1. Hindi News
  2. बिहार
  3. CM नीतीश ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा तोहफा, अब होगी ज्यादा कमाई

CM नीतीश ने आशा और ममता कार्यकर्ताओं को दिया बड़ा तोहफा, अब होगी ज्यादा कमाई

 Published : Jul 30, 2025 09:19 am IST,  Updated : Jul 30, 2025 10:40 am IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य की आशा और ममता कार्यकर्ताओं को बड़ा तोहफा देने का ऐलान किया है। अब इनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का फैसला किया गया है।

Nitish kumar asha workers- India TV Hindi
CM नीतीश ने की एक और बड़ी घोषणा। Image Source : PTI/CPI(ML)L

बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता के लिए खजाना खोल दिया है। सीएम नीतीश एक के बाद एक कई लोक लुभावन घोषणाएं कर रहे हैं। बिहार में फ्री बिजली, महिला आरक्षण, सरकारी भर्ती और युवा आयोग के गठन जैसे कई फैसलों की लगातार चर्चा हो रही है। अब सीएम नीतीश कुमार ने बिहार में आशा और ममता कार्यकर्ताओं को भी बड़ा तोहफा दिया है। सरकार ने इनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का फैसला किया है।

क्या बोले सीएम नीतीश?

नीतीश कुमार ने कहा- "नवम्बर 2005 में सरकार बनने के बाद से हमलोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में आशा तथा ममता कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इसे ध्यान में रखते हुए तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में आशा एवं ममता कार्यकर्ताओं के अहम योगदान को सम्मान देते हुए उनकी मानदेय राशि में वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।

कितनी मिलेगी राशि?

सीएम नीतीश ने जानकारी दी है कि राज्य में आशा कार्यकर्ताओं को अब 1 हजार रुपए की जगह 3 हजार रुपए प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी। साथ ही ममता कार्यकर्ताओं को प्रति प्रसव 300 रुपए की जगह 600 रुपए की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी, इससे उनका मनोबल और बढ़ेगा तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।"

बिहार में कब हैं चुनाव?

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है और तैयारियां शुरू कर दी हैं। चुनाव आयोग जल्द ही बिहार में विधानसभा चुनाव की तारीख का ऐलान कर सकता है। बिहार विधानसभा चुनाव आगामी अक्टूबर-नवंबर में संभावित हैं। ये चुनाव कुल 243 सीटों के लिए होंगे और बहुमत के लिए 122 सीटों की जरूरत पड़ेगी। चुनाव में इस बार मुकाबला भाजपा, जदयू, लोजपा (रामविलास), जीतन राम मांझी और उपेंद्र कुशवाहा की पार्टी के NDA गठबंधन और राजद, कांग्रेस व कुछ अन्य दलों के महागठबंधन के बीच है। इसके अलावा प्रशांत किशोर की जन सुराज और ओवैसी की AIMIM भी चुनाव मैदान है।

ये भी पढ़ें- 'चुनाव के बाद नीतीश बिहार के मुख्यमंत्री होंगे', चिराग पासवान ने अचानक से बदल लिए सुर

'भाई वीरेंद्र तो मोहरा है, लालू असली चेहरा है', दलितों के अपमान पर भाजपा ने साधा निशाना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।