1. Hindi News
  2. बिहार
  3. पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम, बारातियों ने चोरों के मंसूबों पर फेरा पानी, CCTV फुटेज वायरल

पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम, बारातियों ने चोरों के मंसूबों पर फेरा पानी, CCTV फुटेज वायरल

 Published : Jul 03, 2026 10:24 pm IST,  Updated : Jul 03, 2026 11:13 pm IST

2 जुलाई की रात पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम हुई, लेकिन बारातियों की नजर और पुलिस की सक्रियता से यह वारदात विफल हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

PNB bank robbery attempt- India TV Hindi
पंजाब नेशनल बैंक में चोरी की कोशिश नाकाम Image Source : REPORTER INPUT

बिहार के सुपौल जिले में पंजाब नेशनल बैंक शाखा में चोरी की बड़ी कोशिश नाकाम हो गई। बारात से लौट रहे लोगों की सतर्कता और पुलिस की रात्रि गश्ती के चलते चोर अपने मंसूबों में सफल नहीं हो पाए। घटना का CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। सुपौल के छातापुर थाना क्षेत्र के महद्दीपुर बाजार स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा में 2 जुलाई की रात चोरों ने चोरी का प्रयास किया, लेकिन बारातियों ने चोरों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सुबह छातापुर थाना पुलिस और त्रिवेणीगंज एसडीपीओ विभाष कुमार ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया और छानबीन की।

बारातियों ने पकड़ी संदिग्ध गतिविधि

जानकारी के अनुसार, 2 जुलाई की देर रात बारात से महद्दीपुर लौट रहे एक कार सवार लोगों की नजर बैंक के खुले हुए शटर पर पड़ी। स्थानीय चौकीदार को खोजते हुए कार सवारों ने बैंक से करीब 200 मीटर पूरब जामा मस्जिद चौक तक गए। वहां से चौकीदार को साथ कर वापस बैंक के पास लौटे। तब देखा कि बैंक के मुख्य गेट के शटर का ताला टूटा हुआ था और शटर खुला था।

ग्रिल काटने की कोशिश

बताया जा रहा है कि चोर शटर का ताला तोड़कर अंदर लगे ग्रिल का ताला काट रहे थे। इसी दौरान बारात की गाड़ी की रोशनी देखकर वे बगल के पटुआ खेत में छिप गए। इसके बाद कार सवार एक व्यक्ति ने मकान मालिक मंजर खान को फोन कर घटना की जानकारी दी। मंजर खान ने तुरंत थाने को सूचित किया।

CCTV कैमरे तोड़े, बिजली भी काटी गई

बताया जा रहा है कि चोरों ने वारदात से पहले बैंक के बाहर लगे एक सीसीटीवी कैमरे को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया और दूसरा कैमरा अपने साथ ले गए। साथ ही बैंक की बिजली आपूर्ति भी मीटर के पास से मेन लाइन काटकर बंद कर दी थी। गनीमत रही कि चोर बैंक के अंदर प्रवेश नहीं कर पाए और कोई नकदी या सामान की चोरी नहीं हुई।

पुलिस की गश्त से विफल हुई बड़ी साजिश

इस संदर्भ में पूछने पर एएसपी सह एसडीपीओ विभाष कुमार ने बताया कि घटना की गहन छानबीन की जा रही है। बैंक के अलावा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चोरों की करतूत बैंक में लगे अन्य सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई जो अब वायरल हो रहा है। हालांकि, अब इस घटना को लेकर सुपौल एसपी शरथ आर एस ने भी स्थिति स्पष्ट किया है। उन्होंने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि छातापुर थाना क्षेत्र स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) की महदीपुर शाखा में चोरी का प्रयास पुलिस की सतर्कता से विफल हो गया।

गश्त के दौरान मौके से भागे बदमाश

पुलिस के अनुसार, कुछ अज्ञात बदमाश सुनसान रात का फायदा उठाकर बैंक के मुख्य शटर को काटकर अंदर प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान रात्रि गश्ती पर निकली छातापुर थाना पुलिस बैंक के पास पहुंची। संदिग्ध गतिविधि देख पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की, लेकिन पुलिस को देखते ही बदमाश अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गए।

फरार आरोपियों की तलाश जारी

पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बैंक में संभावित बड़ी चोरी की घटना टल गई। सूचना मिलते ही थाना के वरीय अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बैंक परिसर सहित आसपास के इलाके का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने बताया कि फरार अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए तकनीकी एवं मानवीय आसूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की जा रही है।

(रिपोर्ट- Sant Saroj)

ये भी पढ़ें-  ममेरी बहन से प्यार, फिर अश्लील वीडियो की धमकी, मामा ने रची भांजे की हत्या की साजिश

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।