1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Bihar Political Crisis: नीतीश कुमार के साथ आए जीतन राम मांझी, बिना शर्त समर्थन का किया ऐलान

Bihar Political Crisis: नीतीश कुमार के साथ आए जीतन राम मांझी, बिना शर्त समर्थन का किया ऐलान

 Reported By: Nitish Chandra, Edited By: Malaika Imam
 Published : Aug 09, 2022 05:03 pm IST,  Updated : Aug 09, 2022 05:36 pm IST

Bihar Political Crisis एनडीए (NDA) के घटक दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) ने बिना शर्त नीतीश कुमार और महागठबंधन को समर्थन देने का ऐलान किया है।

Nitish Kumar And Jitan Ram Manjhi - India TV Hindi
Nitish Kumar And Jitan Ram Manjhi Image Source : FILE PHOTO

Highlights

  • HAM ने नीतीश कुमार को समर्थन देने का किया ऐलान
  • विधायक दल की बैठक में लिया गया ये फैसला: मांझी
  • नीतीश की सरकार में जीतन राम मांझी के बेटे मंत्री थे

Bihar Political Crisis: बिहार में एनडीए गठबंधन की सरकार टूट चुकी है। नीतीश कुमार ने बिहार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है और एक बार फिर से वे महागठबंधन के साथ मिलकर सरकार बनाने की तैयारी में हैं। इस बीच, एनडीए के घटक दल हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) ने बिना शर्त नीतीश कुमार और महागठबंधन को समर्थन देने का ऐलान किया है। HAM के प्रमुख जीतन राम मांझी ने कहा कि विधायक दल की बैठक में ये फैसला लिया गया। बता दें कि नीतीश सरकार में जीतन राम मांझी के बेटे मंत्री थे। 

एनडीए से अलग होने का फैसला उनकी पार्टी जेडीयू ने लिया- नीतीश

नीतीश कुमार ने आज राज्यपाल फागू चौहान से मुलाकात की और बिहार में एनडीए सरकार के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया। नीतीश कुमार ने कहा कि एनडीए से संबंध समाप्त करने का फैसला उनकी पार्टी जेडीयू ने लिया है। इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने राज्य की पूर्व सीएम राबड़ी देवी और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) से मुलाकात की।

अभी सतर्क नहीं हुए, तो पार्टी के लिए अच्छा नहीं होगा- नीतीश

सीएम पद से इस्तीफा देने से पहले नीतीश कुमार ने जदयू के सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की थी। इस बैठक में नीतीश कुमार ने कहा कि बीजेपी ने हमेशा अपमानित किया और जेडीयू को खत्म करने की साजिश रची गई। नीतीश कुमार ने कहा कि 2020 से ही उनका वर्तमान गठबंधन उन्हें कमजोर करने की कोशिश कर रहा है। नीतीश ने कहा कि अगर वे अभी सतर्क नहीं हुए, तो ये पार्टी के लिए अच्छा नहीं होगा। 

 2017 में जो हुआ उसे भूल जाइए, नया अध्याय शुरू कीजिए- नीतीश

इस्तीफा सौंपने के बाद नीतीश कुमार ने कहा, "सभी सांसद और विधायक आम सहमति पर हैं कि हमें एनडीए छोड़ देना चाहिए। बीजेपी के साथ काम करना मुश्किल हो रहा था। सभी का निर्णय ये था कि हमें एनडीए छोड़ देना चाहिए, इसलिए हमने आज इस्तीफा दे दिया।" इसके साथ ही नीतीश कुमार को महागठबंधन का नेता चुना गया है। महागठबंधन के नेताओं के साथ हुई बैठक में ये फैसला लिया गया। वहीं, सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार ने आरजेडी नेता राबड़ी देवी से कहा कि 2017 में जो हुआ उसे भूल जाइए और एक नया अध्याय शुरू कीजिए।

दोबारा डिप्टी सीएम बनेंगे आरजेडी नेता तेजस्वी यादव

ऐसे में अब नीतीश कुमार बिहार में आरजेडी के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे। सूत्रों के मुताबिक, डिप्टी सीएम और स्पीकर का पद आरजेडी के कोटे से होगा। तेजस्वी यादव बिहार के डिप्टी सीएम बनेंगे। गौरतलब है कि जब साल 2015 में महागठबंधन की सरकार बनी थी, तब भी तेजस्वी यादव राज्य के डिप्टी सीएम बने थे। अब वे दोबारा डिप्टी सीएम बनेंगे। 

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।