1. Hindi News
  2. बिहार
  3. 15 साल तक पुलिस से परेशान हत्यारे का कबूलनामा, 'हम नहीं मारते तो वो मेरे पूरे परिवार को मार डालता'

15 साल तक पुलिस से परेशान हत्यारे का कबूलनामा, 'हम नहीं मारते तो वो मेरे पूरे परिवार को मार डालता'

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : May 12, 2025 04:42 pm IST,  Updated : May 12, 2025 05:02 pm IST

रियल एस्टेट कारोबारी मोहम्मद शब्बीर की हत्या के आरोप में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने हत्या की बात कबूल भी की है।

पुलिस की हिरासत में आरोपी- India TV Hindi
पुलिस की हिरासत में आरोपी Image Source : INDIA TV

हाजीपुरः बिहार के हाजीपुर में तीन मई की शाम नगर थाना से महज 20 मीटर दूर रियल एस्टेट कारोबारी मोहम्मद शब्बीर नमाज पढ़कर मस्जिद से लौट रहे थे, तभी अचानक एक हमलावर ने उन्हें गोली मार दी। शब्बीर को अस्पताल ले जाने के दौरान ही मौत हो गई। इस हत्याकांड की जांच के दौरान मृतक के पड़ोसी का नाम सामने आया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्या की इनसाइड स्टोरी

हत्याकांड जांच के दौरान यह बात सामने आई कि मृतक मोहम्मद शब्बीर और उनके पड़ोसी मोहम्मद अंसारी उर्फ डब्लू के बीच लगभग 15 वर्षों से विवाद चल रहा था। विवाद की जड़ एक जमीन थी जिसे शब्बीर ने उस्मान कुरैशी से खरीदकर उस पर मकान बना लिया था। इस जमीन पर दावा अंसारी परिवार भी कर रहा था, जिसके कारण दोनों पक्षों के बीच हाई कोर्ट मे केस चल रहा है।

 
पुलिस से पूछताछ के दौरान मोहम्मद अंसारी उर्फ़ डब्लू ने बताया कि वह पंचर बनाने का काम करता है और उसने किसी तरह रुपयों का इंतजाम कर सारण जिले के सोनपुर से महज तीन हजार रुपये में देसी कट्टा खरीदा था। इस हथियार को लेकर वह अपने पड़ोसी की हत्या के इरादे से घटना को अंजाम दिया और उसने बताया कि जमीन का पेपर मेरे पास है। कई बार मेरे साथ मारपीट किया। पुलिस के पास भी गए कोई सुनने वाला नहीं था। अगर हम नहीं मारते तो वो मेरे परिवार को मार डालता। 

दो साल से कर रहा था हत्या की कोशिश

हाजीपुर एसडीपीओ ओमप्रकाश ने मीडिया को बताया कि मृतक के पड़ोसी मोहम्मद अंसारी और उनके भाई अब्दुल्ला अंसारी ने दो साल पहले ही शब्बीर की हत्या की साजिश रचनी शुरू कर दी थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने पुलिस के समक्ष यह स्वीकार किया कि उसने ही गोली चलाई थी। हत्या के बाद वह घटनास्थल से भाग निकला, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से भी हुई है। घटना स्थल के आस पास में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस को आरोपी की पहचान करने में मदद मिली। पुलिस ने लगातार छापामारी कर आरोपी को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। 

बता दें कि मोहम्मद शब्बीर की हत्या के बाद गुस्साए लोंगो ने शहर के कई जगहों पर प्रदर्शन किया था। घटना के बाद मृतक के घर नेताओं का आना जाना शुरू हो गया। इसके बाद पुलिस ने भी मामले की जांच तेज कर दी थी और आरोपी की पहचान के लिए कई टीमें लगा दी थी। 

रिपोर्ट- राजा बाबू, हाजीपुर

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।