा, JDU, LJP (रामविलास) के लिए सुनामी की लहर है। राहुल गांधी जहां भी आते हैं, हार निश्चित है, राहुल गांधी दुर्भाग्य का प्रतीक हैं। असम में चुनाव हैं, इसलिए मैं असम के कांग्रेस के लोगों से कह रहा हूं कि वे राहुल को ज्यादा बुलाएं, जहां भी वे आते हैं, कांग्रेस का जो थोड़ा बहुत समर्थन है, वह भी नष्ट हो जाता है।'

  • 12:27 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    एनडीए के पास लालू परिवार को गालियां देने के अलावा और कुछ नहीं: रोहिणी आचार्य

    पीएम मोदी के भाषण पर आरजेडी नेता रोहिणी आचार्य ने कहा, "वह पीएम हैं। यह शर्मनाक है कि प्रधानमंत्री बंदूक की बात कर रहे हैं। बिहार की जनता तय करेगी कि उन्हें बंदूक और तलवार की सरकार चाहिए या रोज़गार की बात करने वाले तेजस्वी की। प्रधानमंत्री और पूरे एनडीए के पास लालू परिवार को गालियां देने के अलावा और कुछ नहीं है। उन्होंने कुछ नहीं किया है और उनके पास दिखाने के लिए कोई उपलब्धि नहीं है। हमारा लक्ष्य है कि जब हर घर में नौकरी होगी, तभी हर परिवार समृद्ध जीवन जी सकेगा।"

  • 12:24 PM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    अयोध्या और सीतामढ़ी को वंदे भारत ट्रेनों से जोड़ देंगे: अमित शाह

    बिहार के दरभंगा में प्रस्तावित विकास परियोजनाओं के बारे में बात करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "पुनौरा धाम में 850 करोड़ रुपये की लागत से एक भव्य सीता माता मंदिर का निर्माण किया जा रहा है। जैसे ही मंदिर का निर्माण पूरा हो जाएगा, हम अयोध्या और सीतामढ़ी को वंदे भारत ट्रेनों से जोड़ देंगे।"

  • 11:24 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    CEO बिहार ने ललन सिंह को भेजा नोटिस

    बिहार के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने JDU के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ​​ललन सिंह को नोटिस जारी किया है। 

  • 11:20 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    चुनाव आयोग से राजद की अपील से दुखी: स्मृति ईरानी

    पटना में भाजपा नेता स्मृति ईरानी ने कहा, बिहार में महिला कल्याण योजनाओं का लाभ रोकने के लिए चुनाव आयोग से राजद की अपील से दुखी हूं। 

  • 11:19 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    खेसारी लाल के बयान पर पवन सिंह का जवाब

    बिहार चुनाव के मद्देनज आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस बीच, छपरा सीट से राजद उम्मीदवार खेसारी लाल के बयान पर पलटवार करते हुए पवन सिंह ने कहा, "मुझे उनकी वास्तविकता पता है... क्या मुझे कहना चाहिए कि उन्होंने स्टार बनाने के नाम पर 500 जिंदगियां बर्बाद कर दी हैं? मैं ऐसा कुछ नहीं कहना चाहता। इस बारे में बाद में बात करूंगा।"

  • 10:32 AM (IST)
    Posted by Malaika Imam

    लालू यादव और तेजस्वी यादव सिर्फ झूठे वादे कर रहे- शाहनवाज हुसैन

    बिहार चुनाव पर भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन का कहना है, "लालू यादव और उनका परिवार अति आत्मविश्वास में दिख रहा है। उन्हें पता है कि नतीजे उनके पक्ष में नहीं आएंगे, इसलिए वे शपथ लेने का नाटक कर रहे हैं। लालू यादव और तेजस्वी यादव सिर्फ झूठे वादे कर रहे हैं। कोई उन पर विश्वास नहीं करता। अब जब लालू यादव भी चुनाव प्रचार में उतर आए हैं, तो लोगों को जंगलराज की याद आ गई है।"

  • 10:29 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हमें अपार समर्थन मिल रहा है- मीसा भारती

    RJD नेता मीसा भारती ने कहा, "हमें अपार समर्थन मिल रहा है, तेजस्वी को बिहार के बेरोजगार भाइयों का समर्थन मिल रहा है क्योंकि हम मुद्दों पर चुनाव में जा रहे हैं। हम युवाओं की बात कर रहे हैं, महिलाओं की बात कर रहे हैं, चाहे वह महंगाई की बात हो या नौकरियों की। 2005 से डबल इंजन की सरकार है... बिहार की दुर्दशा सबने देखी है, बिहार में डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद न फैक्ट्री है, न रोजगार के साधन, पलायन सबसे ज्यादा है... प्रधानमंत्री मंच से कट्टे की बात करते हैं जबकि तेजस्वी नौकरी, सिंचाई, पढ़ाई, दवाई, कमाई देने की बात करते हैं। युवाओं ने मन बना लिया है कि इस बार तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाना है।"

  • 10:13 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    हम लोग जीत रहे हैं- तेजस्वी

    राजद नेता और महागठबंधन के सीएम चेहरे तेजस्वी यादव का कहना है, "हम लोग जीत रहे हैं, बिहार की जनता जीत रही है। हम 18 नवंबर को शपथ लेंगे।"

  • 9:55 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    सिंचाई के लिए किसानों को बिजली मुफ्त देंगे- तेजस्वी

    तेजस्वी ने कहा- सिंचाई के लिए किसानों को बिजली मुफ्त देंगे। अभी राज्य सरकार 55 पैसा प्रति यूनिट लेती है, हमलोगो जीरो कर देंगे। व्यापार मंडल के अध्यक्ष को जन प्रतिनिधि का दर्जा दिया जायेगा। धान का MSP के अलावा 300 राशि देंगे, गेहूं का 400 प्रति क्विंटल करेंगे।

  • 9:38 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    माई बहिन योजना से सब उत्साहित- तेजस्वी

    तेजस्वी ने कहा- माई बहिन योजना से सब उत्साहित हैं। माँ बहन की मांगों पर सरकार बनते ही मकर संक्रांति पर 14 जनवरी को एक साल का 30 हजार एक साथ डालने का काम करेंगे।

  • 9:38 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    तेजस्वी मतलब सरकारी नौकरी- मुकेश सहनी

    वीआईपी प्रमुख और महागठबंधन के डिप्टी सीएम चेहरे मुकेश सहनी कहते हैं, "यह (प्रचार) बहुत अच्छा चल रहा है। सरकार बदलने को लेकर हर समुदाय में बहुत उत्साह है। हर कोई आश्वस्त है - तेजस्वी मतलब सरकारी नौकरी। लोग पिछले 20 वर्षों की सरकार से तंग आ चुके हैं। नीतीश कुमार अस्वस्थ हैं। वह कोई निर्णय नहीं ले रहे हैं।"

  • 9:21 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    शाहाबाद और मगध क्षेत्र में अपने पक्ष में अभूतपूर्व परिणाम देखेंगे- ऋतुराज सिन्हा

    बिहार विधानसभा चुनाव 2025 पर बीजेपी नेता ऋतुराज सिन्हा कहते हैं, "इस बार हम शाहाबाद और मगध क्षेत्र में अपने पक्ष में अभूतपूर्व परिणाम देखेंगे। जिस तरह की प्रतिक्रिया और ऊर्जा हम पीएम की रैलियों और आरा में माहौल देख रहे हैं, उससे पता चलता है कि हमें अपने पक्ष में अच्छा परिणाम मिलेगा।"

  • 8:20 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    पंजेवाले और लालटेन वालों ने बिहार को लूटा- रेखा गुप्ता

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने महागठबंधन की आलोचना की। उन्होंने कहा कि "पंजेवाले और लालटेन वालों ने बिहार को लूटा है। बिहार की प्रगति केवल एनडीए के तहत संभव है।"

  • 7:12 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    देश और बिहार से चुन-चुन के घुसपैठिए को निकालेंगे- अमित शाह

    केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने झंझारपुर में एक सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए कहा, "हमारे बिहार की मतदाता सूची में घुसपैठिए होना चाहिए क्या? राहुल बाबा कहते हैं कि बिहार की मतदाता सूची में घुसपैठिए को रखे। उनको बचाने के लिए घुसपैठिए बचाव यात्रा निकाले। राहुल बाबा देश में जितनी यात्रा निकालनी है निकालो, हम भाजपा वालों का संकल्प है देश और बिहार से चुन-चुन के घुसपैठिए को निकालने का काम करेंगे..."

  • 7:11 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    भाषा का संयम होना चाहिए- राजीव शुक्ला

    कांग्रेस नेता राजीव शुक्ला ने महागठबंधन के सीएम चेहरे पर पीएम मोदी के बयान पर कहा, "मुझे लगता है कि कही न कही भाषा का संयम होना चाहिए। बिहार में जिस तरीके का भाषा का प्रयोग हो रहा है वो बिहार के चुनाव में उचित नहीं है। ये कहना कि कांग्रेस कट्टा को बढ़ावा देती है तो इस तरह के शब्दों प्रयोग करना जबकि कांग्रेस के नेताओं ने देश के लिए क्या-क्या नहीं किया। देश की आजादी में लड़ाई लड़े और कितने बलिदान हुए क्या जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी, सदार पटेल कट्टा रखते थे मतलब इस तरीके की बाते लोगों के लिए करना और उनके लिए करना जिन्होंने कांग्रेस को जन्म दिया और देश को आजाद कराया...इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपनी जान दे दी...देश के लिए कितना काम किया उनके लिए ऐसी भाषा का प्रयोग करना शोभा नहीं देता है...'

  • 7:11 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    बिहार विकास की दिशा में आगे बढ़ा- अरुण साव

    छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने बिहार चुनाव प्रचार पर कहा, "हम तो बिहार की तरक्की को आगे बढ़ाने के लिए चुनाव प्रचार कर रहे हैं। बिहार विकास की दिशा में आगे बढ़ा है। उसी को आगे बढ़ाने के लिए जनता से आर्शीवाद मांग रहे हैं....बिहार की जनता ने तय कर लिया है कि भारी बहुमत से NDA की सरकार बनानी है।"

  • 7:09 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    20 साल से नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार से लूटा है- औवेसी

    AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन औवेसी ने चुनावी अभियान रैली को संबोधित करते हुए कहा," आप जानते हैं कि 20 साल से पीएम मोदी और नीतीश कुमार ने बिहार का बुरा हाल करके रख दिया है...पेंशन के लिए लूटा जा रहा है और 20 साल से इतना भ्रष्टाचार यहां पर हो रहा है इसके बावजूद नीतीश कुमार और पीएम मोदी भ्रष्टाचार को खत्म करने का नाम नहीं लेते हैं। मैं पीएम मोदी और नीतीश कुमार से पूछना चाहता हूं कि आज जो हमारे बहनों के खाते में पैसे डाले जा रहे हैं वो आपके जेब के पैसे हैं कि जनता का पैसा है? ये पैसा जनता का है जिसको 20 साल से नीतीश कुमार ने भ्रष्टाचार से लूटा है। आप 8000-10,000 रुपए डाल रहे हो जबकि आपको सभी महिलाओं के खाते में कम से कम 25,000-50,000 रुपए डालने चाहिए थे..."

  • 7:09 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    बिहार की जनता और महिलाएं सजग- रेखा गुप्ता

    दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "बिहार की जनता और बिहार की महिलाएं सजग हैं। वे सभी जानते हैं कि बिहार का विकास केवल NDA के राज में ही संभव है। पंजे वालों और लालटेन वालों ने हमेशा बिहार को लूटा है। इन्होंने जनता को हमेशा परेशानियों में ही छोड़ दिया है। बिहार की जनता इनकी बातों में आने वाली नहीं है।

  • 6:48 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    राहुल गांधी की भी आज बिहार में तीन रैलियां

    कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भी आज बिहार में तीन रैलियां हैं। वह औरंगाबाद, कुटुंबा और वज़ीरगंज में प्रचार करेंगे। उधर, RJD नेता तेजस्वी यादव आज धुआंधार प्रचार करेंगे। वह 17 रैलियों को संबोधित करेंगे। 

  • 6:46 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    बीजेपी के दिग्गज चुनाव मैदान में उतरेंगे

    बिहार चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से पहले आज बीजेपी के दिग्गज चुनाव मैदान में उतरेंगे.. गृहमंत्री अमित शाह की आज 3, जेपी नड्डा की 2 और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की 4 रैलियां.. यूपी के सीएम योगी भी आज 4 जगहों पर प्रचार करेंगे 

  • 6:45 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    महिला बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे पीएम मोदी

    पीएम मोदी आज बिहार NDA के महिला बूथ कार्यकर्ताओं से संवाद करेंगे। वह दोपहर साढ़े 3 बजे मेरा बूथ सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत बातचीत करेंगे।

  • 6:42 AM (IST)
    Posted by Subhash Kumar

    121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को वोटिंग

    बिहार में आज पहले चरण के चुनाव प्रचार का शोर थम जाएगा। आखिरी दिन सभी पार्टियां पूरी ताकत झोकेंगी। राज्य की 121 विधानसभा सीटों पर 6 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।