गर्मी के मौसम में AC अब हर घर की जरूरत बनता जा रहा है। होम अप्लायंसेज बनाने वाली कंपनियां भी लोगों की जरूरत के हिसाब से एसी बना रही हैं। खास तौर पर मार्केट में इन दिनों आपको Window और Split AC के अलावा पोर्टेबल और टावर एसी भी मिल जाएंगे। हालांकि, आम तौर पर सबसे ज्यादा विंडो और स्प्लिट एसी का ही यूज लोग करते हैं। अगर, आप भी अपने घर में नया एसी लगाने की प्लानिंग कर रहे हैं और कमरा छोटा है, तो Window या Split में से कौन सा एसी लगाना सही रहेगा? आइए जानते हैं...
Window AC
Window AC की खास बात ये है कि इसकी कीमत Split AC की तुलना में कम होती है, जिसकी वजह से यह आपके बजट में आ सकता है। वहीं, इसे घर की खिड़की या दीवार के एक हिस्से पर आसानी से फिट किया जा सकता है। साथ ही, इसे एक जगह से दूसरे जगह ले जाना भी आसान है। इतनी खूबियों के अलावा इसकी कमी ये है कि स्प्लिट एसी के मुकाबले ये ज्यादा आवाज करता है, क्योंकि इसका कंप्रेसर और ब्लोअर एक ही बॉक्स में रहता है।
Split AC
यह एसी देखने में अच्छा होता है और इसे किसी भी कमरे में लगाया जा सकता है। इसे आप अंदर वाले कमरे में भी लगा सकते हैं, जहां खिड़की मौजूद नहीं होती है। इसकी वजह से लोग Split AC की डिमांड करते हैं। साथ ही, यह जब ऑन होता है तो बिलकुल भी आवाज नहीं करता है। इसका आउटडोर यूनिट आप कहीं भी लगा सकते हैं, क्योंकि यह इनडोर यूनिट से अलग होता है। कंप्रेसर भी आउटडोर यूनिट में रहता है, जिसकी वजह से यह साइलेंटली रूम को ठंडा करता है। इसकी खामियों की बात करें तो यह विंडो एसी के मुकाबले महंगा होता है। साथ ही, इसे एक जगह से दूसरे जगह मूव करना आसान नहीं है।
छोटे कमरे के लिए कौन सा एसी है बेहतर?
छोटे कमरे के लिए आम तौर पर विंडो एसी लगाना सही माना जाता है क्योंकि इसकी कीमत भी कम होती है और तुरंत कूलिंग भी मिलने लगती है। हालांकि, जहां विंडो एसी लगाना मुमकिन नहीं है वहां आप कम क्षमता के Split AC को भी लगवा सकते हैं। छोटे कमरों के लिए 0.8 या 1 टन का एसी पर्याप्त होता है। हालांकि, विंडो एसी में Split AC के मुकाबले ज्यादा बिजली की खपत होती है।
यह भी पढ़ें - P-टाइप या N-टाइप? कौन सा सोलर पैनल है बेहतर? छत पर लगाने से पहले समझें पूरा गणित