बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ताजा मामले में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध फायरिंग की है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया है। बिहार के हाजीपुर में अपराधियों ने एक मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गनीमत रही कि दुकान मालिक की जान बच गई। ये सारी घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने में जुटी है। बता दें कि ये घटना हाजीपुर के नगर थाना क्षेत्र के जढुआ इलाके की हैं।
क्या है मामला
बताया जा रहा है कि एक बाइक पर सवार होकर दो अपराधी खुशी मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों बदमाश बाइक से उतरते ही दुकान की ओर फायरिंग करने लगे। अचानक हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। फायरिंग के दौरान दुकान में मौजूद खुशी मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर के मालिक बाल-बाल बच गए। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद नगर थाना की टीम और सदर एसडीपीओ सुबोध कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शुरुआती जांच में पुलिस आपसी रंजिश, रंगदारी या अन्य आपराधिक एंगल से भी मामले की पड़ताल कर रही है। इस फायरिंग की घटना ने एक बार फिर हाजीपुर में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अपराधियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पुलिस ने कही ये बात
हाजीपुर सदर के एसडीपीओ सुबोध कमार का कहना है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छान बीन शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से दो खोखे बरामद किए गए हैं और साथ ही दुकान के मालिक और उसके बड़े भाई से बात कर पुराने विवाद का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। सुबोध कमार ने भी यह भी बताया कि पास लगे सीसीटीवी को खंगाला जा रहा है और उस आधार पर अपराधी की गिरफ्तारी की जाएगी।
(रिपोर्ट - राजा बाबू)