1. Hindi News
  2. बिहार
  3. नीतीश कुमार ने जातिगत जनगणना के लिए पीएम मोदी को कहा धन्यवाद, राजद पर साधा निशाना

नीतीश कुमार ने जातिगत जनगणना के लिए पीएम मोदी को कहा धन्यवाद, राजद पर साधा निशाना

 Edited By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jun 20, 2025 03:36 pm IST,  Updated : Jun 20, 2025 03:36 pm IST

देश में जातिगत जनगणना कराए जाने को लेकर सीएम नीतीश कुमार ने पीएम नरेंद्र मोदी को धन्यवाद कहा है। दरअसल पीएम नरेंद्र मोदी एक बार फिर बिहार के दौरे पर हैं।

Nitish Kumar thanked PM Modi for caste census targeted RJD- India TV Hindi
नीतीश कुमार ने जातिगत जनगणना के लिए पीएम मोदी को कहा धन्यवाद Image Source : PTI

बिहार में 4 महीने बाद विधानसभा चुनाव है। उससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज एक बार फिर बिहार दौरे पर हैं। पीएम मोदी के आगमन पर सीवान में जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि जाति जनगणना की घोषणा के लिए पीएम नरेंद्र मोदी का आभार। उन्होंने इसके लिए राज्य की जनता से भी आभार व्यक्त करने को कहा। इस दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने 5,900 करोड़ रुपये से अधिक की 28 विकास परियोजनाओं का शुरुआत की। सीएम नीतीश कुमार ने कहा, 'जाति जनगणना का आदेश देना एक बड़ी बात है। मैं इसके लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद देता हूं।'

जातिगत जनगणना नीतीश कुमार के लिए महत्वपूर्ण मुद्दा

सीएम नीतीश कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'आप सभी कृपया उनके प्रति अपना आभार व्यक्त करें।' बता दें कि नीतीश कुमार के लिए जाति गणना काफी महत्वपूर्ण मुद्दा रहा है। इससे पहले उन्होंने राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों से इसके पक्ष में प्रस्ताव पारित करवाए थे। भाजपा-जदयू गठबंधन कुछ महीने में होने वाले विधानसभा चुनाव में सत्ता बरकरार रखना चाहता है। गठबंधन को राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस और वाम दलों के गठबंधन से मजबूत चुनौती मिलने की उम्मीद है, जो दावा कर रहे हैं कि जाति जनगणना की घोषणा सरकार पर उनके अथक दबाव का परिणाम है।

नीतीश कुमार ने राजद पर साधा निशाना

इस दौरान नीतीश कुमार ने राजद का नाम लिए बगैर उनके शासनकाल पर निशाना साधा। नीतीश कुमार ने कहा, "जब तक हम सत्ता में नहीं आए थे, तब तक क्या सत्ता में बैठे लोगों को शासन की चिंता थी? कानून-व्यवस्था की स्थिति के कारण लोग अपने घरों से बाहर निकलने से डरते थे। आज लड़के, लड़कियां और बहुत सारी महिलाएं बिना किसी डर के जी रही हैं जबकि पहले ऐसा नहीं होता था।" उन्होंने राज्य को दी गई उदार सहायता के लिए मोदी सरकार की भी प्रशंसा की और विश्वास व्यक्त किया कि "केंद्र की मदद से बिहार नयी ऊंचाइयों को छुएगा।” 

(इनपुट-भाषा)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।