1. Hindi News
  2. बिहार
  3. PK On Nitish Kumar: 'नीतीश कुमार पर दिखने लगा उम्र का असर, अकेले पड़ने से कुछ भी बोल रहे', जानें प्रशांत किशोर ने पलटवार में और क्या कहा

PK On Nitish Kumar: 'नीतीश कुमार पर दिखने लगा उम्र का असर, अकेले पड़ने से कुछ भी बोल रहे', जानें प्रशांत किशोर ने पलटवार में और क्या कहा

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Oct 09, 2022 12:28 pm IST,  Updated : Oct 09, 2022 12:38 pm IST

PK On Nitish Kumar: नीतीश कुमार द्वारा दिए गए बयान के बाद प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने उनको जवाब दिया है। प्रशांत ने कहा है कि उन पर (Nitish Kumar) अब उम्र का असर होने लगा है। दोनों के बीच की बयानबाजी सियासी गलियारों में सुर्खियां बटोर रही है।

PK On Nitish Kumar- India TV Hindi
PK On Nitish Kumar Image Source : INDIA TV GFX

Highlights

  • नीतीश कुमार पर अब धीरे-धीरे उनकी उम्र का असर दिखने लगा: प्रशांत किशोर
  • वे अकेले पड़ गए हैं, जिस कारण से वह कुछ भी बोल रहे: प्रशांत किशोर
  • नीतीश कुमार ने कहा था- प्रशांत किशोर ने जेडीयू को कांग्रेस में मर्ज करने के लिए कहा था

PK On Nitish Kumar: चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने बिहार के सीएम नीतीश कुमार पर पलटवार किया है और कहा है कि नीतीश कुमार पर अब धीरे-धीरे उनकी उम्र का असर दिखने लगा है। वे अकेले पड़ गए हैं, इस वजह से वह कुछ भी बोल रहे हैं। बता दें कि शनिवार को सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने कहा था कि प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने जेडीयू को कांग्रेस में मर्ज करने के लिए कहा था। 

प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने कहा, 'नीतीश कुमार (Nitish Kumar) पर अब धीरे-धीरे उनकी उम्र का असर दिखने लगा है। वे अकेले पड़ गए हैं, जिस कारण से वह कुछ भी बोल रहे है। वे कह रहे हैं कि मैं BJP के एजेंडे पर काम कर रहा हूं, फिर खुद ही कहते हैं कि मैंने उन्हें कांग्रेस के साथ विलय करने को कहा मैं अगर BJP के एजेंडे पर काम करूंगा तो कांग्रेस और JDU को मजबूत करने के लिए उन्हें एक साथ विलय करने को क्यों कहूंगा।'

नीतीश कुमार ने शनिवार को क्या कहा

बिहार के सीएम नीतीश कुमार (Nitish Kumar) ने चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर को लेकर शनिवार को बयान दिया था। उन्होंने कहा था, 'प्रशांत किशोर बीजेपी के लिए काम कर रहा है। कुछ दिन पहले मेरे पास भी आया था। बहुत पहले उसने हमसे कहा था कि JDU पार्टी को कांग्रेस में मर्ज कर लीजिए। मेरे साथ घर में रहता था, क्या बोलें उसके बारे में। वह बीजेपी के हिसाब से काम कर रहा है।' वहीं नीतीश ने तेजस्वी यादव के मामले पर कहा था कि बीजेपी के पास कुछ बोलने को नहीं होता है। 5 साल पहले का मामला है, पहले क्यों नहीं चार्जशीट की।

प्रशांत ने तेजस्वी पर साधा था निशाना

प्रशांत किशोर ने शुक्रवार को राष्ट्रीय जनता दल के नेता और बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर निशाना साधा था। दरअसल प्रशांत किशोर अपनी जनसुराज पदयात्रा पर हैं। इस दौरान वे गांव-गांव जाकर जमीन से जुड़े लोगों से मुलाकात कर रहे हैं। प्रशांत किशोर ने परिवारवाद की राजनीति पर निशाना साधते हुए कहा था, 'लालूजी का लड़का 9वीं पास है और वो उपमुख्यमंत्री है, अगर आपका बच्चा 9वीं पास होगा तो क्या उसे चपरासी की भी नौकरी मिलेगी? बताइए जरा। मिलना चाहिए कि नहीं। जिसके पापा विधायक, जिसके बाबूजी मंत्री-मुख्यमंत्री, और वो नौवीं फेल भी रहे तो उसको नौकरी मिल जाती है। और वो राजा बनकर रहता है। ये बदलना चाहिए कि नहीं।'

प्रशांत ने पलायन के मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि 6 महीने से 1 साल के भीतर उन सभी युवाओं को बिहार वापस लाने का प्रयास करेंगे जो रोजगार के अभाव में परिवार से दूर रोजी रोटी की तलाश में दिल्ली-मुंबई में काम करते हैं।

जन सुराज यात्रा निकाल रहे हैं प्रशांत किशोर 

प्रशांत किशोर इन दिनों बिहार में जन सुराज पदयात्रा पर हैं। 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी की कर्मभूमि पश्चिम चंपारण के भितिहारवा से पीके पदयात्रा पर निकले हैं। प्रशांत किशोर प्रतिदिन लगभग 10 किलोमीटर की पदयात्रा करते हैं और लोगों से जनसंवाद करते हैं। प्रशांत किशोर इस यात्रा के दौरान 3500 किमी का सफर तय करने वाले हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।