बिहार पुलिस मद्यनिषेध सिपाही भर्ती परीक्षा समाप्त होने के बाद गया रेलवे जंक्शन पर परीक्षार्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। परीक्षा देकर लौट रहे हजारों अभ्यर्थियों के कारण स्टेशन परिसर, टिकट काउंटर और प्लेटफॉर्मों पर पैर रखने तक की जगह नहीं बची। ट्रेन आने से काफी पहले ही पूरे स्टेशन परिसर में चारों तरफ सिर्फ और सिर्फ परीक्षार्थी ही दिखाई दे रहे थे। गया जंक्शन पर छात्रों की उमड़ी भीड़ देखकर हर कोई हैरान था।
जंक्शन पर अफरा-तफरी का माहौल
जैसे ही गया-पटना मेमू पैसेंजर ट्रेन प्लेटफॉर्म पर आकर रुकी, वैसे ही सीट पर कब्जा जमाने के लिए अभ्यर्थियों के बीच होड़ मच गई। सैकड़ों परीक्षार्थी एक साथ कोचों में चढ़ने के लिए झपट पड़े, जिससे कुछ देर के लिए स्टेशन पर भारी अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। ट्रेन के रुकते ही मुख्य दरवाजों पर इतनी भीड़ जमा हो गई कि वहां से अंदर घुसना नामुमकिन हो गया। ऐसी स्थिति में अपनी ट्रेन छूटने के डर से और सीट पाने के लिए कई अभ्यर्थी जोखिम उठाने से भी पीछे नहीं हटे। मुख्य दरवाजे से प्रवेश न मिल पाने के कारण दर्जनों अभ्यर्थी कोच की इमरजेंसी खिड़कियों के रास्ते जान जोखिम में डालकर ट्रेन के अंदर घुसते नजर आए। यह कदम काफी असुरक्षित था, लेकिन घर पहुंचने की जल्दी में अभ्यर्थियों ने सुरक्षा नियमों को ताक पर रख दिया।
सुरक्षा बल और प्रशासन की मशक्कत
वहीं छात्रों की भीड़ को देखते हुए और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीमों की तैनाती की गई थी। RPF के जवान लगातार परीक्षार्थियों से धैर्य बनाए रखने, कतार में खड़े होने और शांतिपूर्वक ट्रेन में चढ़ने की अपील कर रहे थे। स्टेशन पर उमड़ी इस भीड़ को नियंत्रित करना सुरक्षा बलों के लिए एक कड़ी परीक्षा साबित हुआ। जवानों को भीड़ को नियंत्रित करने और बोगियों के दरवाजों पर हो रही धक्का-मुक्की को रोकने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। भर्ती परीक्षा के कारण एक साथ बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के लौटने से गया जंक्शन पर देर तक असामान्य भीड़ बनी रही।
(रिपोर्ट - अजीत कुमार)