पटना: बिहार सरकार मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चार हाई-सिक्योरिटी गाड़ियों की खरीद करेगी। सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार जल्द ही बुलेटप्रूफ रेंज रोवर जैसी हाई-सिक्योरिटी लग्जरी गाड़ी में सफर करते नजर आ सकते हैं। यह पहली बार होगा जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रेंज रोवर जैसी लग्जरी एसयूवी का इस्तेमाल करते दिखेंगे।
Related Stories
अभी कौन सी गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं सीएम नीतीश कुमार?
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब तक सरकारी दौरों और कार्यक्रमों में अक्सर इलेक्ट्रिक और इंडियन गाड़ियों का ही इस्तेमाल करते दिखे हैं। यह फैसला मुख्यमंत्री की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हालांकि अभी इन गाड़ियों के मॉडल, उसकी कीमत और तकनीकी विवरण सार्वजनिक नहीं किए गए हैं, लेकिन माना जा रहा है कि बुलेटप्रूफ होने के कारण इनकी लागत काफी अधिक होगी।
सूत्रों के अनुसार, इन गाड़ियों के बावजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार रोजमर्रा के सामान्य कार्यक्रमों में EV और भारतीय गाड़ियों का उपयोग जारी रख सकते हैं। रेंज रोवर गाड़ियों का इस्तेमाल मुख्य रूप से हाई-सिक्योरिटी मूवमेंट, बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों या विशेष परिस्थितियों में ही किया जाएगा।
सोमवार को ही पेश हुआ है बजट
गौरतलब है कि बिहार सरकार के वित्त मंत्री बिजेंद्र यादव ने सोमवार को ही बिहार का 3 लाख 47 हजार 589 करोड़ का बजट पेश किया है। ये पिछले बजट से 30 लाख 69 हजार 474 करोड़ रुपये अधिक है। इस मौके पर वित्त मंत्री ने कहा कि पिछले कुछ सालों में बजट का आकार बढ़ा है। ज्ञान, ईमान, विज्ञान, अरमान और सम्मान से बिहार तेजी से आगे बढ़ेगा। बिहार की आर्थिक विकास दर लगातार तेज हो रही है और आगामी वर्ष में इसके 14.9 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार को 2026–27 में अपने कर राजस्व से लगभग 65,800 करोड़ रुपये मिलने की उम्मीद है। बजट पेश करते हुए राज्य के वित्त मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने पीएम मोदी और सीएम नीतीश की तारीफ भी की।