Monday, February 02, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Election Live: 'जंगलराज वाले लोग कभी कुछ बना नहीं सकते, ये विनाश और दुख के प्रतीक', भभुआ में बोले PM मोदी

Bihar Election Live: 'जंगलराज वाले लोग कभी कुछ बना नहीं सकते, ये विनाश और दुख के प्रतीक', भभुआ में बोले PM मोदी

बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 121 सीटों पर लगभग 65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है। अब दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार तेज हो गया है। बिहार चुनाव से जुड़ी हर अपडेट यहां देखें।

Edited By: Amar Deep @amardeepmau
Published : Nov 07, 2025 07:02 am IST, Updated : Nov 08, 2025 11:01 am IST
औरंगाबाद में पीएम मोदी ने की जनसभा।- India TV Hindi
Image Source : X/BJP4INDIA औरंगाबाद में पीएम मोदी ने की जनसभा।

बिहार में विधानसभा चुनाव को लेकर घमासान तेज हो गया है। यहां गुरुवार को पहले चरण का मतदान खत्म हो गया है। इसके बाद अब सभी दलों का पूरा जोर दूसरे चरण के लिए है। दूसरे चरण के मतदान से पहले चुनाव प्रचार तेज हो गया है। दिन भर अलग-अलग जगहों पर दोनों गठबंधन के नेताओं ने रैलियां की। इस पूरे चुनाव प्रचार के बीच कहां-क्या हो रहा है, ये जानने के लिए यहां जुड़े रहें।

Bihar Assembly Election 2025

Auto Refresh
Refresh
  • 7:06 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    रवि किशन ने तेज प्रताप को दयालु व्यक्ति बताया

    भाजपा सांसद रवि किशन ने लालू यादव के छोटे बेटे तेज प्रताप को लेकर कहा, "वह दयालु हृदय वाले व्यक्ति हैं। भोलेनाथ के भक्त हैं। भाजपा उन सभी लोगों के लिए अपना दिल खुला रखती है जिनका उद्देश्य सेवा है।" इससे पहले तेज प्रताप यादव ने कहा था कि जिसकी जीत होगी, उसका ही समर्थन करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि जो लोग जनता की सेवा करना चाहते हैं, उनकी जीत होगी।

  • 6:42 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    बिहार ने ऐसा चुनाव पहले कभी नहीं देखा- रवि किशन

    भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा, "पहले चरण का मतदान संपन्न होने के बाद चुनाव प्रचार में उत्साह काफी बढ़ गया है। हमें एनडीए के पक्ष में जनता से, खासकर युवाओं, माताओं, बहनों से, भरपूर समर्थन मिल रहा है। यहां तक कि राजद के मूल मतदाता भी एनडीए को वोट दे रहे हैं। बिहार ने इस तरह का चुनाव पहले कभी नहीं देखा।"

  • 5:51 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    पूर्णिया में अमित शाह का रोड शो

    बिहार के पूर्णिया में गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार शाम रोड शो किया। उन्होंने उससे पहले कई रैलियां भी कीं और एनडीए उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार किया। बिहार में दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। वहीं, नतीजों का ऐलान 14 नवंबर को होगा। ऐसे में सभी राजनीतिक दल पूरी ताकत झोंक रहे हैं।

  • 4:21 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    जंगलराज वाले लोग कभी कुछ बना नहीं सकते- पीएम मोदी

    भभुआ में जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा, "आप कल्पना कर सकते हैं कि ये जंगलराज वाले लोग सत्ता में लौटने के लिए इतने बेचैन क्यों हैं। वे जनता की सेवा नहीं करना चाहते। वे बंदूक की नोक पर जनता को लूटना चाहते हैं, उन्हें लूटना चाहते हैं।  यही उनकी योजना है। यही जंगलराज की आहट है। यह बहनों-बेटियों, गरीबों, दलितों, महादलितों और पिछड़े-अति पिछड़े समुदायों को डराने-धमकाने की कोशिश है। जंगलराज वाले लोग कभी कुछ बना नहीं सकते। ये विनाश और दुख के प्रतीक हैं।"

  • 4:11 PM (IST) Posted by Shakti Singh

    भभुआ में पीएम मोदी ने महागठबंधन पर साधा निशाना

    भभुआ रैली में तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "जंगल राज के युवराज यह नहीं बता पा रहे हैं कि वे अपने वादे कैसे पूरे करेंगे।" इस उन्होंने चुनाव के पहले चरण में भारी मतदान के लिए मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया। राजद, कांग्रेस और वाम दलों पर कटाक्ष करते हुए मोदी ने कहा कि अगर निवेशकों को लालटेन, हथौड़े और लाल झंडे दिख गए तो वे भाग जाएंगे।

  • 3:05 PM (IST) Posted by Amar Deep

    किसी के बहकावे में आने की जरूरत नहीं: सीएम योगी

    पूर्वी चंपारण के रक्सौल में यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "मैं युवाओं से कहूंगा कि किसी के बहकावे में आने की आवश्यकता नहीं है। ये नौकरी क्या देंगे जो आपकी जमीन हड़प लिए। ये लोग क्या नौकरी देंगे जो पशुओं का चारा खा जाते हों। ये केवल गरीब का राशन हड़पने के लिए धोखा देने का काम महागठबंधन करने जा रहा है।  वही लोग है जो लालटेन के केरोसिन को बेचकर अंधेरा करते थे और फिर डकैती भी डालते थे। ये वही लोग हैं 2005 के पहले चारा हजम किया, अब आए हैं राशन हजम करने। यूपी में माफिया की क्या दुर्गति हो रही है देख ही रहे होंगे। 

  • 2:42 PM (IST) Posted by Amar Deep

    आरजेडी ने कांग्रेस के कनपटी पर कट्टा रखकर मुख्यमंत्री की उम्मीदवारी छीन ली: PM मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस ने छोटे किसानों को कभी पूछा तक नहीं। ये मोदी हैं, जो किसानों की सच्ची चिंता करते हैं। हमारी सरकार किसानों को सालाना 6,000 रुपये की सहायता राशि देती है। अब जब बिहार में फिर से एनडीए सरकार बनेगी, तो किसानों को 3,000 रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे यानी कुल 9,000 रुपये सालाना की सहायता मिलेगी। कांग्रेस और आरजेडी वाले सत्ता के लिए किसी को भी धोखा दे सकते हैं। औरंगाबाद इसका सबसे बड़ा साक्षी है। यहां जो कुछ हुआ, उसे पूरा बिहार देख चुका है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष का आरजेडी ने अपमान किया। आरजेडी ने कांग्रेस को वही सीटें दीं, जिन्हें वो पिछले 35–40 वर्षों से जीत नहीं पाई है। आरजेडी ने कांग्रेस के कनपटी पर कट्टा रखकर मुख्यमंत्री की उम्मीदवारी छीन ली। जो लोग अपने साथियों को धोखा दे सकते हैं, क्या वो बिहार की जनता के सगे हो सकते हैं?

  • 2:28 PM (IST) Posted by Amar Deep

    डंके की चोट पर राम मंदिर बनाया: पीएम मोदी

    औरंगाबाद में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "मोदी ने कहा था राम मंदिर बनेगा और डंके की चोट पर राम मंदिर बन गया। मोदी ने वादा किया था, अनुच्छेद 370 की दीवार गिरेगी और अनुच्छेद 370 हट गया। मोदी ने बिहार की इसी धरती से कहा था कि पहलगाम हमले का बदला लिया जाएगा, और फिर देश ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को तबाह होते हुए देखा। मोदी ने वन रैंक, वन पेंशन का वादा हमारे देश की रक्षा करने वाले वीर जवानों से किया था। आज, 7 नवंबर को वन रैंक, वन पेंशन लागू हुए 11 वर्ष पूरे हो रहे हैं। हमारे सैनिक परिवार पिछले चार दशकों से वन रैंक, वन पेंशन की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने हर बार उनसे झूठ बोला। मैंने अपने सैनिक भाइयों और बहनों को वन रैंक, वन पेंशन लागू करने की गारंटी दी थी, और ये गारंटी मैंने पूरी भी की। इन 11 वर्षों में, हमारे रिटायर्ड फौजी भाइयों-बहनों और उनके परिवारों को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है। जब आपने दिल्ली में मोदी को बिठाया, तब मैंने तय किया कि नक्सलवाद और माओवादी आतंक की कमर तोड़ कर रहूंगा। हमने नक्सलवाद, माओवादी आतंक के खिलाफ कार्रवाई की। आज बिहार, माओवादी आतंक के डर से मुक्त हो रहा है। माओवादी आतंक अब समाप्ति के कगार पर है। जंगलराज वालों के पास वो सब कुछ है, जो नौकरी और निवेश, दोनों के लिए खतरा है। ये लोग अभी से बच्चों को रंगदार बनाने की बातें कर रहे हैं। ये खुली घोषणा कर रहे हैं, "भैया की सरकार" आएगी तो कट्टा, दोनाली, फिरौती... यही सब चलेगा। इसलिए इन लोगों से सतर्क रहना है, बिहार को कट्टा सरकार नहीं चाहिए।"

  • 2:25 PM (IST) Posted by Amar Deep

    वोटिंग में दिखा जंगलराज और सुशासन के बीच का अंतर: पीएम मोदी

    पीएम मोदी ने कहा, "पिछले कुछ वर्षों में बिहार में लाखों भर्तियां हुई हैं, ये भर्तियां पूरी ईमानदारी से की गई हैं जबकि RJD-कांग्रेस का ट्रैक रिकॉर्ड आपके सामने है। ये वो लोग हैं जो नौकरी के बदले जमीन अपने नाम करवा लेते हैं। ये खेल खेला गया, कोर्ट ने भी माना और आज ये जमानत पर बाहर हैं। ये जंगलराज के लोग जमानत पर बाहर हैं, ये RJD-कांग्रेस के लोग बिहार के युवाओं को कभी नौकरी नहीं दे सकते। कल हमने जंगलराज और सुशासन के बीच का अंतर देखा। कल बिहार के दलित, महादलित, पिछड़े और अति पिछड़े सभी ने बिना किसी रोक-टोक के वोट डाला, जबकि हमने जंगलराज का वो दौर भी देखा है जब बूथ लूटे जाते थे, वोटिंग के दिन गोलियां चलती थीं, खून की नदियां बहाई जाती थीं। जंगलराज के गुर्गे आज भी खूब साजिशें रच रहे हैं, लेकिन मैं चुनाव आयोग को पहले चरण का चुनाव इतने अच्छे ढंग से कराने के लिए बधाई देना चाहता हूं।"

  • 2:11 PM (IST) Posted by Amar Deep

    RJD-कांग्रेस ने सिर्फ बिहार से बदला लिया

    पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "आप याद रखिए जब आपने नीतीश कुमार को यहां मौका दिया, उनके कार्यकाल के शुरुआती 9 साल दिल्ली में RJD और कांग्रेस की सरकार थी। दिल्ली में बैठे इन लोगों ने दिन-रात एक ही काम किया- बिहार से बदला लेना। और उन्होंने लगातार बिहार के विकास में बाधा डाली और नीतीश कुमार को काम करने से रोका। 2014 में जब बिहार में पहली बार डबल इंजन की सरकार बनी, तो हमने बिहार के विकास के लिए तीन गुना ज़्यादा पैसा दिया।" पीएम मोदी ने कहा, "एनडीए के पास हर क्षेत्र के लिए, उसकी आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग योजनाएं हैं। कहीं फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्योगों पर बल दिया जा रहा है, कहीं टूरिज़्म का विकास हो रहा है, कहीं टेक्नॉलॉजी से जुड़ी कंपनियों का विस्तार किया जा रहा है, तो कहीं मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। यानी जहां जैसा सामर्थ्य है, वहां वैसी ही इंडस्ट्री लगाई जा रही है।"

  • 2:06 PM (IST) Posted by Amar Deep

    कांग्रेस को भी RJD के घोषणा पत्र पर भरोसा नहीं: पीएम मोदी

    औरंगाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "कांग्रेस को भी उनके (राजद) वादों पर भरोसा नहीं है, इसलिए वह राजद के घोषणापत्र की बात भी नहीं करती। बिहार की जनता ने, युवाओं ने भी राजद के झूठ के पिटारे को खारिज कर दिया है। कल ही बिहार ने पहले चरण का मतदान किया है, और बिहार के लोगों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बिहार में अब तक का सबसे अधिक मतदान हुआ है। पहले चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह दिखाता है कि एनडीए सरकार की वापसी का मोर्चा खुद बिहार की जनता ने संभाल लिया है। पहले चरण के मतदान से ये स्पष्ट है, बिहार के लोग अब किसी भी कीमत पर जंगलराज को लौटने नहीं देना चाहते। बिहार का नौजवान, RJD के झूठे वादों पर नहीं, NDA के ईमानदार इरादों पर वोट दे रहा है।"

  • 2:03 PM (IST) Posted by Amar Deep

    बिहार को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए खोलेंगे नया विभाग: अमित शाह

    जमुई में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, "पिछले 10 सालों में, प्रधानमंत्री मोदी ने बिहार में सड़कों, पुलों, इथेनॉल कारखानों और चीनी मिलों का एक बुनियादी ढांचा तैयार किया है। अगले पांच साल बिहार को पूरी तरह से विकसित बनाने पर केंद्रित होंगे। हम राज्य में 'जंगल राज' को वापस नहीं आने देंगे। अगर हम जीतते हैं, तो बिहार को बाढ़ मुक्त बनाने के लिए एक नया विभाग बनाएंगे। अगर लालू के बेटे जीतते हैं, तो वे 'अपहरण' का एक नया विभाग खोलेंगे।"

     

  • 1:42 PM (IST) Posted by Amar Deep

    भाई वीरेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज

    पटना की मनेर विधानसभा सीट से राजद उम्मीदवार भाई वीरेंद्र पर मतदान ड्यूटी में तैनात सुरक्षाकर्मियों को कथित तौर पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है।

  • 12:52 PM (IST) Posted by Amar Deep

    बिहार को विकास की रफ्तार चाहिए: नितिन नबीन

    बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार और बिहार मंत्री सरकार में मंत्री नितिन नबीन ने कहा, "बिहार में रिकॉर्ड वोटिंग हुई है। बिहार ने इस बार अपना विश्वास विकास के प्रति व्यक्त किया है। इस वोटिंग ने बिहार के पुराने सारे रिकॉर्ड को ध्वस्त किए हैं। हम कह सकते हैं कि बिहार को विकास की रफ्तार चाहिए।"

  • 12:22 PM (IST) Posted by Amar Deep

    पिछले पैटर्न पर ही हुई है वोटिंग: मुकेश सहनी

    VIP प्रमुख और महागठबंधन के उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार मुकेश सहनी ने कहा, "NDA एक-दो दिन खुश रहना चाहता है तो रहे। वोटिंग प्रतिशत नहीं बढ़ा है, पुराने पैटर्न पर ही है। फिलहाल, अगर वे (NDA) खुश रहना चाहते हैं तो रहे, बिहार में महागठबंधन की सरकार बनेगी। बिहार के युवा महागठबंधन के साथ खड़े हैं। इस बार बिहार में बदलाव हो रहा है।"

  • 12:13 PM (IST) Posted by Amar Deep

    डबल इंजन सरकार पर बढ़ा भरोसा: चिराग पासवान

    केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा, "जो लोग बदलाव का दावा कर रहे हैं, उन्हें मैं याद दिलाना चाहूंगा कि 2005 में NDA की सरकार बनने के बाद 2010 में भी इसी तरह वोटिंग हुई थी और हमारी सीटें बढ़ी थीं। मेरा मानना ​​है कि आज जिस तरह से काम हुआ है, उससे जनता का डबल इंजन सरकार पर भरोसा बढ़ा है। हमें इसमें कोई संदेह नहीं है कि हम 121 में से 100 सीटें आराम से जीतेंगे। हमारी पार्टी 14 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, सभी 14 सीटें सकारात्मक हैं और मुझे विश्वास है कि हम ये सीटें भी जीतेंगे।"

  • 11:44 AM (IST) Posted by Amar Deep

    सरकार की वापसी के लिए किया गया मतदान: संजय झा

    JDU के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने कहा, "लोगों ने उत्साह के साथ मतदान किया है, यह सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है, यह मतदान सरकार की वापसी के लिए किया गया है। पिछले रिकॉर्ड को देखें, बिहार में, 2005 की तुलना में 2010 में सरकार की वापसी के लिए अधिक वोट डाले गए थे, 2010 की तुलना में 2015 में सरकार की वापसी के लिए अधिक वोट डाले गए थे, इसलिए यह प्रवृत्ति हमेशा से रही है कि जब अधिक मतदान होता है, तो सरकार वापस आती है। लोग सुरक्षा, शांति, समृद्धि, सुशासन के लिए वोट करने के लिए निकले। इस बार, 2010 से बेहतर परिणाम देखने को मिलेंगे। नीतीश कुमार की वापसी के लिए वोट डाले गए हैं।"

  • 11:06 AM (IST) Posted by Amar Deep

    इतिहास में उदाहरण बनेगा इस बार का मतदान: धर्मेंद्र प्रधान

    बिहार भाजपा चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पहले चरण के मतदान पर कहा, "यह सत्ता पक्ष में मतदान है और हमने अभूतपूर्व मतदान देखा है। हमने 20 साल बिहार के विकास के लिए और 11 साल केंद्र में रहकर काम किया है। मतदान का रुझान, खासकर महिलाओं के बीच, अपने आप में एक रिकॉर्ड है। उन्होंने विकास, सुशासन और 'जंगल राज' के खिलाफ मतदान किया है। यह इतिहास में एक उदाहरण के रूप में दर्ज होगा कि बिहार ने इस बार कैसे मतदान किया।"

  • 10:33 AM (IST) Posted by Amar Deep

    बिहार सरकार का हिस्सा होगी BSP: रामजी गौतम

    पहले चरण के चुनाव पर बीएसपी सांसद रामजी गौतम ने कहा, "जनता ने वोट दे दिया है। 14 नवंबर को हमें उनका मूड पता चल जाएगा। पहले चरण के मतदान में हमारी पार्टी प्रमुख मायावती ने भभुआ में एक बड़ी जनसभा को संबोधित किया था। इसमें लाखों लोग शामिल हुए थे। कार्यकर्ताओं और पार्टी प्रमुख ने साफ़ संदेश दिया कि बिहार में बीएसपी के बिना सरकार नहीं बन सकती और पार्टी मुफ़्त में किसी का समर्थन नहीं करेगी। बीएसपी बिहार सरकार का हिस्सा होगी, हम राज्य मंत्रिमंडल में जगह चाहते हैं।"

  • 9:58 AM (IST) Posted by Amar Deep

    भाई वीरेंद्र के हंगामे पर बोले अरुण भारती

    पहले चरण के मतदान के दौरान कल एक मतदान केंद्र पर राजद विधायक भाई वीरेंद्र द्वारा हंगामा किए जाने की खबरों पर लोजपा (रामविलास) सांसद अरुण भारती ने कहा, "हार की निराशा उनके शब्दों में व्यक्त हो रही है... किसी को जातिसूचक शब्दों से संबोधित करना उचित नहीं है... यह आगामी हार के कारण राजद की हताशा है।"

  • 9:25 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पलायन के लिए कांग्रेस और आरजेडी जिम्मेदार: अरुण भारती

    LJP (रामविलास) नेता अरुण भारती ने कहा, "जब भारत आज़ाद हुआ था तब बिहार ने भारत की GDP में लगभग 25% का महत्वपूर्ण योगदान दिया था। यहां एशिया का सबसे बड़ा खाद कारखाना था। पटना विश्वविद्यालय एक ज़माने में बहुत प्रसिद्ध हुआ करता था, और इतिहास में इसे सबसे ज़्यादा बर्बाद करने का श्रेय कांग्रेस सरकारों को जाता है। हमारे पास खदानें रह गई, लेकिन कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण कारखाने चले गए। कांग्रेस की गलत नीतियों ने न सिर्फ़ बिहार का फ़ायदा उठाया, बल्कि यहां से पलायन को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाई। अगर पलायन और हमारे संसाधनों, खनिजों और पूंजी के पलायन के लिए सबसे ज़्यादा ज़िम्मेदार कोई है, तो वह कांग्रेस और RJD हैं।" उन्होंने आगे कहा, "सभी ने मतदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया और यह सुनिश्चित किया कि भ्रष्टाचार और जंगलराज वाली सरकार सत्ता में न आए। विकास जारी रहना चाहिए।"

  • 8:50 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    बिहार में हमारी पार्टी को मिलेगी जीत: मिथुन चक्रवर्ती

    भाजपा नेता मिथुन चक्रवर्ती ने बिहार चुनाव पर कहा, "जिस तरह से मतदान हुआ है, हम कह सकते हैं कि बिहार में हमारी पार्टी बहुमत हासिल करेगी।" SIR पर उन्होंने कहा, "हम SIR में किसी के ख़िलाफ़ नहीं हैं; ये लोग अफ़वाहें फैलाकर और डराकर लोगों को खुश करना चाहते हैं। यह पहले ही कहा जा चुका है कि हिंदू जहां से भी आएंगे, उन्हें नागरिकता देकर वोट देने का अधिकार दिया जाएगा, और भारतीय मुसलमान भी वोट दे सकते हैं। हम पूछना चाहते हैं कि वह (ममता बनर्जी) आंदोलन कर क्यों रही हैं? वे बोलें कि जो भारत के नागरिक नहीं हैं वे उसके लिए उतर रही हैं।"

  • 8:50 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    14 नवंबर को इतिहास लिखा जाएगा: प्रशांत किशोर

    जन सुराज संस्थापक प्रशांत किशोर ने बिहार चुनाव पर कहा, 'इस बार मतदान प्रतिशत आज़ादी के बाद से अब तक के सबसे ज़्यादा है। मैं महीनों से कह रहा हूं कि बिहार में 60% से ज़्यादा जनता बदलाव चाहती है। अब, जन सुराज की वजह से लोगों के पास एक विकल्प है। बढ़ा हुआ मतदान प्रतिशत दर्शाता है कि लोग विकल्प पाकर खुश हैं, और छठ के बाद भी यहां रुके प्रवासी मज़दूरों ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। वे इन चुनावों में 'X' फ़ैक्टर हैं। जन सुराज को पूरा भरोसा है, 14 नवंबर को इतिहास लिखा जाएगा।'

  • 8:24 AM (IST) Posted by Vineet Kumar

    मुकेश सहनी ने विजय सिन्हा पर हमले को लेकर दिया बयान

    VIP के प्रमुख मुकेश सहनी ने गुरुवार को बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के काफिले पर हुए हमले पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यह सत्तारूढ़ पार्टी द्वारा बनाए गए हालात का नतीजा है। सहनी ने कहा, 'वे देश में सत्ता में हैं। वे राज्य में भी सत्ता में हैं, इसलिए उन्हें इसकी जांच करनी चाहिए। उन्होंने जिस तरह का बिहार बनाया है, उसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ रहा है। लोग उन्हें खदेड़ रहे हैं, जिसका मतलब है कि महागठबंधन की सरकार बन रही है।'

  • 7:58 AM (IST) Posted by Amar Deep

    भभुआ में पीएम मोदी की रैली

    पीएम मोदी आज 7 नवंबर को भभुआ शहर के सरदार वल्लभभाई पटेल महाविद्यालय के खेल मैदान में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियों के तहत सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंतजाम हैं। पीएम के लिए चार हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं। बिहार सरकार के मंत्री सहित एनडीए कार्यकर्ता लोगों को सभा में आने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। 

  • 7:35 AM (IST) Posted by Amar Deep

    शिवहर में सीएम की सभा

    शिवहर में आज नेताओं का महाजुटान होगा। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का पुरनहिया में कार्यक्रम होगा तो ललन सिंह का डोर-टू-डोर प्रोग्राम होगा। वहीं समाहरणालय मैदान में सीएम नीतीश कुमार चुनावी सभा करेंगे।

  • 7:06 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पहले चरण में हुई रिकॉर्ड वोटिंग

    बिहार में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को 121 सीटों पर लगभग 65 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया, जो राज्य के चुनावी इतिहास में अब तक का सबसे अधिक मतदान प्रतिशत है।  इस ऐतिहासिक मतदान ने लगभग 20 वर्षों से सत्ता पर काबिज एनडीए और महागठबंधन के बीच ‘सुशासन बनाम सबको नौकरी’ की जंग को निर्णायक मोड़ पर ला दिया है।

     

  • 7:05 AM (IST) Posted by Amar Deep

    दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार तेज

    वहीं अब बिहार में सभी का ध्यान उन विधानसभा क्षेत्रों की तरफ है, जहां दूसरे चरण का मतदान होना है। दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। ऐसे में दूसरे चरण के मतदान के लिए सभी दल चुनाव प्रचार में जुट गए हैं। 

  • 7:04 AM (IST) Posted by Amar Deep

    पहले चरण का थमा शोर

    इस बार बिहार में दो चरणों में मतदान किए जा रहे हैं। गुरुवार को पहले चरण का मतदान समाप्त हो गया, जिसके बाद चुनाव प्रचार का शोर समाप्त हो गया है। 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement