1. Hindi News
  2. बिहार
  3. शादी वाले घर में पसरा मातम, दुल्हन की विदाई से पहले ही भाइयों की उठी अर्थी, शोक में डूबा गांव

शादी वाले घर में पसरा मातम, दुल्हन की विदाई से पहले ही भाइयों की उठी अर्थी, शोक में डूबा गांव

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : May 05, 2025 01:12 pm IST,  Updated : May 05, 2025 01:30 pm IST

हाजीपुर के चांदपुर गांव में एक बड़ी घटना हो गई। जिस घर में आज खुशियों की शहनाई बजनी थी और बहन की डोली उठनी थी, वहां भाइयों की अर्थी उठी।

सोनू कुमार, रंजन कुमार और राजीव कुमार- India TV Hindi
सोनू कुमार, रंजन कुमार और राजीव कुमार

बिहार के हाजीपुर में रफ्तार के कहर ने एक शादी समारोह को मातम में बदल दिया। एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई। यह दुखद घटना हाजीपुर के चांदपुर गांव की है, जहां शादी के जश्न में डूबे परिवार के बेटे के साथ उसके चचेरे भाई और दोस्त तीनों काल के गाल में समा गए।

तीनों युवकों की मौके पर ही मौत

दरअसल, दुल्हन का भाई सोनू कुमार (20), अपने चचेरे भाई 19 वर्षीय रंजन कुमार (जो लाल मोहन पासवान का पुत्र था), और एक दोस्त 18 वर्षीय राजीव कुमार (जो अवधेश पासवान का पुत्र था) के साथ बीती रात घर से दही खरीदने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि वे पूजा देखने भी जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

डोली उठने से पहले उठी अर्थी

आज उस घर में खुशियों की शहनाई बजनी थी, बहन की डोली उठनी थी, लेकिन विधि के विधान को कुछ और ही मंजूर था। बहन की शादी से पहले ही तीनों भाइयों की अर्थी उठ गई, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया। चीख-पुकार और मातम का माहौल छा गया। इस दुखद घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया। उन्होंने तीनों युवकों के शवों को सड़क पर रखकर राष्ट्रीय राजमार्ग 122B को जाम कर दिया। टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने-बुझाने की कोशिश की। काफी मान-मनौव्वल के बाद परिजन शांत हुए और उन्होंने सड़क खाली की। इसके बाद तीनों युवकों के शवों को अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।

टेंट और पंडाल से सजे हुए थे घर

मृतक सोनू कुमार दुल्हन का सगा भाई था। घर पर शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही थीं। टेंट और पंडाल सजे हुए थे। सोनू अपने दोस्तों के साथ बहन की शादी के लिए जरूरी सामान खरीदने बाजार जा रहा था, लेकिन किसे पता था कि यह उसकी जिंदगी की आखिरी रात होगी। बहन की विदाई से पहले ही भाई, उसके चचेरे भाई और दोस्त ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

(रिपोर्ट- राजा बाबू)

ये भी पढ़ें-

"100 पौधे लगाओ, अस्पताल की सफाई करो", जेल में बंद शख्स को इन शर्तों पर मिली जमानत

लाल किले पर कब्जे की मांग, मुगल बादशाह के वंशज की याचिका सुप्रीम कोर्ट से खारिज, CJI ने कहा- बेतुका

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।