1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार में कड़ाके की सर्दी, गयाजी में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान, कई जिलों में सोमवार को घने कोहरे की चेतावनी

बिहार में कड़ाके की सर्दी, गयाजी में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान, कई जिलों में सोमवार को घने कोहरे की चेतावनी

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Dec 21, 2025 01:21 pm IST,  Updated : Dec 21, 2025 01:31 pm IST

बिहार में सोमवार को कड़ाके की सर्दी और घना कोहरा पड़ने की चेतावनी जारी की गई है। रविवार को भी प्रदेश में घना कोहरा छाया रहा और सर्दी से लोग परेशान दिखे।

बिहार में कड़ाके की सर्दी - India TV Hindi
बिहार में कड़ाके की सर्दी Image Source : ANI

पटनाः पश्चिमी हवाओं के कारण पटना समेत पूरे बिहार में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के कई जिलों में सुबह और रात में घना कोहरा पड़ रहा है। इसकी वजह से सड़कों पर वाहनों की रफ्तार थम गई है। वहीं रेल और हवाई सेवाओं पर भी असर पड़ा है। 

इन जिलों में पड़ रही है कड़ाके की सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है, जिससे ठंड बढ़ेगी। राज्य के गयाजी, नालंदा, अरवल, सीतामढ़ी, शिवहर और जहानाबाद जिलों में कड़ाके की सर्दी पड़ेगी। इन जिलों में सोमवार सुबह घना कोहरा पड़ने की चेतावनी दी गई है। 

गयाजी में दर्ज हुआ सबसे कम तापमान

पटना में अधिकतम तापमान 16.6°C और न्यूनतम तापमान 12.5°C दर्ज किया गया। पूरे बिहार में सबसे कम न्यूनतम तापमान गयाजी में 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पश्चिमी चंपारण में अधिकतम तापमान 16°C और न्यूनतम तापमान 10.6°C दर्ज किया गया। रोहतास में भी न्यूनतम तापमान 10.5°C दर्ज हुआ। राजगीर में न्यूनतम तापमान 8.7 डिग्री तर्ज हुआ। अरवल में भी 10 डिग्री से नीचे तापमान दर्ज किया जा रहा है। प्रदेश के लगभग सभी जिलों में तापमान 14 डिग्री से नीचे दर्ज किया जा रहा है।

23 दिसंबर से मिल सकती है थोड़ी राहत

मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। सोमवार को बिहार के अधिकांश शहरों में घना से मध्यम कोहरा छाया रहेगा। हालांकि, दिन बढ़ने के साथ कोहरा छंटने की उम्मीद है। 23 दिसंबर से मौसम में बदलाव की उम्मीद है, जिससे लोगों को कुछ राहत मिल सकती है।

विभाग ने बताया कि पटना, गयाजी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी और पश्चिमी चंपारण, सारण, बक्सर, भोजपुर और दरभंगा समेत कई जिलों में रविवार को घना कोहरा छाया रहा और विज़िबिलिटी घटकर 50 मीटर तक हो गई है। IMD ने चेतावनी दी है कि घने से बहुत घने कोहरे का यह दौर अगले तीन दिनों तक जारी रहेगा, और लोगों से सुबह और देर रात के समय गैर-ज़रूरी यात्रा से बचने का आग्रह किया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।