1. Hindi News
  2. बिहार
  3. गोपालगंज में शराब तस्करी में ‘लेडी गैंग’ शामिल, 5 महिलाओं समेत ड्राइवर गिरफ्तार, 216 लीटर शराब जब्त

गोपालगंज में शराब तस्करी में ‘लेडी गैंग’ शामिल, 5 महिलाओं समेत ड्राइवर गिरफ्तार, 216 लीटर शराब जब्त

 Published : Oct 04, 2026 01:30 pm IST,  Updated : Oct 04, 2026 01:30 pm IST

बिहार के गोपालगंज में शराब तस्करी के एक हैरान करने वाले मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। बोलेरो में पांच महिलाएं और एक पुरुष चालक 216 लीटर विदेशी शराब छिपाकर ले जा रहे थे। पुलिस ने शक के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली, जिसके बाद शराब बरामद हुई।

गोपालगंज शराब तस्करी मामला- India TV Hindi
गोपालगंज शराब तस्करी मामला Image Source : INDIA TV

बिहार में शराबबंदी के बावजूद तस्कर शराब की तस्करी के लिए रोज नए-नए तरीके अपना रहे हैं। गोपालगंज में शराब तस्करी का ऐसा ही हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां एक बोलेरो में पांच महिलाएं और एक पुरुष चालक सवार था। पहली नजर में सबकुछ सामान्य लग रहा था लेकिन जब उत्पाद पुलिस ने बोलेरो का वजन चेक किया तो शक हुआ। इसके बाद जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो तो अंदर का नजारा देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। बोलेरो के अंदर 216 लीटर विदेशी शराब छिपाकर रखी गई थी। पुलिस ने पांच महिलाओं समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया है।

पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास हुई जांच

गोपालगंज में शराब तस्करी के खिलाफ उत्पाद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कुचायकोट थाना क्षेत्र के पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास उत्पाद पुलिस ने एक बोलेरो को रोककर जांच की। बोलेरो में पांच महिलाएं और एक पुरुष चालक सवार था। शुरुआत में पुलिस को कुछ भी संदिग्ध नजर नहीं आया। लेकिन जांच के दौरान जब वाहन का वजन किया गया तो वजन सामान्य से ज्यादा मिला। बस फिर क्या था पुलिस का शक गहरा गया। बोलेरो की तलाशी शुरू हुई और तलाशी के दौरान वाहन के अंदर छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

216 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई

उत्पाद अधीक्षक अमृतेश कुमार के मुताबिक बोलेरो से कुल 216 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। बरामद शराब की कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। शराब के साथ पुलिस ने बोलेरो को भी जब्त कर लिया है। वहीं मौके से पांच महिला तस्करों और एक पुरुष चालक समेत कुल छह लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार सभी आरोपी गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र के दुखहरण टोला के रहने वाले हैं।

फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।

गोपालगंज से अयाज अहमद की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें:

सारण में ट्रिपल मर्डर से हड़कंप, एक पटना रेफर; चाकूबाजी में 4 लोग हुए थे घायल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।