1. Hindi News
  2. बिहार
  3. इनकम टैक्स के असिस्टेंट डायरेक्टर, इंस्पेक्टर समेत तीन गिरफ्तार, दो लाख रुपये रिश्वत लेते सीबीआई ने दबोचा

इनकम टैक्स के असिस्टेंट डायरेक्टर, इंस्पेक्टर समेत तीन गिरफ्तार, दो लाख रुपये रिश्वत लेते सीबीआई ने दबोचा

 Reported By: Abhay Parashar Edited By: Niraj Kumar
 Published : Jul 16, 2025 10:02 pm IST,  Updated : Jul 16, 2025 10:02 pm IST

दोनों अधिकारियों ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया था कि यदि उन्हें रिश्वत दे दी गई तो आगे की सभी कार्यवाही बंद कर दी जाएगी। शिकायत मिलने पर सीबीआई ने एक उप निरीक्षक को गुप्त रूप से आरोपों का सत्यापन करने का काम सौंपा।

CBI- India TV Hindi
सीबीआई Image Source : FILE

पटना:  भ्रष्टाचार के खिलाफ एक्शन लेते हुए सीबीआई ने एक बड़ी कार्रवाई की है। सीबीआई के अधिकारियों ने पटना में तैनात इनकम टैक्स के असिस्टेंट डायरेक्टर, एक इंस्पेक्टर और एक मल्टी टास्किंग स्टाफ को दो लाख रुपये की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक असिस्टेंट डायरेक्टर आदित्य सौरभ भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) के अधिकारी हैं। आरोपों के मुताबिक ये लोग एक व्यक्ति से जब्त धन को छोड़ने के एवज में दो लाख रुपये की रिश्वत ले रहे थे।

क्या थे आरोप?

सीबीआई ने एक शिकायत पर कार्रवाई की जिसमें आरोप लगाया गया था कि आयकर (जांच) के असिस्टेंट डायरेक्टर (सहायक निदेशक)  के रूप में तैनात आईआरएस अधिकारी आदित्य सौरभ और विभाग के इंस्पेक्टर (निरीक्षक) मनीष कुमार पंकज पटना एयरपोर्ट पर शिकायतकर्ता के एक रिश्तेदार से जब्त 13 लाख रुपये वापस कराने के एवज में रिश्वत मांग रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि सौरभ और पंकज के अलावा एजेंसी ने मामले के सिलसिले में इनकम टैक्स विभाग के मल्टी-टास्किंग कर्मचारी शुभम राज को भी गिरफ्तार किया है। 

शिकायत मिलने पर सीबीआई ने लिया एक्शन

उन्होंने बताया कि दोनों अधिकारियों ने कथित तौर पर शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया था कि यदि उन्हें रिश्वत दे दी गई तो आगे की सभी कार्यवाही बंद कर दी जाएगी। शिकायत मिलने पर सीबीआई ने एक उप निरीक्षक को गुप्त रूप से आरोपों का सत्यापन करने का काम सौंपा। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई को मंगलवार को सत्यापन के दौरान शिकायत में प्रथम दृष्टया तथ्य मिले, जिसके बाद एजेंसी ने उस परिसर पर छापा मारा जहां रिश्वत दी जानी थी। 

आरोपियों को ठिकानों की तलाशी

एजेंसी के प्रवक्ता ने एक विज्ञप्ति में बताया, ‘‘सीबीआई ने जाल बिछाया और आरोपियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान, एजेंसी ने दो लाख रुपये की रिश्वत राशि बरामद की, जो आरोपी आईआरएस अधिकारी के निर्देश पर और उसकी ओर से मांगी गई थी। 15 जुलाई को पटना में आरोपी व्यक्तियों के तीन अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी ली गई।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।