1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पटना में LPG के लिए हाहाकार! लाइन में घंटों इंतजार से लोग परेशान, सड़कों पर गैस के लिए जंग जारी

पटना में LPG के लिए हाहाकार! लाइन में घंटों इंतजार से लोग परेशान, सड़कों पर गैस के लिए जंग जारी

 Published : Mar 18, 2026 05:58 pm IST,  Updated : Mar 18, 2026 05:58 pm IST

पटना में एलपीजी का संकट गहराता जा रहा है। खाजेकलां में बवाल इतना बढ़ा की मामले में पुलिस को दखल देना पड़ा। लोगों का आरोप है घंटों लाइन में खड़ा रहने के बाद भी सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है।

एलपीजी गैस सिलेंडर...- India TV Hindi
एलपीजी गैस सिलेंडर लाने के लिए मां के साथ जाता एक बच्चा Image Source : REPORTER INPUT

पटना: खाड़ी देशों में जारी युद्ध के बीच देश में एलपीजी का संकट बढ़ता जा रहा है। बिहार की राजधानी पटना में भी एलपीजी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। लोग गैस एजेंसी के पास लाइन में घंटों इंतजार कर रहे हैं लेकिन गैस नहीं मिलने से परेशान हैं। सड़कों पर गैस के लिए जंग जारी है। गैस सिलेंडर के लिए लंबी-लंबी कतारें देखी जा रही हैं, जहां लोग सुबह 5-6 बजे से घंटों तक इंतजार कर रहे हैं। गैस नहीं मिलने के कारण सड़क जाम तक करना पड़ रहा है।

खाजेकलां में गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोग परेशान

पटना के खाजेकला थाना अंतर्गत मां पटन देवी इंडियन गैस एजेंसी के पास  लोग धूप में तप रहे हैं और कई दिनों से सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। ग्राहकों का कहना है कि बुकिंग के दौरान ओटीपी नहीं आ रहा है या बुकिंग के बाद भी डिलीवरी नहीं हो रही है। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि रमजान पर्व के मौके पर पूरा परिवार रोजा रखे हुए हैं और घरेलू गैस सिलेंडर के लिए एजेंसी द्वारा टालमटोल किया जा रहा है।

patna LPG
Image Source : REPORTER INPUTपटना में एलपीजी के लिए हाहाकार

गैस एजेंसी मालिक ने सिलेंडर लूटने का लगाया आरोप

वहीं गैस एजेंसी के मालिक मनोज कुमार ने बताया कि मंगलवार को गैस एजेंसी के वेंडर द्वारा गैस वितरण किया जा रहा था इस दौरान कंज्यूमर द्वारा बिना घरेलू गैस नंबर लगाए हुए भी 30 से 40 सिलेंडर पब्लिक ने लूट लिया है।  बुधवार को भी गैस सिलेंडर वितरण किया जा रहा है लेकिन पब्लिक द्वारा बिना नंबर लगाए हुए भी सिलेंडर की मांग की जा रही है और हंगामा कर रहे हैं। वहीं पुलिस इस बात से इनकार कर रही है कि सिलेंडर की लूट हुई है।

पैनिक होने की जरूरत नहीं-प्रशासन

वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस एजेंसी द्वारा घरेलू कनेक्शन का नंबर लगाने के बाद भी एक हफ्ते से टालमटोल किया जा रहा है। आज भी अभी तक गैस सिलेंडर नहीं मिला है। पटना जिला प्रशासन लगातार दावा कर रही है कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को गैस एजेंसी से मिलने में कोई दिक्कत नहीं हो रही है पैनिक होने की जरूरत नहीं है।  दूसरी तरफ महिलाएं गैस सिलेंडर लेने के लिए लाइन की कतार में खड़ी हैं। पुलिस भी लोगों को समझा  रही है लेकिन पब्लिक बिना घरेलू गैस सिलेंडर लिए हुए घर जाने के लिए तैयार नहीं है।

रिपोर्ट-बिट्टू कुमार, पटना

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।