बिहार के मुंगेर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समृद्धि यात्रा के दौरान गरीबी की असली तस्वीर देखने को मिली। यहां सीएम के मौके से निकलते ही लोगों ने सब्जी से बनी रंगोली लूट ली। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो चर्चा में बना हुआ है। मुंगेर में समृद्धि यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए सब्जियों से रंगोली बनाई गई थी। इसमें आलू, प्याज, कद्दू, गाजर समेत कई तरह की सब्जियां सजाई गई थीं। हालांकि, जैसे ही सीएम वहां से निकले, वैसे ही लोगों ने सब्जियां लूटनी शुरू कर दीं और 2 मिनट के अंदर पूरी सब्जियां झोले में भरकर ले गए।
घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें लोगों को भाग-भागकर सब्जियां लूटते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान वह आपस में गाली-गलौज भी कर रहे हैं।
मुंगेर को 84 योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर बताया कि उन्होंने मुंगेर में 32 करोड़ रुपये की 26 योजनाओं का शिलान्यास और 87 करोड़ रुपये की 52 योजनाओं का उद्घाटन किया। जिले में भ्रमण के दौरान नवनिर्मित जिला उद्योग केन्द्र भवन का उद्घाटन, कष्टहरणी घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण, नवनिर्मित पशुपालन, मत्स्य एवं डेयरी उद्योग के संयुक्त भवन का उद्घाटन तथा प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं का निरीक्षण किया।
मुंगेर को 300 करोड़ की सौगात
सीएम नीतीश कुमार ने लखीसराय में 208 करोड़ रुपये की 144 योजनाओं का शिलान्यास और 118 करोड़ रुपये की 117 योजनाओं का उद्घाटन किया। भ्रमण के दौरान कजरा सोलर पावर प्लांट का निरीक्षण किया। साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं का शिलान्यास, उद्घाटन तथा निरीक्षण किया। नीतीश ने लिखा, "दोनों जिलों में समीक्षा बैठक के दौरान विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा सभी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। साथ ही दोनों जिलों में जन-संवाद कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ तथा लोगों को संबोधित भी किया।"
(मुंगेर से इम्तियाज खान की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
बिहार के CM नीतीश कुमार एक बार फिर बनेंगे जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष, दिल्ली में भरा नामांकन
'नीतीश ने सम्राट चौधरी को नए CM के रूप में पेश नहीं किया', बिहार के मंत्री का दावा