1. Hindi News
  2. बिहार
  3. Coronavirus: शादी के दो दिन बाद दूल्हे की मौत, पिता के खिलाफ मामला दर्ज

Coronavirus: शादी के दो दिन बाद दूल्हे की मौत, पिता के खिलाफ मामला दर्ज

 Reported By: Bhasha
 Published : Jul 03, 2020 06:22 pm IST,  Updated : Jul 03, 2020 06:22 pm IST

कोरोना वायरस महामारी के बीच पटना के पालीगंज में शादी के दो दिन बाद ही दुल्हे की मौत मामले में उसके पिता के खिलाफ दिशा-निर्देश का उल्लंघन करने के संबंध में मामला दर्ज हुआ है। 

प्रतीकात्मक तस्वीर- India TV Hindi
प्रतीकात्मक तस्वीर Image Source : PTI

पटना: कोरोना वायरस महामारी के बीच पटना के पालीगंज में शादी के दो दिन बाद ही दुल्हे की मौत मामले में उसके पिता के खिलाफ दिशा-निर्देश का उल्लंघन करने के संबंध में मामला दर्ज हुआ है। यहां शादी समारोह के बाद कई लोग संक्रमित पाए गए हैं। जिला प्रशासन ने एक बयान में बताया कि बृहस्पतिवार देर रात अम्बिका चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज हुआ। 

चौधरी के बेटे की मौत 17 जून को शादी के दो दिन बाद हो गई थी। उसे तेज बुखार था। प्रशासन को भनक लगने से पहले ही दुल्हे के परिवार ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। लेकिन पालीगंज प्रखंड में पड़नेवाले डीहपाली गांव में जांच शिविर लगाए गए और 259 नमूने की जांच हुई जिनमें से 95 लोग संक्रमित पाए गए। इसके बाद सभी संक्रमितों को पृथक केंद्र भेज दिया गया और जिला अधिकारी कुमार रवि के निर्देश के अनुसार शादी समारोह में कोरोना वायरस के संबंध में तय किए गए दिशा-निर्देशों के उल्लंघन की जांच हो रही है। 

यह भी पढ़ें- प्रधानमंत्री मोदी अचानक लेह पहुंचे, CSD बिपिन रावत और सेना प्रमुख जनरल नरवणे भी साथ

बयान में कहा गया, ‘‘ ऐसा पाया गया कि शादी में 50 से ज्यादा लोग जमा हुए थे और सामाजिक दूरी और मास्क पहनना भी सुनिश्चित नहीं किया गया था। बीडीओ चिरंजीव पांडे ने पालीगंज पुलिस थाने में संबंधित प्रावधानों के तहत चौधरी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।’’

यह भी पढ़ें- पीएम मोदी की लेह यात्रा से बैकफुट पर चीन? कहा-कोई भी पक्ष ऐसा कदम न उठाए जिससे तनाव बढ़े 

मृतक दुल्हा गुड़गांव में सॉफ्टवेयर इंजीनियर था और वह मई के आखिर में शादी के लिए ही घर लौटा था। उसकी शादी 15 जून को तय थी और उसमें शादी के कुछ दिन पहले ही संक्रमण के लक्षण दिखने लगे थे। ऐसा कहा जा रहा है कि दुल्हे के आग्रह के बाद भी शादी नहीं रोकी गई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।