1. Hindi News
  2. बिहार
  3. फ्री बिजली से लेकर 1 करोड़ नौकरियों के वादे तक, CM नीतीश की इन घोषणाओं से बिहार वालों की मौज

फ्री बिजली से लेकर 1 करोड़ नौकरियों के वादे तक, CM नीतीश की इन घोषणाओं से बिहार वालों की मौज

 Published : Jul 17, 2025 01:36 pm IST,  Updated : Jul 17, 2025 02:44 pm IST

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने चुनाव से पहले जनता के लिए फ्री बिजली से लेकर 1 करोड़ नौकरियों समेत कई अन्य बड़े ऐलान किए हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में।

bihar cm nitish kumar announcements- India TV Hindi
CM नीतीश की बड़ी घोषणाएं। Image Source : PTI

बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता के लिए खजाना खोल दिया है। सीएम नीतीश लगातार लोक लुभावनी योजनाओं का ऐलान कर रहे हैं। अब सीएम नीतीश ने बिहार के लोगों को 125 यूनिट तक फ्री बिजली देने का ऐलान कर दिया है। इससे पहले उन्होंने 1 करोड़ नौकरियां और पेंशन राशि बढ़ाने जैसे भी कई ऐलान किए हैं। आइए जानते हैं उन प्रमुख घोषणाओं को बारे में जो मुख्यमंत्री नीतीश ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले की हैं।

सीएम नीतीश ने कौन से ऐलान किए?

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 125 यूनिट फ्री बिजली के ऐलान से पहले बुजुर्गों को दिए जाने वाले पेंशन की राशि 400 से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दी है। वहीं, विधवा और दिव्यांग पेंशन की राशि को भी 400 से बढ़ाकर 1100 रुपए कर दिया गया है। इसके अलावा बिहार में सरकारी भर्ती में डोमिसाइल नीति भी लागू कर दिया है। इतना ही नहीं बिहार के युवाओं के लिए आने वाले 5 साल में 1 करोड़ नौकरी का वादा भी किया है। इसके अलावा सीएम नीतीश ने राज्य में सीधी नियुक्ति में महिलाओं को आरक्षण देने और राज्य में युवा आयोग के गठन को भी मंजूरी दी थी। 

सीएम नीतीश के बड़े ऐलान।
Image Source : INDIA TVसीएम नीतीश के बड़े ऐलान।

क्या मास्टरस्ट्रोक साबित होगी फ्री बिजली?

चुनाव से पहले फ्री बिजली का ऐलान करना नीतीश कुमार के लिए मास्टरस्ट्रोक साबित होगा या नहीं.. ये तो चुनाव का रिजल्ट बताएगा.. लेकिन अब तक जिन राज्यों में फ्री बिजली का ऐलान किया गया था.. वहां पार्टी चुनाव जीती थी। जैसे दिल्ली में केजरीवाल 200 यूनिट फ्री बिजली का ऐलान कर सत्ता में आए थे। तो वहीं, झारखंड में हेमंत सोरेन ने 125 यूनिट मुफ्त बिजली देकर सत्ता में वापसी की। राजस्थान में बीजेपी 300 यूनिट फ्री बिजली का वादा कर सत्ता में आई थी और उसके बाद भजनलाल सरकार ने इसे लागू भी कराया था। हिमाचल में कांग्रेस 125 यूनिट फ्री बिजली का वादा कर सत्ता में आई और सुक्खू सरकार ने इसे पूरा किया। पंजाब में AAP  300 यूनिट फ्री बिजली देकर सत्ता में आई। कर्नाटक और तेलंगाना में भी कांग्रेस सरकार ने 200 यूनिट तक फ्री बिजली देकर सत्ता हासिल की है।

कितने लोगों को होगा फायदा?

बिहार के डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने भी फ्री बिजली को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की है। उन्होंने बताया- "मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिजली उपभोक्ताओं के लिए मुख्यमंत्री उपभोक्ता सहायता योजना की शुरुआत की है और इसके माध्यम से 125 यूनिट बिजली का 100% अनुदान देने का काम बिहार की सरकार करेगी। अभी तक 15,995 करोड़ रुपया हम लोग अनुदान में देते थे और इस वित्तीय वर्ष में लगभग 3375 करोड़ रुपया का अतिरिक्त अनुदान हम देने का काम करेंगे। इस वित्तीय वर्ष में 19,370 करोड़ रुपया अनुदान दिया जाएगा। 16,000 करोड़ जो हम दे रहे थे उसको बढ़ाकर 19,370 करोड़ रुपया का अनुदान बिहार सरकार देगी, जिसका फायदा 1 करोड़ 82 लाख परिवारों को मिलेगा। इनमें 1 करोड़ 67 लाख ऐसे परिवार हैं जो 125 यूनिट से कम इस्तेमाल करते हैं। उनके लिए यह सुनहरा वक्त होगा।

ये भी पढ़ें- बिहार में अब हर महीने 125 यूनिट बिजली फ्री, चुनाव से पहले नीतीश कुमार का बड़ा ऐलान

बिहार चुनाव से पहले नीतीश कुमार का बड़ा दांव, बंपर शिक्षक भर्ती का किया ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।