बिहार में विधानसभा चुनावों के दौरान यूट्यूबर से नेता बने मनीष कश्यप भी काफी चर्चा में रहे थे। मनीष कश्यप ने चनपटिया विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा। हालांकि, उन्हें करारी हार झेलनी पड़ी। जनसुराज पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ने वाले मनीष कश्यप को 37172 वोट मिले और उन्हें 50366 वोट से हार का सामना करना पड़ा। इस सीट पर कांग्रेस के अभिषेक रंजन ने 602 वोट से जीत हासिल की। उन्हें 87538 वोट मिले। वहीं, बीजेपी के उमाकांत सिंह दूसरे नंबर पर रहे, उन्हें 86936 वोट मिले।
चनपटिया सीट पर कुल पांच उम्मीदवार थे और 2609 लोगों ने नोटा का बटन दबाया। लोकतांत्रिक जनस्वराज पार्टी के बिपिन तिवारी को 2108 वोट मिले और निर्दलीय उम्मीदवार मोहम्मद सोएब 2092 वोट हासिल करने में सफल रहे।
चनपटिया सीट के ताजा आंकड़े यहां देखें
बिहार में दो चरण में हुआ मतदान
बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में मतदान हुआ। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को तो दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को हुआ। दोनों चरणों में संयुक्त मतदान प्रतिशत 67.13% रहा, जो 1951 के बाद से अब तक का सर्वोच्च स्तर है।
एनडीए की बंपर जीत
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में एनडीए गठबंधन के बंपर जीत मिली। 2010 के बाद एनडीए गठबंधन ने बिहार में अपना सबसे बेहतरीन प्रदर्शन किया है और 200 से ज्यादा सीटें हासिल की। बीजेपी और जेडीयू दोनों पार्टियों ने 85 से ज्यादा सीटें हासिल की हैं। वहीं, चिराग की पार्टी भी 20 से ज्यादा सीटें जीतने में सफल रही है। महागठबंधन में कांग्रेस दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू पाई और महागठबंधन भी 50 का आंकड़ा तक नहीं छू सका। असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम ने पांच सीटों पर जीत हासिल की।
यह भी पढ़ें-
Bihar Assembly Election Live: बिहार चुनाव की मतगणना जारी, यहां देखें चुनाव से जुड़े नतीजे
Karakat Election Result: पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह को काराकाट में अब तक कितने वोट मिले?