1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 4700 दोपहिया वाहन, 10 हजार की फेलोशिप, लाखों की आर्थिक मदद, महिलाओं को सीएम सम्राट चौधरी का रक्षाबंधन गिफ्ट

4700 दोपहिया वाहन, 10 हजार की फेलोशिप, लाखों की आर्थिक मदद, महिलाओं को सीएम सम्राट चौधरी का रक्षाबंधन गिफ्ट

 Reported By: Nitish Chandra Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Aug 26, 2026 10:14 am IST,  Updated : Aug 26, 2026 11:46 am IST

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रक्षाबंधन से पहले राज्य की महिलाओं का खास गिफ्ट दिया है। बिहार की तीन नई योजनाओं के तहत महिलाओं की सुरक्षा, शिक्षा और रोजगार का खास ध्यान रखा गया है।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी- India TV Hindi
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी Image Source : YT/IPRD

रक्षाबंधन के मौके पर बिहार सरकार ने महिलाओं और छात्राओं के लिए तीन बड़ी योजनाओं की शुरुआत की। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज इन योजनाओं का लोकार्पण किया। सरकार का दावा है कि इन पहलों से छात्राओं की सुरक्षा, उच्च शिक्षा और महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर देने में मदद मिलेगी।

  1. स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी (अभया ब्रिगेड) को 4,700 स्कूटर और मोटरसाइकिलें सौंपी गईं।
  2. मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के तहत बिहार की लगभग 1,000 योग्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए चार साल तक हर महीने ₹10,000 की आर्थिक सहायता दी गई।
  3. बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना के तहत प्रदेश की युवतियों और महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए इस योजना के तहत ₹50,000 से ₹2,00,000 तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान किया गया।

अभया ब्रिगेड को 4700 दोपहिया वाहन

बिहार में स्कूल और कॉलेज जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा के लिए पुलिस दीदी यानी अभया ब्रिगेड को 4,700 स्कूटर और मोटरसाइकिलें सौंपी गईं। इन वाहनों के जरिए छात्राओं की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की त्वरित पहुंच सुनिश्चित करने का लक्ष्य है।

छात्राओं को हर महीने 10 हजार की फेलोशिप

मुख्यमंत्री बालिका पीएचडी फेलोशिप योजना के तहत बिहार की करीब 1,000 योग्य छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता दी गई। चयनित छात्राओं को 4 साल तक हर महीने 10,000 रुपये की सहायता राशि मिलेगी। सरकार का उद्देश्य छात्राओं को उच्च शिक्षा और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है।

'बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज' से महिलाओं को आर्थिक मदद

महिलाओं और युवतियों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बिहार की बेटी स्टार्टअप चैलेंज योजना भी शुरू की है। इसके तहत पात्र महिलाओं को अपना व्यवसाय या स्टार्टअप शुरू करने के लिए 50 हजार रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता देने का प्रावधान किया गया है।

महिलाओं को आर्थिक आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्य

सरकार का कहना है कि रक्षाबंधन के अवसर पर शुरू की जा रही इन तीनों पहलों का मकसद महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा के साथ-साथ शिक्षा और आर्थिक आत्मनिर्भरता के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है।

विद्यार्थी सहयोग शिविर

वहीं, दूसरी ओर सीएम सम्राट चौधरी ने मंगलवार को वैशाली जिले के एक सरकारी इंजीनियरिंग कॉलेज में 'विद्यार्थी सहयोग शिविर' का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य राज्य के सभी शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की शिकायतों का प्रभावी और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। 

सात निश्चय-3 कार्यक्रम

सीएम सम्राट चौधरी ने 'सात निश्चय-3' कार्यक्रम के तहत वैशाली के बिदुपुर स्थित बिहार इंजीनियरिंग कॉलेज में विद्यार्थी सहयोग शिविर की शुरुआत की। बयान के मुताबिक, हर महीने के चौथे मंगलवार को शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित होने वाले इन शिविरों में शैक्षणिक व्यवस्था, परीक्षाओं, छात्रावास, पेयजल, शौचालय, कैंटीन तथा विद्यार्थियों से जुड़े अन्य मुद्दों पर शिकायतें तथा सुझाव सुने जाएंगे व उनका समाधान किया जाएगा।

ये भी पढ़ें: 

छात्रों के प्रदर्शन पर BPSC अधिकारी का विवादित बयान हुआ वायरल, CM सम्राट चौधरी ने किया सस्पेंड

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।